अब इस लाइव ब्लॉग को रोकने का वक़्त आ गया है. मुझे यानी बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल को दीजिए इजाज़त.
कल एक नए लाइव ब्लॉग के साथ फिर हाज़िर होंगे. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.
कोहली वनडे में सबसे तेज़ 15 हज़ार रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं. उन्होंने 303 इनिंग्स में ये रन हासिल किए हैं.
रौनक भैड़ा, अरशद मिसाल
अब इस लाइव ब्लॉग को रोकने का वक़्त आ गया है. मुझे यानी बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल को दीजिए इजाज़त.
कल एक नए लाइव ब्लॉग के साथ फिर हाज़िर होंगे. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.

इमेज स्रोत, R.Satish BABU / AFP via Getty Images
केरल के तिरुवनंतपुरम में भारत और वेस्टइंडीज़ के बीच खेले गए पहले वनडे क्रिकेट मुकाबले में भारत ने 8 विकेट से जीत दर्ज की.
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी वेस्टइंडीज़ ने 50 ओवर में 7 विकेट के नुक़सान पर 295 रन बनाए. वेस्टइंडीज़ की ओर से जस्टिन ग्रेव्स ने 101 रन बनाए.
भारतीय टीम ने 41.4 ओवर में 2 विकेट के नुक़सान पर लक्ष्य हासिल कर लिया. विराट कोहली ने छक्का जड़कर मैच भारत के नाम किया.
विराट कोहली ने 88 गेंदों में 139 रन बनाए, वहीं शुभमन गिल ने 108 गेंदों में 110 रन बनाए.
इसी के साथ विराट कोहली के वनडे क्रिकेट में 15 हज़ार रन भी पूरे हो गए हैं.
कोहली वनडे में सबसे तेज़ 15 हज़ार रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं. उन्होंने 303 इनिंग्स में ये रन हासिल किए हैं.
भारत की ओर से कुलदीप यादव ने चार विकेट लिए. वहीं प्रसिद्ध कृष्णा ने 2 और नीतीश कुमार रेड्डी ने एक विकेट लिए.

इमेज स्रोत, ANI
केरल के तिरुवनंतपुरम में भारत और वेस्टइंडीज़ के बीच खेले जा रहे पहले वनडे क्रिकेट मुक़ाबले में कोहली ने शतक पूरा कर लिया है.
विराट कोहली का ये ओडीआई में 55वां शतक है.
विराट कोहली ने 74 गेदों में सात चौके और छह छक्कों के साथ 100 रन पूरा किया. वो फिलहाल बैटिंग कर रहे हैं.
इसके अलावा आज शुभमन गिल ने 108 गेंदों में 110 रन बनाए.
पहले बल्लेबाज़ी करते हुए वेस्टइंडीज़ की टीम ने 7 विकेट के नुक़सान पर 295 रन बनाए थे. भारत को जीत के लिए 296 रनों की ज़रूरत है.

इमेज स्रोत, Aaron Schwartz/Getty Images
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान के साथ जारी संघर्ष जल्द समाप्त हो जाएगा और इसके बाद कच्चे तेल की क़ीमतों में तेज़ गिरावट आएगी.
व्हाइट हाउस से रवाना होते समय पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने कहा कि "जैसे ही ईरान आत्मसमर्पण करेगा और युद्ध खत्म होगा, जो जल्द ही होने वाला है, तेल की क़ीमतें गिर जाएंगी."
ट्रंप ने यह भी कहा कि उन्होंने ईरान के उस प्रस्ताव को ख़ारिज कर दिया है, जिसमें होर्मुज़ स्ट्रेट को फिर से खोलने की बात कही गई थी.
उनके अनुसार, ईरान संघर्ष में बुरी तरह पिछड़ रहा है और इसी वजह से वह तत्काल समझौता चाहता है.
इस बीच अमेरिकी मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया है कि ट्रंप प्रशासन ईरान पर हवाई हमलों को फिर से शुरू करने की संभावना पर विचार कर रहा है.
वहीं, ईरान का कहना है कि उसने अमेरिका के सामने एक प्रस्ताव रखा है, जिसके तहत सात शर्तों के एक साथ लागू होने पर तेहरान सात दिनों के भीतर होर्मुज़ स्ट्रेट को खोल सकता है.
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने कहा कि ये शर्तें कोई नई नहीं हैं और पहले हुए समझौतों से आगे नहीं जातीं.

इमेज स्रोत, ANI
केरल के तिरुवनंतपुरम में भारत और वेस्टइंडीज़ के बीच खेले जा रहे पहले वनडे क्रिकेट मुक़ाबले में 296 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम एक विकेट के नुक़सान पर 202 रन बना चुकी है.
भारतीय टीम की ओर से शुभमन गिल 103 रन बना कर खेल रहे हैं. वहीं विराट कोहली 66 रन बना कर खेल रहे हैं.
रोहित शर्मा 32 रन बनाकर आउट हो चुके हैं.
पहले बल्लेबाज़ी करते हुए वेस्टइंडीज़ की टीम ने 7 विकेट के नुक़सान पर 295 रन बनाए थे.

इमेज स्रोत, IRGC Navy
ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) की नौसेना ने दावा किया है कि उसने अमेरिका के एक मानवरहित पानी के भीतर चलने वाले ड्रोन (यूयूवी) को अपने कब्ज़े में ले लिया है.
आईआरजीसी की नौसेना के मुताबिक, उसने ख़ुफ़िया जानकारी और इलेक्ट्रॉनिक युद्ध तकनीक का इस्तेमाल करके अमेरिकी ड्रोन को अपने नियंत्रण में लिया.
ईरान का कहना है कि यह एक उन्नत अंडरवॉटर ड्रोन है, जिसका नाम रेमस 600 है.
आईआरजीसी ने बताया कि ड्रोन को पानी से निकाल लिया गया है और अब विशेषज्ञ उससे जानकारी हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं. संगठन ने इसका एक वीडियो भी जारी किया है, जिसमें एक ड्रोन जैसी वस्तु को पानी से बाहर निकालते हुए दिखाया गया है.
आईआरजीसी ने अपने बयान में यह भी कहा कि 'होर्मुज़ स्ट्रेट बंद है.'
इससे पहले आईआरजीसी ने 17 सितंबर को भी एक अमेरिकी अंडरवॉटर ड्रोन को कब्ज़े में लेने का दावा किया था.
उस समय अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने घटना की पुष्टि की थी, लेकिन कहा था कि ड्रोन क्षेत्र के पानी में गश्त के दौरान तकनीकी ख़राबी के कारण काम करना बंद कर गया था.
सेंटकॉम के प्रवक्ता के अनुसार, वह ड्रोन एक पुराना मॉडल था. उसमें न तो संवेदनशील जानकारी जुटाने की क्षमता थी और न ही गोपनीय रडार या सेंसर उपकरण लगे थे.
हालांकि, आईआरजीसी ने उस समय अमेरिकी दावे को ख़ारिज करते हुए कहा था कि ड्रोन सक्रिय था और एक अभियान पर था.

कोलकाता स्थित सत्यजीत रे फ़िल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (एसआरएफ़टीआई) में रविवार दोपहर छात्रों और कथित तौर पर आरएसएस से जुड़े अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के सदस्यों के बीच झड़प हो गई.
शुरुआत में मामला नारेबाजी और बहस तक सीमित था, लेकिन बाद में दोनों पक्षों के बीच हाथापाई होने का आरोप है.
एसआरएफ़टीआई के कैंपस में मौजूद एक ऑडिटोरियम को अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के एक कार्यक्रम के लिए किराए पर दिया गया था. इसी को लेकर कुछ छात्रों ने विरोध किया और कार्यक्रम के आयोजकों से अनुमति को लेकर सवाल किए.
अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत की वेबसाइट के अनुसार, उसके संस्थापक के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से मज़बूत संबंध रहे हैं. इसी वजह से कुछ छात्रों ने संगठन के कैंपस में कार्यक्रम आयोजित करने पर आपत्ति जताई.
एसआरएफ़टीआई के साउंड विभाग के छात्र सोहम पाल ने बीबीसी को बताया कि छात्रों को इस बात की जानकारी नहीं थी कि कैंपस का यह हिस्सा संगठन को कार्यक्रम के लिए दिया गया है.
उनके अनुसार, जब छात्रों ने आयोजकों से बातचीत करने की कोशिश की और अनुमति के बारे में पूछा, तो मामला बढ़ गया और छात्रों के साथ मारपीट की गई.
हालांकि, कार्यक्रम के आयोजकों ने स्थानीय मीडिया से अलग दावा किया.
उनका कहना है कि वे कैंपस में उपभोक्ता जागरूकता से जुड़ा कार्यक्रम कर रहे थे और छात्रों ने उन पर बिना वजह हमला किया. आयोजकों ने यह भी कहा कि उन्होंने पुलिस को मौके पर बुलाया था.
घटना की जानकारी मिलने के बाद बीजेपी समर्थक भी मौके पर पहुंच गए. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बड़ी संख्या में सशस्त्र पुलिसकर्मियों को एसआरएफ़टीआई कैंपस में तैनात किया गया है.

इमेज स्रोत, R. Satish BABU / AFP via Getty Images
केरल के तिरुवनंतपुरम में खेले जा रहे पहले वनडे क्रिकेट मुक़ाबले में वेस्टइंडीज़ ने भारत को जीत के लिए 296 रनों का टरगेट दिया है.
वेस्टइंडीज़ की पुरुष टीम ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 50 ओवर में सात विकेट के नुक़सान पर 295 रन बनाए.
टीम की ओर से जस्टिन ग्रेव्स ने 101 रन की पारी खेली. वहीं जॉन कैंपबेल ने 62 रन बनाए.
भारत की ओर कुलदीप यादव ने चार विकेट, प्रसिद्ध कृष्णा ने 2 और नीतीश कुमार रेड्डी ने एक विकेट लिए.

इमेज स्रोत, @p_sahibsingh
दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा ने एक्स पर एक वीडियो जारी कर शख्स को थप्पड़ मारने की घटना पर सफाई दी है.
उन्होंने कहा, "जरनैल सिंह के एक कार्यकर्ता ने मेरे परिवार के ख़िलाफ़ 'अभद्र भाषा' का इस्तेमाल किया. ऐसी स्थिति में आवेश में आकर मैंने वही किया, जो कोई भी व्यक्ति कर सकता है."
उन्होंने कहा, "मैं आम आदमी पार्टी से कहना चाहता हूं कि जो काम आप नहीं कर पाए, वह काम हम कर रहे हैं. इसी वजह से आपको परेशानी हो रही है."
प्रवेश वर्मा ने कहा कि अगर कोई सरकारी काम में बाधा डालेगा, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाएगा और हमारे अधिकारियों से कमीशन मांगेगा, तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
दरअसल, एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें तिलक नगर के विधायक जरनैल सिंह सड़क की ऊपरी परत को हाथ से उखाड़कर दिल्ली सरकार के पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा को दिखा रहे हैं.
इसके बाद प्रवेश वर्मा अपनी कार की ओर बढ़ते हैं. इस बीच वीडियो बना रहे एक शख्स को थप्पड़ मार देते हैं.
इसके बाद विपक्षी पार्टियों ने बीजेपी मंत्री के इस रवैये पर सवाल खड़े किए. जिसके बाद उन्होंने ये सफ़ाई दी है.

इमेज स्रोत, R. Satish BABU / AFP via Getty Images
केरल के तिरुवनंतपुरम में रविवार को खेले जा रहे पहले वनडे मुकाबले में वेस्टइंडीज ने भारत के ख़िलाफ़ मज़बूत शुरुआत की.
भारतीय कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फैसला किया.
वेस्टइंडीज की टीम 38 ओवर में 5 विकेट के नुक़सान पर 206 रन बना कर खेल रही है.
जस्टिन ग्रीव्स ने बेहतरीन बल्लेबाज़ी करते हुए 101 रन बनाए. उन्होंने 108 गेंदों की अपनी पारी में 12 चौके लगाए.
भारतीय गेंदबाज़ कुलदीप यादव ने अच्छी गेदबाज़ी करते हुए चार विकेट लिए हैं. वहीं प्रसिद्ध कृष्णा ने एक विकेट लिया.

इमेज स्रोत, Sonu Mehta/Hindustan Times via Getty Images
आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली सरकार में पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा को गिरफ़्तार करने की मांग की है.
आप के प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने एक्स एक वीडियो शेयर किया, जिसमें तिलक नगर के विधायक जरनैल सिंह सड़क की ऊपरी परत को हाथ से उखाड़कर दिल्ली सरकार के पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा को दिखा रहे हैं.
इसके बाद प्रवेश वर्मा अपनी कार की ओर बढ़ते हैं. इस बीच वीडियो बना रहे एक शख्स को थप्पड़ मार देते हैं.
इस घटना के बाद अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, "मंत्री को गिरफ़्तार करो, मैं कल यहां जाऊंगा."
मंत्री ने जिस शख़्स को थप्पड़ मारा, उसने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा, "मैं विधायक की सोशल मीडिया गतिविधियां संभालता हूं. पीडब्ल्यूडी विभाग ने हमें इस सड़क की हालत देखने के लिए बुलाया था. सर ने उन्हें दिखाया कि सड़क की परत किस तरह टूट रही है. जब हमने यह बात बताई तो मंत्री जी इसे बर्दाश्त नहीं कर पाए और उन्होंने मुझे थप्पड़ मार दिया. उनके साथ मौजूद लोगों ने मुझे जान से मारने की धमकी भी दी."
शख़्स ने मंत्री प्रवेश वर्मा से माफी मांगने और उनके ख़िलाफ़ कार्रवाई की मांग की है.

इमेज स्रोत, Getty Images
चुनाव आयोग से जुड़े विवाद पर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह मामला पूरी तरह से गैरक़ानूनी और अनैतिक है.
प्रियंका गांधी ने रविवार को मीडिया से बात करते हुए कहा, "जिन लोगों पर देश की चुनावी व्यवस्था और संस्थाओं को निष्पक्ष ढंग से चलाने की ज़िम्मेदारी है, उनके किसी राजनीतिक दल के प्रति झुकाव नहीं होना चाहिए."
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा, "चुनाव आयोग के शीर्ष पदों पर बैठे कुछ लोग न केवल राजनीतिक दलों के प्रति झुकाव रखते हैं, बल्कि उनका प्रचार भी कर रहे हैं."
कांग्रेस सांसद ने सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसी स्थिति में निष्पक्ष चुनाव कैसे कराए जा सकते हैं.
उन्होंने कहा, "यह उन कई मामलों में से एक है, जिनमें मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने गैरक़ानूनी और असंवैधानिक कदम उठाए हैं."
प्रियंका गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से इस्तीफ़े की मांग की है.
दरअसल, अंग्रेज़ी अख़बार इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक़, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से चुनाव आयुक्त विवेक जोशी और सुखबीर सिंह संधू की कई फ़ैसलों में असहमति रही है.
जिसके बाद विपक्ष ज्ञानेश कुमार पर मनमाने तरीक़े से फ़ैसले लेने का आरोप लगा रहा है.

इमेज स्रोत, Getty Images
दक्षिण अफ़्रीका में कुछ घंटों के अंतराल में हुई दो अलग-अलग सामूहिक शूटिंग की घटनाओं में 27 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए. यह देश में बढ़ती बंदूक हिंसा की ताज़ा घटना है.
पहली घटना शनिवार रात जोहान्सबर्ग के पास एक बार में हुई.
पुलिस के अनुसार, आठ हथियारबंद हमलावरों ने एक बार पर धावा बोल दिया और अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी. इस हमले में 17 लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 अन्य घायल हो गए.
दूसरी घटना रविवार तड़के केप टाउन के पास एक टाउनशिप में स्थित एक एंटरटेनमेंट सेंटर के बाहर हुई. यहां हुई गोलीबारी में 10 लोगों की जान चली गई और 11 अन्य घायल हो गए.
मृतकों में से पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच ने अस्पताल में दम तोड़ दिया.
जोहान्सबर्ग की घटना में हमलावरों ने सबसे पहले बार के बाहर मौजूद लोगों पर गोलियां चलाईं और फिर अंदर घुसकर भी फ़ायरिंग की.
वारदात के बाद हमलावर दो वाहनों को आग लगाकर फरार हो गए. पुलिस ने बताया कि मृतकों में 13 पुरुष और चार महिलाएं शामिल हैं. हालांकि दोनों घटनाओं के पीछे का मक़सद अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है.
पुलिस ने रविवार सुबह तक किसी भी मामले में गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की थी.
इन घटनाओं से कुछ दिन पहले भी डरबन शहर के क्वामाखुथा टाउनशिप में एक घर पर हुए हमले में 11 लोगों की मौत हुई थी.

इमेज स्रोत, Ajay Aggarwal/Hindustan Times via Getty Images
केंद्र सरकार ने टेलीकॉम कंज्यूमर प्रोटेक्शन (तेरहवां संशोधन) रेगुलेशन, 2026 लागू कर दिया गया है.
नए नियमों के तहत प्रीपेड मोबाइल उपभोक्ताओं को अब अपनी ज़रूरत के मुताबिक, अधिक विकल्प और सुविधाजनक रिचार्ज प्लान मिल सकेंगे.
बीजेपी सांसद राघव चड्ढा ने एक्स पर पोस्ट कर बताया, "नए प्रावधानों के अनुसार, टेलीकॉम कंपनियों को 30 दिन की वैधता वाले रिचार्ज प्लान उपलब्ध कराने होंगे. इससे ग्राहकों को साल में 13 बार की जगह केवल 12 बार रिचार्ज कराना पड़ेगा."
उन्होंने आगे कहा, "ऐसे उपभोक्ताओं के लिए सिर्फ वॉयस कॉल और एसएमएस वाले प्लान भी उपलब्ध होंगे, जिन्हें मोबाइल डेटा की ज़रूरत नहीं है. यह कदम खास तौर पर बुजुर्गों, ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों और कम बजट वाले ग्राहकों के लिए फायदेमंद माना जा रहा है, जो मुख्य रूप से कॉलिंग और मैसेज की सुविधा का उपयोग करते हैं."
राघव चड्ढा ने कहा कि ट्राई के इस फैसले का स्वागत किया जा रहा है.
अभी तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल रात दस बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.

इमेज स्रोत, Ayush Kumar/Getty Images
भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले जा रहे पहले वनडे मुक़ाबले में भारत ने टॉस जीता है. टीम ने पहले गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला किया है.
दोनों टीमों के बीच यह मुक़ाबला तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफ़ील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जा रहा है. दोनों टीमों के बीच दोपहर 2 बजे मुक़ाबला शुरू होगा.
दोनों टीमों के स्क्वॉड
भारत: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़, केएल राहुल, ध्रुव जुरेल, नितीश कुमार रेड्डी, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, मोहम्मद सिराज, आक़िब नबी, यशस्वी जायसवाल, नमन धीर
वेस्टइंडीज: शाई होप (कप्तान/विकेटकीपर), जॉन कैंपबेल, कीसी कार्टी, शेरफ़ेन रदरफ़ोर्ड, जस्टिन ग्रीव्स, अमीर जांगू, मैथ्यू फ़ोर्ड, रोस्टन चेज़, गुडाकेश मोती, अल्ज़ारी जोसेफ़, जायडेन सील्स, शमर जोसेफ़, ज्वेल एंड्रयू, विटेल लॉव्स, कीमो पॉल

इमेज स्रोत, Ryan Murphy/Getty Images
अमेरिका के उत्तर-पूर्वी हिस्से में शक्तिशाली तूफ़ान के चलते तटीय इलाक़ों में बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई है.
तेज़ हवाओं और भारी बारिश के कारण बिजली आपूर्ति और यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई है, जबकि ख़राब मौसम के चलते स्टेडियम में होने वाले कई कार्यक्रम भी रद्द कर दिए गए हैं.
अमेरिकी नेशनल वेदर सर्विस के मुताबिक़, शनिवार को न्यूयॉर्क सिटी और बोस्टन समेत कई इलाक़ों में तेज़ हवाएं और भारी बारिश दर्ज की गई.
न्यूयॉर्क और न्यू जर्सी में इमरजेंसी घोषित की गई है. दोनों राज्यों के कुछ तटीय इलाक़ों में भारी जलभराव की स्थिति बनी हुई है. वर्जीनिया से लेकर मेन राज्य तक बारिश और तेज़ हवाओं का पूर्वानुमान जताया गया है.
न्यू जर्सी के सर्फ़ सिटी में 26 सितंबर को बाढ़ से प्रभावित सड़कों पर लोगों के आने-जाने की तस्वीरें भी सामने आई हैं.

इमेज स्रोत, Ryan Murphy/Getty Images

इमेज स्रोत, Ryan Murphy/Getty Images
थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में लगातार हुई भारी बारिश के बाद बाढ़ की आपात स्थिति घोषित कर दी गई है.
गुरुवार से अब तक शहर में 300 मिलीमीटर (करीब 12 इंच) से ज़्यादा बारिश दर्ज की गई है, जिसके कारण कई सड़कें पानी में डूब गई हैं.
बैंकॉक मेट्रोपॉलिटन अथॉरिटी ने रविवार को बताया कि बारिश अब थम गई है, लेकिन शहर की नहरों में पानी का स्तर अभी भी काफ़ी ऊंचा है. शहर के गवर्नर ने चेतावनी दी है कि बाढ़ का ख़तरा अभी टला नहीं है.
प्रशासन ने लोगों से घरों में रहने की अपील की है. वहीं, नहरों के आसपास रहने वाले लोगों को अपना सामान ऊपरी मंज़िलों पर ले जाने की सलाह दी गई है.
थाईलैंड में इस मौसम में आमतौर पर गरज के साथ बारिश होती है, लेकिन पिछले कुछ दिनों में हुई अत्यधिक बारिश ने बैंकॉक की ड्रेनेज व्यवस्था पर दबाव बढ़ा दिया.
इसके चलते शहर की पहले से व्यस्त सड़कों पर यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई है.

इमेज स्रोत, Sarot Meksophawannakul / THAI NEWS PIX / AFP via Getty Images

इमेज स्रोत, Sarot Meksophawannakul / THAI NEWS PIX / AFP via Getty Images

इमेज स्रोत, Sarot Meksophawannakul / THAI NEWS PIX / AFP via Getty Images

इमेज स्रोत, Lev Radin/Pacific Press/LightRocket via Getty Images
ईरान ने कहा है कि बातचीत के ज़रिए ही होर्मुज़ स्ट्रेट को दोबारा खोला जा सकता है.
यह बयान ऐसे समय आया है, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के इस ऑफ़र को ठुकरा दिया है, जिसमें एक सप्ताह के भीतर होर्मुज़ खोलने की बात कही गई थी.
न्यूयॉर्क में पत्रकारों से बातचीत में ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने कहा, "अमेरिका की ओर से ईरान को अब तक कोई आधिकारिक जवाब नहीं मिला है."
दरअसल ट्रंप ने इससे पहले कहा था कि ईरान ने होर्मुज़ खोलने का प्रस्ताव इसलिए दिया है, क्योंकि वह युद्ध में कमज़ोर स्थिति में है. हालांकि, अराग़ची ने कहा कि ईरान अपने प्रस्ताव में रखी शर्तों से पीछे नहीं हटेगा.
ईरानी विदेश मंत्री के मुताबिक, इन शर्तों में क्षेत्र के सभी संघर्षों को रोकना शामिल है. इसमें लेबनान में जारी संघर्ष भी शामिल है. इसके अलावा ईरान ने अमेरिका की ओर से लगाए गए प्रतिबंधों को हटाने की मांग भी रखी है.
इस बीच, ईरानी अधिकारियों ने जहाज़ों को चेतावनी दी है कि वे होर्मुज़ स्ट्रेट से गुज़रने के लिए उन मार्गों का इस्तेमाल न करें, जिन्हें ईरान ने 'अनधिकृत' बताया है.

इमेज स्रोत, Sonu Mehta/Hindustan Times via Getty Images
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने दावा किया कि पार्टी के सह-संयोजक आशुतोष रांका को असम पुलिस ने गुवाहाटी सेहिरासत में लिया है.
दावा है कि आशुतोष रांका को रविवार (27 सितम्बर 2026) को पार्टी की 'रीजनल वॉलंटियर्स मीट' से ठीक पहले उनकी टीम के साथ हिरासत में लिया गया.
आशुतोष रांका ने भी सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया है, जिसमें वो पुलिस वैन में बैठे हुए दिख रहे हैं.
उन्होंने मीडिया से कहा, "हिमंत बिस्वा सरमा डरे हुए हैं कि अगर हम असम के स्कूलों की वास्तविक स्थिति दिखा देंगे, तो पूरे देश को उनकी हालत के बारे में पता चल जाएगा."
रांका ने कहा, "हिमंत बिस्वा सरमा इस बात से भी डरे हुए हैं कि काज़ीरंगा में हमारे लोगों के अधिकार किस तरह छीने जा रहे हैं और ज़मीन, जंगल तथा पानी को किस तरह कॉरपोरेट्स को दिया जा रहा है."
दूसरी ओर, सीजेपी ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफ़े की मांग की है. सीजेपी ने इस्तीफ़ा नहीं देने पर 2 अक्तूबर को देशव्यापी आंदोलन करने की चेतावनी भी दी है.

इमेज स्रोत, T. Narayan/Bloomberg via Getty Images
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चुनाव आयोग की भूमिका पर उठ रहे सवालों का जवाब देते हुए विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला है.
योगी आदित्यनाथ ने सवाल उठाया है कि विपक्षी दल चुनाव हारते हैं तभी ईवीएम या चुनाव आयोग को क्यों ज़िम्मेदार ठहराते हैं.
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, "कांग्रेस और विपक्षी दलों का नज़रिया हमेशा से अपने राजनीतिक स्वार्थों के लिए भारत की संवैधानिक संस्थाओं को नुकसान पहुँचाने, लोकतांत्रिक मूल्यों को कमज़ोर करने की हर उस साज़िश का हिस्सा रहे हैं, जिसके कारण दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र को नुकसान पहुँच सके."
"यह आश्चर्यजनक है कि देश का मुख्य विपक्षी दल और यूपीए गठबंधन से जुड़े अन्य दलों की वर्तमान हरकतें और उनकी बयानबाज़ी अत्यंत ग़ैर-ज़िम्मेदाराना और लोकतांत्रिक मूल्यों को नुकसान पहुँचाने वाले हैं... एसआईआर को लेकर इन्होंने लगातार भ्रम फैलाया है. ऐसा पहली बार नहीं है, जब एसआईआर हुआ है, इससे पहले भी चुनाव आयोग ये करता रहा है."
उन्होंने कहा, "कांग्रेस ने देश में सबसे अधिक शासन किया, लेकिन वह लगातार चुनाव आयोग को कठघरे में खड़ा कर रही है. ये विपक्षी दल चुनाव जीत जाएँ तो इनका पुरुषार्थ है, जबकि जनता इन्हें नकार देती है तो ये चुनाव आयोग और ईवीएम को ज़िम्मेदार ठहराते हैं. इनको खुद इस पर विचार करना चाहिए."
दरअसल, अंग्रेज़ी अख़बार इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक़ मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से चुनाव आयुक्त विवेक जोशी और सुखबीर सिंह संधू की कई फ़ैसलों में असहमति रही है.
जिसके बाद विपक्ष ज्ञानेश कुमार पर मनमाने तरीक़े से फ़ैसले लेने का आरोप लगा रहा है.
वहीं, कॉकरोच जनता पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफ़े की मांग की है. सीजेपी ने इस्तीफ़ा नहीं देने पर 2 अक्तूबर को देशव्यापी आंदोलन करने की चेतावनी भी दी है.