सेंट पीटर्सबर्ग पर यूक्रेन के हमले के बाद रूस ने लोगों से क्या अपील की
इमेज स्रोत, X/ @ZelenskyyUa
इमेज कैप्शन, राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने सोशल मीडिया पर अज्ञात जगहों का एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें ड्रोन और धमाके दिखाई दे रहे हैं
रूसी अधिकारियों का कहना है कि यूक्रेन ने सेंट पीटर्सबर्ग और उसके आसपास के इलाकों पर "अप्रत्याशित हमला" किया है. यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब शहर में रूस के सालाना इकोनॉमिक फ़ोरम की बैठक चल रही है.
लेनिनग्राद के गवर्नर अलेक्जेंडर ड्रोज़्देन्को के मुताबिक, सेंट पीटर्सबर्ग के आसपास स्थित लेनिनग्राद क्षेत्र में 140 से अधिक ड्रोन मार गिराए गए. वहीं शहर के गवर्नर अलेक्जेंडर बेगलोव ने वहां के लोगों से घरों के भीतर रहने की अपील की.
जंग शुरू होने के चार साल बाद पहली बार ऐसी चेतावनी जारी की गई है.
दूसरी ओर, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा कि उनकी सेना ने रूस के हथियार भंडारों और एक नौसैनिक अड्डे को निशाना बनाया है. उन्होंने इसे रूसी हमलों के जवाब में उचित कार्रवाई बताया है.
इससे एक दिन पहले रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने इकोनॉमिक फ़ोरम की मीटिंग के दौरान कहा था कि ज़ेलेंस्की से मिलने का कोई मतलब नहीं है. जबकि ज़ेलेंस्की जंग को ख़त्म करने के लिए आमने-सामने बातचीत की मांग कर चुके हैं.
ड्रोन हमलों में शामिल यूक्रेनी इकाइयों में से एक के कमांडर येवहेन करास ने बीबीसी से कहा कि रूस के भीतर लक्ष्यों पर हमला करना बेहद आसान हो गया है.
उन्होंने कहा, "हम रूस के भीतर ऐसे उड़ान भरते हैं जैसे वह हमारा अपना इलाक़ा हो. लगभग कोई रुकावट नहीं मिलती और लक्ष्य तक पहुंचना मुश्किल नहीं है."
गवर्नर ड्रोज़्देन्को ने कहा कि यूक्रेनी हमलों के कारण एक सैन्य प्रतिष्ठान में आग लग गई, जिसके बाद आसपास के निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया. उन्होंने यह भी कहा कि कुछ इमारतों को "मामूली" नुक़सान पहुंचा है.
ज़ेलेंस्की के मुताबिक़, यूक्रेन के ड्रोन क़रीब एक हज़ार किलोमीटर की दूरी तय करके सेंट पीटर्सबर्ग क्षेत्र तक पहुंचे और उन्होंने क्रोनश्टाट में स्थित "दुश्मन नौसेना के हथियार भंडारों और एक सैन्य अड्डे" को निशाना बनाया. क्रोनश्टाट रूस की बाल्टिक नौसेना का प्रमुख अड्डा माना जाता है.
यूक्रेनी राष्ट्रपति ने कहा, "अब इस युद्ध को समाप्त करने का समय आ गया है."
साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन "लड़ाई जारी रखना चाहते हैं."
फ़्रेंच ओपन का ख़िताब रूस की 19 वर्षीय मीरा एंड्रीवा ने जीता
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, फ़्रेंच ओपन महिला एकल ख़िताब जीतने के बाद मीरा एंड्रीवा
रूस की मीरा एंड्रीवा ने शनिवार को फ़्रेंच ओपन महिला एकल का ख़िताब अपने नाम कर लिया.
फ़ाइनल में उन्होंने माया च्वालिंस्का को 6-3, 6-2 से हराया.
19 साल और 39 दिन की उम्र में एंड्रीवा, साल 2020 के बाद फ़्रेंच ओपन महिला एकल का ख़िताब जीतने वाली दूसरी टीनएजर खिलाड़ी बन गई हैं. इससे पहले साल 2020 में इगा स्यांतेक ने 19 साल की उम्र में ये ख़िताब अपने नाम किया था.
ख़िताब जीतने के बाद मीरा एंड्रीवा ने कहा, "माया को इन शानदार तीन हफ्तों के लिए बधाई. क्वालिफाइंग दौर से निकलकर यहां तक पहुंचना बड़ी उपलब्धि है. आपने बेहतरीन प्रदर्शन किया है और आप एक बेहद मुश्किल प्रतिद्वंद्वी हैं."
उन्होंने आगे कहा, "मैं आपको बाकी सीज़न के लिए शुभकामनाएं देती हूं और उम्मीद करती हूं कि भविष्य में हम दोनों कई और फाइनल मुकाबले साथ खेलेंगे."
मीरा ने इस शानदार जीत के लिए खुद को भी शुक्रिया कहा.
उन्होंने कहा,"मैं खुद का भी धन्यवाद करना चाहती हूं कि मैंने खुद पर विश्वास बनाए रखा, हर बार अपना सौ फ़ीसदी दिया. मैंने हर दिन एक बेहतर इंसान और बेहतर खिलाड़ी बनने की कोशिश की, इस बात पर भरोसा रखा कि मैं यह कर सकती हूं, और अपने भीतर के कई संघर्षों से लड़ती रही."
कॉकरोच जनता पार्टी ने सरकार को दिया सात दिनों का अल्टीमेटम, पार्टी ने और क्या कहा
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, जंतर-मंतर पर प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे लोग
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया. इसमें पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके भी पहुंचे थे.
पार्टी के प्रवक्ता सौरभ दास और आशुतोष रांका ने इस प्रदर्शन से जुड़ने के लिए लोगों को शुक्रिया कहा है.
वहीं सीजेपी के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा, "आज जंतर-मंतर पर हज़ारों लोगों की भीड़ जुटने के बाद भी सरकार की ओर से और धर्मेंद्र प्रधान की तरफ़ से इस्तीफ़े को लेकर कोई ख़बर नहीं आई है. प्रधानमंत्री ने भी अभी तक धर्मेंद्र प्रधान को बर्ख़ास्त नहीं किया है."
"जिन लोगों को लग रहा है कि आज सिर्फ़ एक प्रदर्शन था, उन्हें हम बताना चाहते हैं कि यह सिर्फ़ एक ट्रेलर था. हम इस सरकार को सात दिन का समय दे रहे हैं. धर्मेंद्र प्रधान में अगर देश के लोकतंत्र के प्रति थोड़ी भी जवाबदेही है, तो वे सात दिन के भीतर इस्तीफ़ा दें, या फिर प्रधानमंत्री मोदी उन्हें बर्ख़ास्त करें. नहीं तो हम दोबारा प्रदर्शन करेंगे."
भारतीय अंडर-18 हॉकी टीम ने एशिया कप में जीता गोल्ड, महिला टीम को मिला ब्रॉन्ज़ मेडल
इमेज स्रोत, Photo: hockeyindia.org
इमेज कैप्शन, भारत के इस शानदार प्रदर्शन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टीम को बधाई दी है
जापान के काकामिगाहारा में एशिया कप 2026 में भारतीय अंडर-18 की पुरुष हॉकी टीम ने गोल्ड तो वहीं महिला हॉकी टीम ने ब्रॉन्ज़ मेडल अपने नाम किया है.
भारतीय महिला टीम ने दक्षिण कोरिया को 3-0 से हराया. वहीं पुरुष टीम ने जापान को 4-1 से हराया.
भारतीय महिला टीम की संदीपा कुमारी ने दूसरे मिनट में, कप्तान स्वीटी कुजूर ने 16वें मिनट में और नौशीन नाज़ ने 33वें मिनट में गोल किए.
भारत के इस शानदार प्रदर्शन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टीम को बधाई दी है.
उन्होंने एक्स पर लिखा, "भारतीय महिला अंडर-18 हॉकी टीम को अंडर-18 एशिया कप 2026 में ब्रॉन्ज़ मेडल जीतने पर हार्दिक बधाई. टीम ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान शानदार प्रदर्शन दिखाया."
"यह उपलब्धि भारत में महिला हॉकी की बढ़ती ताक़त और हमारे खिलाड़ियों की अपार संभावनाओं को दर्शाती है. टीम को उनके आगे के लिए ढेरों शुभकामनाएं."
पीएम मोदी ने पुरुष हॉकी टीम को गोल्ड मेडल जीतने पर भी बधाई दी है.
टीम इंडिया में जगह मिलने पर क्या बोले वैभव सूर्यवंशी के पिता?
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, बेटे के चयन के बाद वैभव के पिता संजीव सूर्यवंशी बेहद खुश हैं
आईपीएल के 19वें सीज़न में शानदार प्रदर्शन करने वाले 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी को पहली बार भारतीय अंतरराष्ट्रीय टीम में जगह मिली है. उन्हें भारतीय टी20 क्रिकेट टीम में शामिल किया गया है.
बेटे के चयन के बाद वैभव के पिता संजीव सूर्यवंशी बेहद खुश हैं.
उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा, "वैभव का चयन हुआ है. उसने बचपन से बहुत मेहनत की है और अब उसे अपनी मेहनत का फल मिल रहा है. अब यही इच्छा है कि वह बहुत अच्छा खेले, टीम को खूब मैच जिताए और ढेर सारे रन बनाए."
उन्होंने आगे कहा, "दुनिया का कोई भी मां-बाप अपने बच्चे के लिए खूब मेहनत करता है. उनकी इच्छा होती है कि उनका बच्चा अपने क्षेत्र में शीर्ष पर पहुंचे. मेरी भी यही इच्छा थी. उसने बचपन से मेहनत की है और हमारी मनोकामना पूरी की है."
वैभव को इंग्लैंड और आयरलैंड दौरे के लिए भारतीय टी20 टीम में जगह मिली है.
सीजेपी के प्रदर्शन पर बोले अरविंद केजरीवाल, 'पीएम को तुरंत शिक्षा मंत्री को बर्ख़ास्त करना चाहिए'
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने विरोध प्रदर्शन को आक्रोश और निराशा की अभिव्यक्ति बताया है (फ़ाइल फ़ोटो)
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) के प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया दी है.
अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, “यह ‘कॉकरोच आंदोलन’ देश के युवाओं में मौजूद भारी आक्रोश और निराशा की अभिव्यक्ति है. उन्हें राष्ट्र-विरोधी कहने के बजाय मोदी सरकार को उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए.”
उन्होंने कहा, “आम आदमी पार्टी उनकी मांगों का समर्थन करती है. प्रधानमंत्री को तुरंत शिक्षा मंत्री को बर्ख़ास्त करना चाहिए.”
इससे पहले शनिवार सुबह कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके अमेरिका से दिल्ली पहुंचे. इसके बाद उन्होंने जंतर-मंतर पर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू किया.
दिल्ली के जंतर-मंतर पर शनिवार को हुआ कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन समाप्त हो चुका है.
बयान में कहा गया है, “दिल्ली के जंतर-मंतर पर ‘कॉकरोचों’ का आंदोलन शुरू हो गया है.”
“जिन्हें हम देश का भाग्य-विधाता और भविष्य कहते हैं, वे हज़ारों युवा अपनी पीड़ा और भविष्य की चिंता लेकर भीषण गर्मी में सड़कों पर उतर आए हैं.”
“उन्हें ‘कॉकरोच’ कहकर उनका अपमान करना और उन्हें न्याय से वंचित रखना उचित नहीं है.”
बयान में आगे कहा गया है, “नीट पेपर लीक ने लाखों युवाओं के सपनों को तोड़ दिया है. अब ये सभी पीड़ित युवा, ‘कॉकरोच’ बनकर अपनी आवाज़ बुलंद कर रहे हैं. सरकार को उनकी मांगें सुननी ही होंगी.”
“इन ‘कॉकरोचों’ को कमज़ोर मत समझिए, जंतर-मंतर पर चल रहे इस आंदोलन ने यही चेतावनी दी है.”
कॉकरोच जनता पार्टी ने शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया और अब ये प्रदर्शन ख़त्म हो चुका है.
बहरीन बोला- मिसाइलों और ड्रोन के ज़रिए शांति स्थापित नहीं हो सकती, ईरान बंद करे हमले
इमेज स्रोत, Lev Radin/Pacific Press/LightRocket via Getty Images
इमेज कैप्शन, बहरीन के विदेश मंत्री डॉ. अब्दुललतीफ़ बिन राशिद अल ज़यानी (फ़ाइल फ़ोटो)
बहरीन के विदेश मंत्रालय ने शनिवार सुबह ईरान के बहरीन और कुवैत पर किए गए हमलों की की कड़ी निंदा की है.
बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, बहरीन ने कहा कि शांति, मिसाइलों और ड्रोन के ज़रिए स्थापित नहीं की जा सकती और न ही बारूदी सुरंगें बिछाकर स्थिरता सुनिश्चित की जा सकती है.
बहरीन ने कहा, “ईरान तुरंत इन अनुचित हमलों को बंद करे.”
बहरीन के विदेश मंत्रालय ने कहा, “आज मिसाइल और ड्रोन दागने वालों के सामने दो रास्ते हैं, वो शांति और सहयोग का रास्ता चुने या फिर ख़ुद को अलग-थलग समझें.”
बयान के मुताबिक़, “ईरान शांति का मार्ग अपनाए और स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ को बिना किसी प्रतिबंध या शुल्क के पूरी तरह खोल दे.”
बयान में चेतावनी दी गई कि “अपनी संप्रभुता, सुरक्षा और स्थिरता की रक्षा तथा अपने नागरिकों की सुरक्षा एक ऐसी लाल रेखा है, जिस पर बहरीन कोई समझौता नहीं करेगा.”
बहरीन विदेश मंत्रालय ने कहा कि बहरीन अपनी सुरक्षा के लिए सभी ज़रूरी क़दम उठाएगा और उसे मित्र देशों और सहयोगियों का समर्थन है.
बहरीन के विदेश मंत्रालय ने कहा कि यह खुली आक्रामकता दोनों देशों की संप्रभुता का स्पष्ट उल्लंघन, संयुक्त राष्ट्र चार्टर और अंतरराष्ट्रीय सिद्धांतों का गंभीर हनन है, और अंतरराष्ट्रीय क़ानूनी निर्णयों के लगातार उल्लंघन को दिखाती है.
नॉर्वे चेस टाइटल जीतने वाले पहले भारतीय बने प्रज्ञानानंद, पीएम मोदी और सीएम विजय ने दी बधाई
इमेज स्रोत, Samir Jana/Hindustan Times via Getty Images
इमेज कैप्शन, प्रज्ञानानंद ने फ़ाइनल राउंड में जर्मनी के विन्सेंट कीमर को हराया
भारत के ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञानानंद ने नॉर्वे चेस का ख़िताब जीत लिया है. वह ऐसा करने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए.
उनकी इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर उन्हें बधाई दी है.
प्रधानमंत्री ने एक्स पर लिखा, "प्रज्ञानानंद को इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई. यह वाक़ई एक शानदार उपलब्धि है जो उनके लगातार बेहतरीन प्रदर्शन को दिखाती है. उनके भविष्य के प्रयासों के लिए मेरी शुभकामनाएं."
प्रज्ञानानंद ने फ़ाइनल राउंड में जर्मनी के विन्सेंट कीमर को हराया.
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ़ विजय ने भी एक्स पर पोस्ट कर उन्हें बधाई दी है.
उन्होंने एक्स पर लिखा, "शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए नॉर्वे के ओस्लो में आयोजित 'नॉर्वे चेस 2026' टूर्नामेंट जीतने वाले पहले भारतीय बनने की ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करने पर ग्रैंडमास्टर प्रज्ञानानंद को मेरी हार्दिक बधाई."
भारत के उप राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने प्रज्ञानानंद के लिए कहा, "यह बड़ी उपलब्धि उनके असाधारण हुनर, लगातार मेहनत और समर्पण का सबूत है. उनके लगातार शानदार प्रदर्शन ने देश का नाम रोशन किया है और भारत के अनगिनत युवा शतरंज खिलाड़ियों को प्रेरित किया है."
फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप 2026: ईरान की फ़ुटबॉल टीम को अमेरिका का वीज़ा मिला
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, ईरानी पुरुष राष्ट्रीय फु़टबॉल टीम शनिवार को तुर्की से मेक्सिको के लिए रवाना होने वाली है.
ईरान की राष्ट्रीय फ़ुटबॉल टीम को फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप 2026 के लिए अमेरिका का वीज़ा मिल चुका है.
अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने बीबीसी फ़ारसी को दिए गए जवाब में बताया, "इस टीम के खिलाड़ियों और सहयोगियों को वीज़ा जारी कर दिया गया है."
अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने यह भी कहा, "हम ईरान को इस प्रणाली का दुरुपयोग करके आतंकवादियों को झूठे आवरण में अमेरिका में प्रवेश कराने की इजाज़त नहीं देंगे."
इससे पहले, ईरानी समाचार एजेंसी तस्नीम ने रिपोर्ट दी थी कि उत्तरी अमेरिका में होने वाले विश्व कप के लिए ईरानी राष्ट्रीय फ़ुटबॉल टीम के कुछ साथियों को अमेरिका में जाने के लिए वीज़ा नहीं दिया गया है.
मीडिया संस्थान के मुताबिक़, टीम मैनेजर मेहदी मोहम्मद नबी, फ़ुटबॉल महासंघ के महासचिव हेदायत मोमबेनी, राष्ट्रीय टीम के कार्यकारी प्रबंधक मेहदी खराती, मीडिया प्रबंधक मोहसिन मोतेमदकिया, मीडिया टीम के सदस्य सियामक क़ोलिचखानी, राष्ट्रीय टीम के एक विश्लेषक, विदेश मंत्रालय के प्रतिनिधि, सुरक्षा विभाग के प्रतिनिधि तथा फुटबॉल महासंघ की अंतरराष्ट्रीय समिति के प्रतिनिधि को वीज़ा नहीं दिया गया है.
समाचार एजेंसी मीज़ान ने भी बताया है कि ईरानी फ़ुटबॉल महासंघ के अध्यक्ष मेहदी ताज को भी अमेरिकी वीज़ा नहीं मिला है.
ईरानी पुरुष राष्ट्रीय फ़ुटबॉल टीम शनिवार को तुर्की से मेक्सिको के लिए रवाना होने वाली है.
न्यूज़ीलैंड और बेल्जियम के ख़िलाफ़, ईरान दो मैच लॉस एंजेलिस में और मिस्र के ख़िलाफ़ मैच सिएटल शहर में आयोजित किए जाएंगे.
अब तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक इस लाइव ब्लॉग के ज़रिये ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल रात दस बजे तक आप तक ताज़ा ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.
आयरलैंड, इंग्लैंड और एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम का एलान, वैभव सूर्यवंशी को मिली जगह
इमेज स्रोत, Ashley Allen-ICC/ICC via Getty Images
इमेज कैप्शन, 15 साल के युवा बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी को भी टीम में जगह दी गई है (फ़ाइल फ़ोटो)
भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने शनिवार को आयरलैंड, इंग्लैंड और एशियन गेम्स 2026 के लिए टी20 टीम का एलान कर दिया है.
हाल ही में भारत को टी20 वर्ल्ड कप में जीत दिलाने वाले कप्तान सूर्यकुमार यादव को टीम से बाहर किया गया है. श्रेयस अय्यर अब टी20 टीम की अगुवाई करते हुए नज़र आएंगे.
आईपीएल के 19वें सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले 15 साल के युवा बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी को पहली बार भारतीय टी20 टीम में जगह मिली है.
तिलक वर्मा को टीम का उपकप्तान बनाया गया है. वहीं हार्दिक पंड्या तीनों ही टूर्नामेंट में टीम का हिस्सा नहीं होंगे.
भारतीय टीम की घोषणा चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर और बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने एक प्रेस कांफ़्रेंस में की.
श्रेयस अय्यर, तिलक वर्मा, रवि बिश्नोई, अभिषेक शर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, मोहम्मद सिराज, संजू सैमसन, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, ईशान किशन, वॉशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे, वरुण चक्रवर्ती, प्रिंस यादव और वैभव सूर्यवंशी
कॉकरोच जनता पार्टी: योगेंद्र यादव ने विपक्षी दलों से की ये अपील
इमेज स्रोत, Samir Jana/Hindustan Times via Getty Images
इमेज कैप्शन, राजनीतिक विश्लेषक योगेंद्र यादव ने एक्स पर एक वीडियो में सीजेपी को लेकर प्रतिक्रिया दी है
राजनीतिक विश्लेषक योगेंद्र यादव ने कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) की ओर से हो रहे विरोध प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया दी है.
योगेंद्र यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर एक वीडियो जारी किया है.
इसमें उन्होंने विनोद कुमार शुक्ल की कविता पढ़ते हुए कहा, "मैं आप सब लोगों को नहीं जानता, लेकिन आपका जो इमोशन, ग़ुस्सा और लक्ष्य है, उसको जानता हूं. मैं कॉकरोच जनता पार्टी, उसके लीडर्स और आप सबको नहीं जानता, लेकिन साथ चलने को जानता हूं. मैं आप सबको सलाम करता हूं."
उन्होंने आगे कहा, "मैं इस देश के तमाम विपक्षी दलों से अपील करता हूं कि आज हमारा धर्म साथ चलना है, भले पार्टी का कोई भी नाम हो. दल से बड़ा देश है. हम सबको मिलकर साथ-साथ चलते हुए इस देश को बचाना है."
इस बीच सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके जंतर मंतर पहुंच गए हैं. शनिवार सुबह वो अमेरिका से दिल्ली आए हैं.
ज़ेड प्लस सुरक्षा वापस लिए जाने के बाद लालू यादव और राबड़ी देवी ने बाकी सुरक्षाकर्मियों को भी लौटाया
इमेज स्रोत, Santosh Kumar/Hindustan Times via Getty Images
इमेज कैप्शन, बिहार की पूर्व सीएम राबड़ी देवी को घर खाली करने के लिए नोटिस दिया गया है
बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने पटना के 10 सर्कुलर रोड स्थित घर के बाहर तैनात सुरक्षाकर्मियों को वापस भेज दिया है.
आरजेडी के प्रवक्ता अरुण कुमार ने कहा कि लालू प्रसाद यादव जी और राबड़ी देवी ने लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए सुरक्षा व्यवस्था वापस करने का निर्णय लिया है.
हाल ही में बिहार सरकार ने लालू परिवार को मिली सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की थी जिसके बाद लालू प्रसाद और राबड़ी देवी को मिली ज़ेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा को हटा लिया गया था.
यह क़दम तब उठाया गया जब बिहार सरकार ने राबड़ी देवी को 10 सर्कुलर रोड खाली करने का नोटिस दिया.
सरकार ने कहा कि राबड़ी देवी को विपक्ष की नेता होने के नाते पहले ही हार्डिंग रोड पर सरकारी आवास दिया गया था, लेकिन वो वहां नहीं गईं.
10 सर्कुलर रोड का बंगला अब बिहार के पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री नंद किशोर राम को दिया गया है.
10 सर्कुलर रोड का बंगला लंबे समय से राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) प्रमुख लालू प्रसाद यादव के परिवार से जुड़ा रहा है.
बिहार सरकार ने लालू परिवार को 15 दिन का समय दिया है, जिसके तहत राबड़ी देवी को जून के मध्य तक घर खाली करना होगा.
सहारा रेगिस्तान में गाड़ी ख़राब होने से फंसे लोग, प्यास से 50 लोगों की मौत
इमेज स्रोत, Ann Johansson/Corbis via Getty Images
इमेज कैप्शन, अधिकारियों ने बताया कि फंसे हुए सिर्फ दो लोग बच पाए हैं (फ़ाइल फ़ोटो: रेगिस्तान)
उत्तरी नाइजर के सहारा रेगिस्तान के एक दूरदराज़ इलाके में पानी नहीं मिलने से 50 लोगों की मौत हो गई. अधिकारियों ने बताया कि उन्हें ले जा रहा ट्रक रास्ते में ख़राब हो गया था.
बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, यह समूह माली से लौट रहा था, जहां वे ईद अल-अधा के जश्न में शामिल होने गए थे. लेकिन रास्ते में उनका पानी ख़त्म हो गया और वे नाइजर और अल्जीरिया के बीच फंस गए.
इस इलाक़े में मौजूद अगाडेज़ के गवर्नर ने कहा, "यात्री एक ख़तरनाक इलाक़े में फंस गए थे, जहां बहुत ज़्यादा गर्मी और सुविधाओं की कमी के कारण ज़िंदा रहना बेहद मुश्किल था."
अधिकारियों ने बताया कि फंसे हुए मुसाफ़िरों में सिर्फ दो बच पाए हैं.
ड्राइवर और यात्रियों ने कई दिनों तक बार-बार वाहन को ठीक करने की कोशिश की, लेकिन उनकी कोशिशें सफल नहीं हो सकीं.
सभी मृतक नाइजर के नागरिक थे. स्थानीय अधिकारियों की ओर से भेजी गई राहत टीम ने उन्हें सामूहिक क़ब्रों में दफ़नाया.
कॉकरोच जनता पार्टीः प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा- पहली बार दिल्ली पुलिस ने सही काम किया
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, प्रियंका चतुर्वेदी ने कॉकरोच पार्टी को प्रदर्शन की मंज़ूरी देने के दिल्ली पुलिस फ़ैसले को सही ठहराया है
शिवसेना नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा है कि कॉकरोच जनता पार्टी को प्रदर्शन की इजाज़त देकर दिल्ली पुलिस ने ठीक काम किया है.
प्रियंका चतुर्वेदी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, “शायद पहली बार दिल्ली पुलिस ने सही काम किया है, सीजेपी को प्रदर्शन की इजाज़त देकर.”
उन्होंने लिखा, "अब देखना है कि ऑनलाइन समर्थन ज़मीन पर भी ताक़त बन पाता है या नहीं.”
सुप्रीम कोर्ट के जानेमाने वकील प्रशांत भूषण ने कहा है कि सीजेपी के आंदोलन को समझदारी भरे समर्थन और मार्गदर्शन की ज़रूरत है.
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "देश में परीक्षा पेपर लीक, भर्ती में भ्रष्टाचार, बेरोज़गारी और रोज़ाना घोटाले हो रहे हैं."
"विदेश नीति पूरी तरह ढह गई है और अमेरिका पर निर्भरता बढ़ गई है. चुनाव आयोग, न्यायपालिका, मीडिया और अन्य संस्थाएं भी कमज़ोर हो गई हैं."
उन्होंने लिखा, "हम एक बड़े तूफ़ान में घिरे हैं. कॉकरोच जनता पार्टी इस तूफ़ान का स्वाभाविक नतीजा है. इनके बड़े वादे हैं. इस जेन-ज़ी आंदोलन को समझदारी भरे समर्थन और मार्गदर्शन की ज़रूरत है."
उधर, सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतरते ही शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े की माँग की.