लाइव , राहुल गांधी की पोस्ट पर एमके स्टालिन ने दिया ये जवाब

तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने एक्स पर राहुल गांधी की एक पोस्ट को शेयर कर टिप्पणी की है.

सारांश

वीडियो छोड़ें और जारी रखें
  • रेयर टर्टल
  • सीडीएस सुब्रमणि
  • उतकियागविक
  • क्यों झड़ते हैं लोगों के बाल
  • डीलिमिटेश बिल पर बोलीं सुप्रिया सुले
  • मीडिया के लिए खुला केजरीवाल का पुराना आवास
  • मध्य प्रदेश के सागर में शराब न पीने को लेकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है.

लाइव कवरेज

चंदन कुमार जजवाड़े

  1. टीएमसी के बाग़ी सांसदों को लेकर अभिषेक बनर्जी ने लोकसभा अध्यक्ष को लिखी चिट्ठी

    अभिषेक बनर्जी ने टीएमसी से अलग हुए सांसदों को वोटिंग से दूर रखने की मांग की है
    इमेज कैप्शन, अभिषेक बनर्जी ने टीएमसी से अलग हुए सांसदों को वोटिंग से दूर रखने की मांग की है (फ़ाइल फ़ोटो)

    संसद के विशेष सत्र से पहले टीएमसी के बाग़ी सांसदों को लेकर अभिषेक बनर्जी ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को चिट्ठी लिखी है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ अभिषेक बनर्जी ने लिखा, "एनसीपीआई में शामिल हुए तृणमूल कांग्रेस (एआईटीसी) के 20 सांसदों को संसद के आगामी सत्रों में मतदान करने की अनुमति न दी जाए, क्योंकि उनके ख़िलाफ़ अयोग्यता संबंधी याचिकाएं अभी भी लंबित हैं."

    अभिषेक बनर्जी ने सदन में इन सांसदों के लिए की गई अलग बैठने की व्यवस्था की भी तत्काल समीक्षा करने की मांग की है.

    ग़ौरतलब है कि कल से संसद का विशेष सत्र आयोजित होना है, जिसमें डीलिमिटेशन समेत अन्य बिल पेश किए जाएंगे.

    पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के नतीजे आने के बाद जून महीने में पार्टी के कई सांसदों ने अपना गुट बना लिया था.

    इन लोगों ने बाद में एनसीपीआई नाम की एक पार्टी में अपने गुट के विलय की घोषणा की थी.

    टीएमसी की लोकसभा सांसद काकोली घोष दस्तीदार ने दावा किया था कि उनके साथ 20 सांसद हैं और उन्होंने लोकसभा स्पीकर से सदन में अलग बिठाने की मांग की थी.

  2. राहुल गांधी की पोस्ट पर एमके स्टालिन ने दिया ये जवाब

    राहुल गांधी समेत इंडिया ब्लॉक के कई बड़े नेता स्टालिन से मिलने चेन्नई जा रहे हैं
    इमेज कैप्शन, राहुल गांधी समेत इंडिया ब्लॉक के कई बड़े नेता स्टालिन से मिलने चेन्नई जा रहे हैं

    तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने एक्स पर राहुल गांधी की एक पोस्ट को शेयर कर टिप्पणी की है.

    स्टालिन ने कहा, "संविधान और राज्यों के अधिकारों की रक्षा में डीएमके की ऐतिहासिक भूमिका को स्वीकार करने के लिए मैं अपने भाई राहुल गांधी का हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं. हमने हमेशा हर फैसला तमिलनाडु और अपने तमिल लोगों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए लिया है."

    स्टालिन का कहना है कि 'हम इस रास्ते पर कभी समझौता नहीं करेंगे.'

    इससे पहले कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा, "इंडिया गठबंधन के वरिष्ठ नेता और मैं थिरू एमके स्टालिन से मुलाक़ात करने और उनसे डीएमके से परिसीमन संबंधी संवैधानिक संशोधन विधेयकों का विरोध करने का अनुरोध करने के लिए चेन्नई जा रहे हैं."

    राहुल गांधी ने लिखा, "850 सीटों तक विस्तार भारत में लोकतंत्र को समाप्त कर देगा. इससे बीजेपी-आरएसएस को अपने फायदे के लिए भारत के पूरे चुनावी नक्शे को नए सिरे से तैयार करने की असीमित छूट मिल जाएगी."

    "भाई स्टालिन हमेशा तमिल विरोधी ताक़तों के ख़िलाफ़ चट्टान की तरह खड़े रहे हैं. राष्ट्रीय हित में, तमिलनाडु के हित में और संविधान की रक्षा के लिए हमें इस विधेयक को मिलकर हराना होगा."

  3. संजय सिंह ने कहा- आबादी बढ़ी तो स्कूल, अस्पताल और नौकरी नहीं, सांसद बढ़ाए जा रहे

    संजय सिंह
    इमेज कैप्शन, संजय सिंह ने अमेरिका में आबादी बढ़ने की तुलना भारत में चल रही सियासी हलचल से की (फ़ाइल फ़ोटो)

    आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा है कि अमेरिका में 1929 के बाद देश की जनसंख्या बढ़ी लेकिन वहां सांसदों की संख्या नही बढ़ाई गई.

    संजय सिंह ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "भारत में जनसंख्या बढ़ी, लेकिन जनता के लिए डॉक्टर, टीचर, स्कूल, अस्पताल और युवाओं के लिए नौकरी नही बढ़ाई जा रही. बीजेपी को जिताने के लिए सांसद बढ़ाए जा रहे हैं."

    30 नवंबर यानी सोमवार को संसद का विशेष सत्र आयोजित है जिसमें डीलिमेटेशन बिल पेश किया जाएगा.

    केंद्र सरकार जिस डीलिमिटेशन बिल को पास कराना चाहती है उसके मुताबिक़ देश में लोकसभा सीटों की संख्या 543 से बढ़कर 850 तक हो सकती है.

  4. अभिजीत दीपके ने कहा- डीलिमिटेशन के बाद मंत्रियों की संख्या 81 से बढ़कर 122 हो जाएगी

    दीपके ने डीलिमिटेशन पर सवाल उठाए हैं
    इमेज कैप्शन, दीपके ने डीलिमिटेशन पर सवाल उठाए हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में डीलिमिटेशन से सरकारी ख़र्च बढ़ने पर टिप्पणी की है.

    दीपके ने लिखा, "सरकार मंत्रिपरिषद (वर्तमान में 68 मंत्री) पर हर साल करदाताओं के 620 करोड़ ख़र्च करती है. औसतन, प्रत्येक मंत्री पर हर साल करदाताओं के 9.1 करोड़ रुपये ख़र्च होते हैं."

    "परिसीमन के बाद मंत्रियों की अधिकतम संख्या 81 से बढ़कर 122 हो सकती है. 41 अतिरिक्त मंत्रियों पर सरकार हर साल अनुमानित 374 करोड़ रुपये और ख़र्च कर सकती है."

    अभिजीत दीपके का कहना है कि लोकसभा और मंत्रिपरिषद का विस्तार करने का मतलब केवल इतना होगा कि आम जनता को कुछ भी हासिल नहीं होगा.

  5. आकाश दीप के हेलमेट पर लगी गेंद, प्रसिद्ध कृष्णा बने कनकशन सब्स्टीट्यूट

    आकाश दीप
    इमेज कैप्शन, भारत की पहली पारी के दौरान बैटिंग करते हुए आकाश दीप के हैलमेट पर गेंद लगी थी

    न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ क्राइस्टचर्च में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन बल्लेबाज़ी के दौरान भारतीय खिलाड़ी आकाश दीप चोटिल हो गए.

    बीबीसीआई के मुताबिक़, आकाश दीप के हेलमेट पर गेंद लगी. इसके बाद प्रसिद्ध कृष्णा को उनकी जगह कनकशन सब्स्टीट्यूट के तौर पर टीम में शामिल किया गया.

    बीसीसीआई की मेडिकल टीम आकाश दीप की निगरानी कर रही है.

    खेल पत्रकार हर्षा भोगले ने एक्स पर लिखा, "भारत के लिए कनकशन सब्स्टीट्यूट! आकाश दीप की जगह प्रसिद्ध कृष्णा टीम में आए हैं."

    "सिराज के साथ निश्चित रूप से कोई गंभीर समस्या है, जिसके चलते उन्हें खेलने के लायक नहीं माना जा रहा है. पहली पारी में आकाश दीप भारत के सबसे अच्छे गेंदबाज़ थे, इसलिए उनका बाहर होना टीम के लिए बड़ा नुकसान है."

    न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ खेले जा रहे इस मैच में भारत की ओर से ध्रुव जुरेल (88) के बाद सबसे ज़्यादा 29 रन आकाश दीप ने बनाए.

    भारत की टीम पहली पारी के आधार पर न्यूज़ीलैंड से 110 रन पीछे रह गई.

  6. समाजवादी पार्टी ने संसद के विशेष सत्र के लिए जारी किया व्हिप

    अखिलेश यादव
    इमेज कैप्शन, समाजवादी पार्टी ने पिछले लोकसभा चुनाव में 37 सीटें जीती थीं

    समाजवादी पार्टी के चीफ़ व्हिप धर्मेंद्र यादव ने लोकसभा के सभी पार्टी सांसदों को व्हिप जारी कर विशेष सत्र के दौरान सदन में मौजूद रहने और सरकार के विधेयकों के ख़िलाफ़ मतदान करने को कहा है.

    शनिवार को जारी व्हिप के मुताबिक़, संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से 3 दिसंबर 2026 तक प्रस्तावित है.

    इस दौरान सरकार संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026, परिसीमन (दूसरा) विधेयक, 2026 और संघ राज्य क्षेत्र विधि (संशोधन) दूसरा विधेयक, 2026 लाने जा रही है.

    धर्मेंद्र यादव ने पार्टी के सभी लोकसभा सदस्यों को निर्देश दिया है कि वे सत्र के दौरान पूरे समय सदन में मौजूद रहें और मतदान के समय इन विधेयकों के विरोध में वोट करें.

    साल 2024 के लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी ने 37 सीटें जीती थीं.

  7. दिल्ली: ई-रिक्शा चार्जिंग पाइंट में आग लगने से चार लोगों की मौत, दो घायल

    पुलिस के मुताबिक़ शुरुआती जांच में हादसा ई-रिक्शा चार्जिंग पॉइंट में आग लगने से हुई
    इमेज कैप्शन, पुलिस के मुताबिक़ शुरुआती जांच में हादसा ई-रिक्शा चार्जिंग पॉइंट में आग लगने से हुई

    दिल्ली के विश्वास नगर इलाक़े में आग लगने से हुए हादसे में चार लोगों की मौत हो गई है, जबकि हादसे में दो लोग घायल भी हुए हैं.

    डीसीपी (शहादरा) राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया, "सुबह 4:20 पर आग लगने की सूचना आई, यह घटना विश्वास नगर की गली नंबर 11 में हुई है. मौक़े पर जाकर देखा गया तो चार लोगों की मौत हुई है, बाक़ी दो घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनकी हालत स्थिर है."

    राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया बताया, "शुरुआती तौर पर देखने में लगता है कि नीचे ई-रिक्शा चार्जिंग के पाइंट थे उन्हीं में आग लगी है. जो लोग मकान में पहली मंज़ील पर सो रहे थे, वही हादसे का शिकार हुए हैं."

  8. भारत 246 रनों पर ऑल आउट, दूसरी पारी में न्यूज़ीलैंड को शुरुआती झटके

    भारत की ओर से सबसे ज़्यादा 88 रन ध्रुव जुरेल ने बनाए
    इमेज कैप्शन, भारत की ओर से सबसे ज़्यादा 88 रन ध्रुव जुरेल ने बनाए

    भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच की पहली पारी में भारत की टीम 246 रनों पर ऑल आउट हो गई है.

    इस तरह क्राइसचर्च में खेले जा रहे इस मुक़ाबले में पहली पारी के आधार पर न्यूज़ीलैंड को 110 रनों की बढ़त मिल गई है.

    भारत की ओर से सबसे ज़्यादा 88 रन ध्रुव जुरेल ने बनाए. उनके अलावा भारत का कोई भी बल्लेबाज़ विकेट पर टिक नहीं पाया.

    पहली पारी में न्यूज़ीलैंड की टीम ने 356 रन बनाए थे. न्यूज़ीलैंड की तरफ़ से पहली पारी में टॉम ब्लंडेल ने सबसे ज़्यादा 89 रन बनाए. कप्तान टॉम लैथम ने 59 रन की पारी खेली.

    ख़बर लिखे जाने तक न्यूज़ीलैंड की टीम ने दूसरी पारी में 2 विकेट के नुक़सान पर 63 रन बना लिए हैं और उसकी बढ़त 173 रनों की हो गई है. दोनों ही विकेट जसप्रीत बुमराह ने लिए हैं.

    भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच वेलिंगटन में खेला गया पहला टेस्ट मैच ड्रॉ रहा था.

  9. ईरान ने होर्मुज़ स्ट्रेट के ऊपर एक टोही ड्रोन को मार गिराने का किया दावा

    हाल के हफ़्तों में, ईरान ने बार-बार होर्मुज़ स्ट्रेट और आसपास के क्षेत्रों में अमेरिकी ड्रोन को मार गिराने का दावा किया है
    इमेज कैप्शन, हाल के हफ़्तों में, ईरान ने बार-बार होर्मुज़ स्ट्रेट और आसपास के क्षेत्रों में अमेरिकी ड्रोन को मार गिराने का दावा किया है (फ़ाइल फ़ोटो)

    ईरानी सेना ने कहा है कि उसने होर्मुज़ स्ट्रेट और फ़ारस की खाड़ी के जलक्षेत्र के ऊपर एक टोही ड्रोन को मार गिराया है.

    बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, तसनीम न्यूज़ एजेंसी ने बताया है कि सेना के जनसंपर्क विभाग ने एक बयान में कहा, "इस 'शत्रु' ड्रोन को देश में विकसित किए गए एयर डिफ़ेंस सिस्टम के ज़रिए पहचाना गया और उसे नष्ट कर दिया गया.''

    बयान में ड्रोन के प्रकार या घटना के सटीक समय का ज़िक्र नहीं किया गया.

    हाल के हफ़्तों में, ईरान ने बार-बार होर्मुज़ स्ट्रेट और आसपास के क्षेत्रों में अमेरिकी ड्रोन को मार गिराने का दावा किया है.

    इससे पहले शुक्रवार को, ईरान ने बताया था कि उसने सिस्तान और बलूचिस्तान प्रांत में एक "शत्रु" ड्रोन को रोका और उसे सुरक्षित रूप से मार गिराया.

  10. इसराइल में सरकार बनाने के लिए आज़नकोट ने नेतन्याहू को वार्ता के लिए बुलाया

    इसराइल में नई सरकार के गठन को लेकर सियासी खींचतान तेज हो गई है
    इमेज कैप्शन, इसराइल में नई सरकार के गठन को लेकर सियासी खींचतान तेज हो गई है

    इसराइल में में विपक्षी गठबंधन के नेता गादी आइज़नकोट ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में बताया है कि उन्होंने बिन्यामिन नेतन्याहू को विस्तृत प्रस्ताव भेजा था, लेकिन उन्हें अब तक जवाब नहीं मिला है.

    गादी आइज़नकोट ने लिखा, "इसराइल को जिस एकता की जरूरत है, मैं उसके लिए प्रतिबद्ध हूं और इसके लिए राजनीतिक कीमत चुकाने को भी तैयार हूँ. पिछले रविवार को नेतन्याहू के अनुरोध पर स्थापित एक गुप्त माध्यम के जरिए उन्हें एक विस्तृत प्रस्ताव भेजा गया था, जिसमें महत्वपूर्ण मुद्दों को शामिल किया गया था."

    "कुछ मामलों में हमने समझौते के लिए महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे थे. यह सब एक और गठबंधन समझौते पर हस्ताक्षर करने से पहले किया गया था. लेकिन अब तक हमें इन मुद्दों पर कोई जवाब नहीं मिला है."

    गादी आइज़नकोट ने आगे लिखा है, "अगर लिकुड पार्टी वास्तविक एकता के लिए तैयार है, तो मैं अगले 24 घंटों में उसके इरादों की गंभीरता को परखने के लिए तैयार हूँ. मैं नेतन्याहू और उनकी टीम को आज रात हर्जलिया स्थित डैन अकाडिया होटल में आमंत्रित करता हूँ, जहां मैं अपनी वार्ता टीम के साथ ठहरा हुआ हूँ."

    इसराइल में नई सरकार के गठन को लेकर सियासी खींचतान लगातार जारी है.

    इसराइली मीडिया ने रिपोर्ट किया है कि उन्होंने विपक्षी नेता और प्रधानमंत्री पद के प्रबल दावेदार गादी आइज़नकोट को पीएम पद के लिए रोटेशन का प्रस्ताव दिया है.

    इसके तहत पहले दो साल आइज़नकोट और अगले दो साल नेतन्याहू प्रधानमंत्री रह सकते हैं. हालांकि, कुछ मुद्दे ऐसे हैं जिनकी वजह से नेतन्याहू और आइज़नकोट के बीच असहमतियां बरकरार हैं.

  11. ममता बनर्जी दिल्ली पहुंचीं, बोलीं- जल्दी आने को कहा गया था

    ममता बनर्जी के महिला आरक्षण के सरकार के दावों को झूठ बताया
    इमेज कैप्शन, ममता बनर्जी के महिला आरक्षण के सरकार के दावों को झूठ बताया (फ़ाइल फ़ोटो)

    पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और टीएमसी (ममता बनर्जी गुट) की प्रमुख ममता बनर्जी शनिवार रात दिल्ली पहुंची हैं.

    ममता बनर्जी ने कहा है कि इंडिया गठबंधन की रविवार की मीटिंग के बारे में उन्हें कुछ नहीं पता है, लेकिन उन्हें जल्द से जल्द आने के लिए कहा गया था.

    उन्होंने बताया, "मुझे जल्दी से आने के लिए कहा गया, मैं चली आई. अब जाकर पता करती हूं कि क्या बात है."

    ममता बनर्जी ने 'नारी शक्ति' को लेकर कहा कि महिला शक्ति का बिल साल 2024 में पास हो चुका है, सरकार ग़लत बात कर रही है.

    इससे पहले शनिवार को भी राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नई दिल्ली स्थित आवास पर इंडिया ब्लॉक के नेताओं की बैठक हुई.

    इसके बाद परिसीमन की प्रस्तावित प्रक्रिया को लेकर इंडिया ब्लॉक ने केंद्र सरकार के सामने तीन प्रमुख मांगें रखी हैं.

    विपक्षी दलों ने लोकसभा की मौजूदा सदस्य संख्या बरकरार रखने, वर्तमान सीटों के आधार पर ही महिलाओं को आरक्षण देने और अगले 25 वर्षों तक राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा आवंटन बनाए रखने की मांग की है.

  12. म्यांमार में शादी समारोह स्थल और स्कूल पर सेना की बमबारी में दर्जनों लोगों की मौत, जैक बर्गेस और बीबीसी बर्मीज

    म्यांमार की सैन्य नेतृत्व वाली सरकार ने इन हमलों पर कोई टिप्पणी नहीं की है.
    इमेज कैप्शन, म्यांमार की सैन्य नेतृत्व वाली सरकार ने इन हमलों पर कोई टिप्पणी नहीं की है

    भारत के पड़ोसी देश म्यांमार में सेना के हवाई हमलों में कई लोगों की मौत हो गई है. इन हमलों के निशाने में एक शादी समारोह स्थल और एक स्कूल भी शामिल हैं.

    बचावकर्मियों ने बताया कि शनिवार दोपहर देश के दक्षिणी शान राज्य के मोए बाय गांव में शादी समारोह स्थल पर हुए हमले में कम से कम 21 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कम से कम 35 अन्य लोग घायल हुए हैं.

    म्यांमार की निर्वासित नेशनल यूनिटी गवर्नमेंट (एनयूजी) के अनुसार, गुरुवार को मध्य म्यांमार के मगवे क्षेत्र के इन योन गांव में एक स्कूल पर हवाई हमला हुआ, जिसमें छात्रों, युवा बौद्ध भिक्षुओं और शिक्षकों सहित कम से कम 20 नागरिकों की मौत हो गई.

    म्यांमार की सैन्य नेतृत्व वाली सरकार ने इन हमलों पर कोई टिप्पणी नहीं की है.

    सेना ने शनिवार शाम को पश्चिमी म्यांमार के रखाइन राज्य के म्राउक-यू शहर में भी हवाई हमले किए.

    स्थानीय समयानुसार रात शहर के एक रिहायशी इलाके पर बमबारी की गई. ख़बरों के मुताबिक़, इस हमले में 10 से अधिक लोगों की मौत हो गई और करीब 20 अन्य घायल हो गए.

    यह इलाका अराकान आर्मी (एए) के नियंत्रण में है. यह देश के सैन्य शासन के ख़िलाफ़ लड़ने वाली सबसे मजबूत विद्रोही बलों में से एक है.

    साल 2021 में हुए सैन्य तख्तापलट के बाद से देशभर में लगभग हर दिन सैन्य हवाई हमले हो रहे हैं. इस तख्तापलट में पूर्व नेता आंग सान सू की के नेतृत्व वाली निर्वाचित नागरिक सरकार को सत्ता से हटा दिया गया था, जिसके बाद देश लंबे गृहयुद्ध में घिर गया.

  13. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    पिछले लाइव पोस्ट की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें.