वेनेज़ुएला में भूकंप से मौत का आंकड़ा बढ़ा, अब तक 1430 लोगों के मारे जाने की पुष्टि, निकोल कोलस्टर और एलिसिया हेर्नांदेज़, बीबीसी न्यूज़ मुंडो, ला गुएरा, वेनेज़ुएला और लंदन
वेनेज़ुएला में बुधवार को आए दो तेज़ भूकंपों में अब तक कम से कम 1,430 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है.
अब भी लोग अपने प्रियजनों और सामान की तलाश में बेताबी से मलबा खंगाल रहे हैं. वे किसी भी ऐसी आवाज़ को सुनने की कोशिश कर रहे हैं जो यह संकेत दे सके कि कंक्रीट और लोहे के मलबे के नीचे कोई व्यक्ति ज़िंदा फंसा हुआ है.
बुधवार को वेनेज़ुएला में चंद सेकेंड के अंदर लगातार दो भूकंप आए. इनमें से एक 7.5 तीव्रता का भूकंप पिछले एक सदी में देश में दर्ज सबसे शक्तिशाली भूकंपों में से एक था.
इन भूकंपों से देश की राजधानी काराकास के नज़दीक स्थित तटीय राज्य ला गुआइरा सबसे ज़्यादा प्रभावित इलाक़ों में से एक है.
मृतकों और घायलों की संख्या हर घंटे बढ़ रही है. संयुक्त राष्ट्र का अनुमान है कि क़रीब 50,000 लोग लापता हैं.
देश में बचाव दलों की संख्या सीमित है, हालांकि मेक्सिको, स्पेन, अमेरिका और ब्रिटेन से अंतरराष्ट्रीय बचावकर्मी राहत और बचाव अभियान में शामिल होने के लिए पहुंच चुके हैं. लेकिन यह अब भी काफ़ी नहीं है.