ईरान को आतंकवादी कहे जाने पर राष्ट्रपति पेज़ेश्कियान ने पूछा, 'वे बताएं हमने किसे मारा'

इमेज स्रोत, Getty Images
अमेरिका और इसराइल की ओर से ईरान को 'नंबर वन आतंकवादी देश' कहे जाने पर ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने प्रतिक्रिया दी है.
मुंबई में ईरान के कॉन्सुलेट जनरल ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर राष्ट्रपति पेज़ेश्कियान का एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में पेज़ेश्कियान ईरान के ऊपर लगने वाले आरोपों का जवाब दे रहे हैं.
पेज़ेश्कियान ने कहा, ''अमेरिका और इसराइल ने युद्ध को किस तरह उचित ठहराया. इसराइल इस क्षेत्र में क्या कर रहा है- वह ग़ज़ा, लेबनान, सीरिया, ईरान और अन्य जगहों पर किसी के भी साथ क्या करता है?''
''वह (इसराइल) धमकी देता है और लोगों की हत्या करता है. वो ऐसी हत्याओं को अपनी वेबसाइट पर पोस्ट करता है और कहता है कि फलां शख़्स को मारेंगे.''
पेज़ेश्कियान के मुताबिक़, ''अमेरिका और कुछ अन्य देश कहते हैं कि ईरान आतंकवादियों का गढ़ है. वे बस ये बताएं कि हमने किसे मारा है, जबकि वे खुलकर लोगों को मार रहे हैं.''
''वो आएं और जिन्हें मारना है मार दें. बेक़सूर लोगों, बच्चों और बुज़ुर्गों पर बम न गिराएं. जिन्हें मारना हैं उन्हें मारें, लेकिन वो इसकी जगह कई लोगों को मार रहे हैं और मानवाधिकार वाले पूरी तरह से ख़ामोश हैं. संयुक्त राष्ट्र क्या कर रहा है, अंतरराष्ट्रीय कानून कहां है?''














