सायरस में 'विश्वास जताया' निदेशकों ने

प्रकाशित

टाटा समूह का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा. अब टाटा समूह की एक कंपनी इंडियन होटल्स के छह स्वतंत्र निदेशकों ने टाटा संस के चेयरमैन पद से हटाए गए सायरस मिस्त्री का समर्थन किया है.

टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार इन छह निदेशक - नादिर गोदरेज, दीपक पारेख, केके दादीसेठ, आयरिना विट्ठल, गौतम बनर्जी और विभा पॉल रिशी ने कंपनी के मुख्यालय में मुलाकात की और सायरस के उठाए गए कदमों की प्रशंसा की.

द हिंदू की ख़बर में कहा गया है कि निदेशकों के इस कदम को देखते हुए लगता है कि टाटा समूह में सायरस को हटाने से शुरु हुआ विवाद एक लंबी कानूनी लड़ाई में तब्दील हो सकता है.

इतना ही नहीं अंतरिम चेयरमैन रतन टाटा चाहते थे कि सायरस कंपनी के बाकी पदों से भी इस्तीफा दें, लेकिन उन्होंने टाटा ग्लोबल बीवरेज की बोर्ड मीटिंग में हिस्सा लेकर इन अटकलों को खारिज कर दिया है.

इसके अलावा रिलायंस और उसकी सहयोगी कंपनियों पर करीब डेढ़ अरब डॉलर के जुर्माने को भी कुछ अखबारों ने प्रमुखता दी है.

इंडियन एक्सप्रेस की खबर में कहा गया है कि ओएनजीसी की गैस का इस्तेमाल करने के कारण रिलायंस और उनके पार्टनरों पर जुर्माना लगाया गया है.

टाइम्स ऑफ इंडिया ने इस ख़बर को एक कॉलम की जगह दी है और कहा है कि सरकार ने आरआईएल से जुर्माना भरने को कहा.

अन्य ख़बरों में सभी अखबारों ने दिल्ली के स्मॉग को फिर जगह दी है

टाइम्स ऑफ इंडिया की पहली ख़बर ही स्मॉग पर है और कहा गया है कि दस महीने बर्बाद किए गए और प्रदूषण रोकने के लिए 42 सूत्री प्लान धुआं बन गया.

हिंदुस्तान टाइम्स लिखता है कि दिल्ली सांस लेने को बेचैन.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)