अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव का निधन

प्रतीक यादव

इमेज स्रोत, Facebook/@iamprateekyadav

    • Author, सैयद मोज़िज़ इमाम
    • पदनाम, बीबीसी हिन्दी के लिए
  • पढ़ने का समय: 1 मिनट

समाजवादी पार्टी के प्रमुख और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव का बुधवार को निधन हो गया है.

परिवार के करीबी लोगों ने बताया कि अचानक तबीयत खराब होने की वजह से प्रतीक यादव को लखनऊ स्थित सिविल अस्पताल लाया गया था.

उनकी मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है.

समाजवादी पार्टी (सपा) ने अपने एक्स हैंडल पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, "श्री प्रतीक यादव जी का निधन ह्रदय विदारक है. भगवान उनकी आत्मा को शांति दे. विनम्र श्रद्धांजलि."

प्रतीक यादव भारतीय जनता पार्टी की नेता अपर्णा यादव के पति थे. वह मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे. साधना गुप्ता का निधन साल 2022 में हुआ था.

प्रतीक की पत्नी अपर्णा यादव बीजेपी की नेता हैं और राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं.

प्रतीक यादव व्यवसायी और फिटनेस फ्रीक थे.

अधिकारियों ने बताया कि प्रतीक यादव का शव पोस्टमार्टम के लिए केजीएमयू भेजा गया है.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतीक यादव के निधन पर शोक व्यक्त किया है.

आदित्यनाथ ने एक्स हैंडल पर शोक संदेश में लिखा, "उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, 'पद्म विभूषण', स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव जी के पुत्र एवं उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती अपर्णा यादव जी के पति श्री प्रतीक यादव जी का आकस्मिक निधन अत्यंत दुःखद है. विनम्र श्रद्धांजलि. मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं."

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.