लाइव , उमर ख़ालिद और शरजील इमाम की ज़मानत याचिकाओं पर दिल्ली पुलिस को नोटिस

सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली दंगों से जुड़े मामले में अभियुक्त उमर ख़ालिद और शरजील इमाम की ज़मानत याचिकाओं पर बुधवार को दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया.

वीडियो छोड़ें और जारी रखें
  • नरेंद्र मोदी और बालेन शाह
  • कॉप-31
  • gautam gambhir
  • musadiq khan
  • daud ibrahim
  • aazam khan
  • bulldozer

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा

  1. उमर ख़ालिद और शरजील इमाम की ज़मानत याचिकाओं पर दिल्ली पुलिस को नोटिस

    उमर ख़ालिद
    इमेज कैप्शन, उमर ख़ालिद छह साल से अधिक समय से जेल में बंद हैं

    सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली दंगों से जुड़े मामले में अभियुक्त उमर ख़ालिद और शरजील इमाम की ज़मानत याचिकाओं पर बुधवार को दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया.

    हालांकि, कोर्ट ने फ़िलहाल दोनों अभियुक्तों को अंतरिम ज़मानत देने की मांग पर विचार करने से इनकार कर दिया. इससे पहले दिल्ली हाईकोर्ट ने दोनों की ज़मानत याचिकाएं ख़ारिज कर दी थीं.

    लाइव लॉ के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट में चीफ़ जस्टिस ऑफ़ इंडिया सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने मामले की सुनवाई की.

    उमर ख़ालिद की ओर से पेश वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने अंतरिम ज़मानत की मांग करते हुए दलील दी कि उनके मुवक्किल छह साल से अधिक समय से हिरासत में हैं. वहीं, शरजील इमाम की ओर से वरिष्ठ वकील सिद्धार्थ दवे ने भी इसी तरह की मांग रखी.

    हालांकि, पीठ ने कहा कि अंतरिम राहत पर विचार करने से पहले वह प्रतिवादी यानी दिल्ली पुलिस का पक्ष सुनना चाहती है. जस्टिस बागची ने कहा, "आपने अंतरिम राहत की मांग की है. पहले इस पर जवाब आने दीजिए."

    इस पर सीजेआई ने स्पष्ट किया कि फ़िलहाल अंतरिम राहत नहीं दी जाएगी.

  2. जेनिफ़र बैरेटो बनीं मिस यूनिवर्स 2026, भारत की लिज़ मेजो टॉप 12 में पहुंचने से चूकीं

    जेनिफर बैरेटो
    इमेज कैप्शन, जेनिफर बैरेटो ने मिस यूनिवर्स-2026 का ख़िताब जीता

    प्यूर्टो रिको की जेनिफ़र बैरेटो ने मिस यूनिवर्स-2026 का ख़िताब जीत लिया है.

    सैन जुआन में आयोजित प्रतियोगिता के 75वें फ़िनाले में बुधवार को उन्हें विजेता घोषित किया गया.

    प्रतियोगिता में डोमिनिकन रिपब्लिक की मेलिसा नुनेज फ़र्स्ट रनर-अप रहीं, जबकि वेनेज़ुएला की क्लारा वेगास ने सेकेंड रनर-अप का स्थान हासिल किया.

    भारत की ओर से इस साल केरल की 19 वर्षीय काज़िया लिज़ मेजो ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया.

    काज़िया टॉप-30 में जगह बनाने में सफल रहीं, लेकिन टॉप-12 में पहुंचने से चूक गईं.

    काज़िया लिज़ मेजो
    इमेज कैप्शन, काज़िया लिज़ मेजो
  3. वैभव सूर्यवंशी ने दोहरा शतक लगाने के बाद युवराज सिंह का ज़िक्र करते हुए क्या बताया

    वैभव सूर्यवंशी
    इमेज कैप्शन, वैभव सूर्यवंशी ने बताया कि उन्होंने मैच से पहले क़रीब आधे घंटे तक पूर्व भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह से फ़ोन पर बात की थी (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारत के युवा बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी ने मंगलवार को एशिया कप राइज़िंग स्टार्स में दोहरा शतक लगाकर इतिहास रच दिया.

    वैभव ने बताया कि मैच से पहले उनकी क़रीब आधे घंटे तक पूर्व भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह से फ़ोन पर बात हुई थी.

    बीसीसीआई की ओर से जारी एक वीडियो में वैभव ने बताया कि उन्होंने मैच से पहले चार लोगों से बात की थी. इनमें वैभव के पिता, बचपन के कोच मनीष ओझा, दोस्त प्रथम जाचक और युवराज सिंह शामिल हैं.

    वैभव ने बताया, "युवराज सर से मैंने क़रीब आधे घंटे तक बातचीत की. बैटिंग को लेकर कई चीज़ें मुझे बताई. मैंने उन्हें खुलकर बताया कि मुझे ये-ये प्रॉब्लम्स आ रही हैं. युवराज सर ने मुझसे इतना कहा था कि अगर 20 गेंद टिक गए तो स्कोर अलग ही होगा. उन्होंने और भी टेक्निकल चीज़ें बताईं."

    "ये आसान नहीं है. पिछले कुछ मैचों में रन नहीं बन पाए थे. इससे मेरा ध्यान थोड़ा भटक रहा था. फिर मैंने यूवी सर से बातचीत की, वो मेरे आइडियल हैं. उन्होंने मुझे कुछ पॉइंट्स बताए. बाद में मैंने पुराना वीडियो देखा तो समझ आया कि मैं कहां ग़लतियां कर रहा था. मैंने इस मैच में उन ग़लतियों को नहीं दोहराने की कोशिश की. युवराज सर की बताई चीज़ों को मैंने ट्राई किया, जिससे मुझे काफ़ी मदद मिली."

    वैभव सूर्यवंशी ने कहा, "पिछली दो पारियों में मैं लंबे फ़ॉर्मेट के हिसाब से खेल रहा था. आज भी उसी सोच के साथ मैदान पर उतरा था. जब गेंद बल्ले पर अच्छी तरह आने लगी तो मैंने शॉट खेलने की कोशिश की और उसी के अनुसार अपना खेल बदला."

    सूर्यवंशी ने कहा कि वे केवल एक फ़ॉर्मेट के खिलाड़ी नहीं हैं. उनके पास अलग-अलग फ़ॉर्मेट के अनुसार बैटिंग को बदलने की क्षमता है.

  4. छठ पूजा और सिंदूर परंपरा पर विवादित टिप्पणी के बाद कॉमेडियन यश माहेश्वरी ने मांगी माफ़ी

    यश माहेश्वरी
    इमेज कैप्शन, यश माहेश्वरी ने अपने यूट्यूब चैनल पर वीडियो जारी कर माफ़ी मांगी

    स्टैंड-अप कॉमेडियन यश माहेश्वरी ने छठ पूजा और बिहार की महिलाओं की सिंदूर परंपरा पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के विवाद के बाद माफ़ी मांगी है.

    यश माहेश्वरी ने अपने यूट्यूब चैनल पर वीडियो साझा कर कहा कि उन्हें बिहार की सांस्कृतिक परंपराओं पर इस तरह की टिप्पणी नहीं करनी चाहिए थी.

    यश ने कहा, "हाल ही में मैंने एक वीडियो पोस्ट किया था जिसमें मैं बिहार की कुछ सांस्कृतिक चीज़ों के बारे में बात कर रहा था. मुझे लगता है कि मुझे ऐसा नहीं करना चाहिए था. मैं माफ़ी मांगता हूं, मुझे यह कमेंट नहीं करना चाहिए था. मुझे बहुत खेद है कि यह बात ग़लत दिशा में चली गई. मैं इसके लिए मैं बहुत माफ़ी चाहता हूं."

    "मेरा इरादा नहीं था कि किसी के धार्मिक भावों, किसी त्योहार या किसी भी तरह के भावों को ठेस पहुँचे. लेकिन मुझे नहीं पता कि इसे कैसे पेश किया गया और शायद यह 100 फ़ीसदी मेरी ग़लती थी कि ऐसा हुआ."

    यश माहेश्वरी ने कहा कि उनकी ओर से अब ऐसा कोई कंटेंट पोस्ट नहीं किया जाएगा.

    दूसरी ओर, कांग्रेस के राज्यसभा सांसद और सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने कॉमेडियन यश माहेश्वरी की आपत्तिजनक टिप्पणी की कड़ी निंदा करते हुए उनके ख़िलाफ़ सख्त क़ानूनी कार्रवाई की मांग की है.

  5. भारत-पाकिस्तान के खिलाड़ियों के बीच मैदान पर हुए विवाद को लेकर हरभजन सिंह ने क्या कहा

    हरभजन सिंह
    इमेज कैप्शन, पूर्व भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह ने इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) से हस्तक्षेप करने की मांग की (फ़ाइल फ़ोटो)

    पूर्व भारतीय क्रिकेटर और बीजेपी सांसद हरभजन सिंह ने क्रिकेट मैदान पर खिलाड़ियों के बीच बढ़ती बयानबाज़ी और तनातनी पर चिंता जताई है.

    उन्होंने कहा कि अब इस मामले में इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) को हस्तक्षेप करना चाहिए.

    हरभजन सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा, "मुझे लगता है कि अब आईसीसी को इस मामले में दख़ल देना चाहिए. खिलाड़ियों की प्रतिक्रियाएं कुछ ज़्यादा ही बढ़ रही हैं. पहले पाकिस्तान के खिलाड़ियों ने जीत के बाद ऐसा किया, फिर भारतीय खिलाड़ियों ने अपनी जीत के बाद वैसा ही किया और कल भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला. यह ठीक नहीं है. मुझे लगता है कि खेल को खेल की तरह ही लिया जाए तो बेहतर होगा."

    उन्होंने कहा, "खेल में थोड़ी बहुत नोकझोंक हमेशा से होती आई है और ऐसा होना भी चाहिए, क्योंकि इससे मुकाबले में रोमांच बढ़ता है. लेकिन बात इतनी आगे नहीं बढ़नी चाहिए कि बाद में आपको शर्मिंदगी महसूस हो. इसलिए मेरा मानना है कि आईसीसी और दोनों देशों के क्रिकेट बोर्ड को आगे आकर कहना चाहिए कि यह सब नहीं चलेगा."

    दरअसल, रविवार को दोहा में खेले गए एशिया कप राइज़िंग स्टार्स टूर्नामेंट में इंडिया ए और पाकिस्तान ए के मुक़ाबले के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच तनातनी देखी गई थी.

    इस मुक़ाबले के दौरान तिलक वर्मा और अब्दुल समद ने हैंडशेक नहीं किया था. वहीं, टॉस के नतीजे को लेकर भी असमंजस की स्थिति बनी.

    इसके बाद पाकिस्तान ए की पारी के दौरान भारतीय तेज़ गेंदबाज़ हर्षित राणा की शमिल हुसैन और माज़ सदाकत के साथ तीखी बहस हुई.

    इससे पहले अंडर-19 एशिया कप फ़ाइनल के दौरान भी खिलाड़ियों के बीच नोकझोंक देखने को मिली थी.

  6. सऊदी अरब में हूती विद्रोहियों के हमले में दो भारतीय घायल, विदेश मंत्रालय ने क्या कहा

    भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर
    इमेज कैप्शन, भारत के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि भारतीय दूतावास घायलों और उनके परिवारों को हर संभव मदद दे रहा है (फ़ाइल फ़ोटो: भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर)

    सऊदी अरब की राजधानी रियाद के फ़ाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट स्थित एक टावर पर 24 नवंबर को हुए हमले की भारत ने बुधवार को कड़ी निंदा की है.

    विदेश मंत्रालय के मुताबिक़, रियाद के फ़ाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट पर हुए हमले में दो भारतीय नागरिक भी घायल हुए हैं.

    विदेश मंत्रालय ने अपने आधिकारिक बयान में हमले की निंदा करते हुए कहा, "रियाद में भारतीय दूतावास घायलों और उनके परिवारों को हर संभव मदद दे रहा है. इन हमलों से आम लोगों की जान को गंभीर ख़तरा है. ये सऊदी अरब की संप्रभुता का उल्लंघन करते हैं और क्षेत्र की सुरक्षा और स्थिरता को कमजोर करते हैं. हम ऐसे हमलों को तुरंत रोकने की मांग करते हैं."

    मंत्रालय ने कहा, "हम सऊदी अरब के लोगों और सरकार के साथ अपनी पूरी एकजुटता दोहराते हैं. साथ ही, सऊदी अरब की संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और वहां के नागरिकों और निवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उसके प्रयासों में अपना पूरा समर्थन फिर से जताते हैं."

    भारत ने क्षेत्र में जल्द से जल्द शांति और सामान्य हालात लौटने की उम्मीद भी जताई है.

  7. इसराइल के रक्षा मंत्री का आरोप- ईरान केमिकल वेपन बना रहा है

    इसराइल कात्ज़
    इमेज कैप्शन, इसराइल के रक्षा मंत्री इसराइल कात्ज़ ने ईरान पर गंभीर आरोप लगाया है (फ़ाइल फ़ोटो)

    इसराइल के रक्षा मंत्री इसराइल कात्ज़ ने ईरान पर केमिकल वेपन विकसित करने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि इसराइल ईरान को इस तरह की क्षमता हासिल नहीं करने देगा.

    इसराइली पत्रकारों के साथ मंगलवार को एक ब्रीफ़िंग के दौरान कात्ज़ ने यह आरोप लगाया, हालांकि उन्होंने अपने आरोपों के समर्थन में कोई ठोस सबूत पेश नहीं किया है.

    बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, इसराइल के सरकारी टीवी चैनल कान समेत देश के कई अन्य मीडिया संस्थानों ने कात्ज़ के इस बयान को रिपोर्ट किया है.

    इससे पहले भी इसराइली मीडिया में खबरें आई थीं कि इसराइल के अधिकारियों ने ईरान पर रासायनिक हथियार बनाने की आशंका से जुड़ी जानकारी अमेरिका को दी थी.

    हालांकि, ईरान इन आरोपों को लगातार ग़लत बताता रहा है.

  8. पाकिस्तान के पीएम शहबाज़ शरीफ़ ने एस्ट्रोनॉट ज़ीशान अली और चीन को लेकर क्या कहा

    शहबाज़ शरीफ़
    इमेज कैप्शन, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने चीन के अंतरिक्ष अभियान को पाकिस्तान के अंतरिक्ष अभियान की दिशा में भी ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है (फ़ाइल फ़ोटो)

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने पाकिस्तानी एस्ट्रोनॉट ज़ीशान अली के चीन के तियांगोंग स्पेस स्टेशन के लिए रवाना होने पर देशवासियों को बधाई दी है.

    शहबाज़ शरीफ़ ने इसे पाकिस्तान के अंतरिक्ष अभियान की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह केवल 'एक एस्ट्रोनॉट की यात्रा नहीं, बल्कि 24 करोड़ पाकिस्तानियों के सपनों की उड़ान' है.

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर पोस्ट में लिखा गया, "प्रधानमंत्री ने कहा कि आज पाकिस्तान ने सितारों से आगे जाने का अपना सफ़र शुरू कर दिया है. यह सिर्फ़ एक एस्ट्रोनॉट का सफ़र नहीं है, बल्कि 24 करोड़ पाकिस्तानियों का सफ़र है. यह हमारी युवा पीढ़ी, हमारे वैज्ञानिकों और हमारे सपनों का सफ़र है. मुहम्मद ज़ेशान अली और खुर्रम दाऊद दोनों ने चीन में बहुत मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ अपनी ट्रेनिंग पूरी की है."

    पीएमओ के मुताबिक़, "प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि चीन के बाद पाकिस्तान तियांगोंग स्पेस स्टेशन तक जाने वाला पहला देश बनेगा. यह पाकिस्तान और चीन की मज़बूत दोस्ती का जीता-जागता सबूत है. इस ऐतिहासिक मिशन में पाकिस्तान को शामिल करने के लिए हम अपने भाई जैसे देश चीन के आभारी हैं."

    "चीन और पाकिस्तान न केवल धरती पर शांति बनाए रखने और एक-दूसरे के विकास के लिए साथ काम कर रहे हैं, बल्कि अब अंतरिक्ष के सफ़र में भी एक साथ आगे बढ़ रहे हैं. यह हमारी दोस्ती की मज़बूती और गहराई को दिखाता है."

    प्रधानमंत्री ने कहा कि अगर आज एक पाकिस्तानी अंतरिक्ष स्टेशन तक पहुंच सकता है, तो कल कोई पाकिस्तानी चांद तक भी पहुंचेगा.

  9. अखिलेश यादव ने कांग्रेस से मांगीं यूपी की बाकी संभावित सीटों की सूची, बोले- एडजस्ट करना पड़ सकता है

    अखिलेश यादव
    इमेज कैप्शन, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि गठबंधन का उद्देश्य केवल सीटों का बंटवारा करना नहीं, बल्कि अधिक से अधिक सीटों पर जीत सुनिश्चित करना होना चाहिए (फ़ाइल फ़ोटो)

    समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कांग्रेस के साथ गठबंधन और सीटों के तालमेल को लेकर अपनी बात रखी है.

    उन्होंने कांग्रेस से प्राथमिकता के आधार पर दी गई सीटों में से 26 सीटों पर बातचीत पूरी होने के बाद बाकी सीटों की सूची भेजने को कहा है.

    अखिलेश ने कहा है कि गठबंधन का उद्देश्य केवल सीटों का बंटवारा करना नहीं, बल्कि अधिक से अधिक सीटों पर जीत सुनिश्चित करना होना चाहिए.

    अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "इस बार एक ऐतिहासिक अवसर है जब हम दोनों पंथनिरपेक्ष पार्टियां मिलकर साम्प्रदायिक भाजपा और उनके संकीर्ण सोच के साथियों को हमेशा के लिए हराकर, देश को ग़लत हाथों में जाकर बर्बाद होने से बचा सकते हैं."

    "हम चाहते हैं कि आप और हम जन-अपेक्षाओं और वास्तविकताओं को समझकर गंभीर विचार-विमर्श करें जिससे अधिकांश सीटों पर अपने गठबंधन की जीत सुनिश्चित हो. जितनी सीटें आप-हम लड़ें उनमें हमारी जीत की सीटें, न जीत पाने वाली सीटों से अधिक हों. जीत ही बंटवारे को सम्मानजनक बनाएगी क्योंकि जीती हुई सीट ही सम्मान दिलाएगी."

    अखिलेश ने लिखा, "आपकी टीम की तरफ़ से प्राथमिकता के आधार पर दी गई सीटों में से जिन 26 सीटों पर आज बात हो गई है, उनके अतिरिक्त अन्य सभी संभावित सीटें चिह्नित करके हमें भेज दें. फिर मिल बैठकर देखेंगे कि कौन सी सीट और उस पर कौन सा कैंडिडेट जीतने की पोज़िशन में है. हो सकता है कि हम अपने आकलन और जीत के गणितीय समीकरण के आधार पर कांग्रेस को ऐसी कई जीतने वाली सीटों के बारे में भी बताएं जिन पर उन्होंने किसी कारणवश विचार ही नहीं किया है."

    अखिलेश यादव ने गठबंधन में उम्मीदवारों के चयन को लेकर संभावित बदलावों का भी ज़िक्र किया. उन्होंने कहा कि चुनाव में सरकार बनाने के लक्ष्य को प्राथमिकता देते हुए कुछ लोगों को एडजस्ट करना पड़ सकता है.

    अखिलेश ने लिखा कि एक-दो ऐसे लोग भी हो सकते हैं, जिन्हें चुनाव लड़ाने का वादा किया गया हो, लेकिन परिस्थितियों को देखते हुए दो-चार सीटों पर बदलाव करना पड़े.

  10. उत्तरकाशी के पवाणी गांव में आग लगने से 33 मकान जलकर राख, 58 परिवार प्रभावित, आसिफ़ अली, बीबीसी हिन्दी के लिए, उत्तरकाशी से

    आग
    इमेज कैप्शन, इस घटना में कुल 58 परिवार प्रभावित हुए हैं, जबकि गांव के 13 मकान सुरक्षित बच गए हैं.

    उत्तराखंड के उत्तरकाशी ज़िले के मोरी तहसील स्थित पवाणी गांव में मंगलवार शाम भीषण आग लगने से 33 मकान जलकर राख हो गए.

    आग इतनी तेज़ी से फैली कि इसकी चपेट में पंचायत भवन और प्राथमिक विद्यालय भी आ गए.

    पुरोला के उपजिलाधिकारी (एसडीएम) से मिली जानकारी के मुताबिक़, इस घटना में कुल 58 परिवार प्रभावित हुए हैं, जबकि गांव के 13 मकान सुरक्षित बच गए हैं.

    एसडीएम के मुताबिक़, आग की इस घटना में अब तक किसी व्यक्ति की मौत या किसी के घायल होने की सूचना नहीं है.

    उत्तरकाशी के ज़िलाधिकारी प्रशांत आर्य ने बताया कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक़, आग लगने की वजह गैस सिलेंडर हो सकती है. उन्होंने कहा कि घटना में 33 मकान प्रभावित हुए हैं. डीएम ने बताया कि आग से मवेशियों को भी नुकसान पहुंचा है.

    जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र की रिपोर्ट के मुताबिक़, गांव मोरी तहसील से करीब 55-60 किलोमीटर दूर है. सड़क से लगभग 300-400 मीटर पैदल चलकर गांव पहुंचा जा सकता है. मौके पर पुलिस, एसडीआरएफ, अग्निशमन और राजस्व विभाग की टीमें पहुंची हैं.

    मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर दुख जताते हुए ज़िला प्रशासन को प्रभावित परिवारों के लिए भोजन, आवास, चिकित्सा सुविधा और अन्य ज़रूरी राहत सामग्री की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं.

  11. अमेरिका कई देशों पर नए टैरिफ़ लगाने की कर रहा तैयारी, चीन और जापान समेत 16 देश होंगे प्रभावित, जोनाथन जोसेफ्स और ऑसमंड चिया, बिज़नेस रिपोर्टर

    डोनाल्ड ट्रंप
    इमेज कैप्शन, टैरिफ़ लगाना अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नीति का प्रमुख हिस्सा रहा है (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिका कई देशों से होने वाले आयात पर नए टैरिफ़ लगाने की तैयारी कर रहा है.

    बीबीसी की जानकारी के मुताबिक़, इस फ़ैसले से अमेरिका के कई बड़े व्यापारिक साझेदार प्रभावित होंगे. इनमें चीन, यूरोपीय यूनियन, मेक्सिको और जापान समेत कुल 16 देश या व्यापारिक समूह शामिल हैं.

    टैरिफ़ लगाना अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नीति का प्रमुख हिस्सा रहा है. उनका तर्क है कि आयात शुल्क बढ़ाने से अमेरिका में मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा मिलेगा और रोज़गार के नए अवसर पैदा होंगे.

    अप्रैल 2025 में ट्रंप ने दुनिया के कई व्यापारिक साझेदारों पर बड़े टैरिफ़ लगाने का एलान किया था. उनके इस फ़ैसले से दुनियाभर में हलचल मच गई थी. हालांकि, बाद में इन टैरिफ़ को रद्द कर दिया गया था.

    उस समय अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीयर ने दलील दी थी कि विदेशों में ज़रूरत से ज़्यादा उत्पादन के कारण अमेरिकी मैन्युफैक्चरिंग प्रभावित हो रही है और निवेश को भी बढ़ावा नहीं मिल पा रहा है.

    नए टैरिफ़ के तहत अलग-अलग देशों पर आयात शुल्क की दरें अलग होंगी. यह दर इस बात पर निर्भर करेगी कि संबंधित देश ने पहले राष्ट्रपति ट्रंप के साथ किस तरह के व्यापारिक समझौते किए हैं.

    इस फ़ैसले से अमेरिका और चीन के बीच व्यापारिक तनाव और बढ़ने की आशंका है. दुनिया की ये दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाएं पहले से ही ट्रेड विवाद में उलझी हुई हैं.

  12. चीन का शेनझोउ-24 मिशन लॉन्च, पाकिस्तान के ज़ीशान अली भी जा रहे स्पेस स्टेशन

    शेनझोउ-24 अंतरिक्ष मिशन
    इमेज कैप्शन, चीन और पाकिस्तान ने पिछले साल अंतरिक्ष के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किए थे

    चीन ने बुधवार को शेनझोउ-24 अंतरिक्ष मिशन लॉन्च किया और बाद में इसे 'पूरी तरह सफल' घोषित कर दिया.

    जिउक्वान सैटेलाइट लॉन्च सेंटर में मौजूद अंतरिक्ष यात्रियों ने मिशन की सफलता की पुष्टि की.

    बीजिंग एयरोस्पेस कंट्रोल सेंटर के उड़ान आंकड़ों और रिपोर्ट के मुताबिक़, शेनझोउ-24 अंतरिक्ष यान को तय ऑर्बिट में सफलतापूर्वक स्थापित कर दिया गया है. अंतरिक्ष यान सामान्य रूप से काम कर रहा है.

    इस मिशन के तहत तीन अंतरिक्ष यात्रियों को चीन के तियांगोंग स्पेस स्टेशन पर पहुंचाया जाएगा.

    इनमें पाकिस्तान के अंतरिक्ष यात्री मुहम्मद ज़ीशान अली भी शामिल हैं. वह तियांगोंग स्पेस स्टेशन पर जाने वाले पहले विदेशी नागरिक होंगे.

    दरअसल, चीन और पाकिस्तान ने पिछले साल अंतरिक्ष के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किए थे.

    मुहम्मद ज़ीशान अली
    इमेज कैप्शन, मुहम्मद ज़ीशान अली

    न्यूज़ एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक़, मुहम्मद ज़ीशान अली तियांगोंग स्पेस स्टेशन पर क़रीब एक हफ़्ते तक रहेंगे. यह अवधि चीनी अंतरिक्ष यात्रियों के सामान्य छह महीने के मिशन की तुलना में काफ़ी कम है.

    ज़ीशान अली ने अपने मिशन को लेकर कहा है कि वह 'अपने कंधों पर पाकिस्तान का नाम और 25 करोड़ पाकिस्तानियों की उम्मीदें' लेकर अंतरिक्ष में जा रहे हैं.

    गौरतलब है कि चीन अंतरिक्ष के क्षेत्र में अपनी ताक़त बढ़ाने के लिए अमेरिका के साथ प्रतिस्पर्धा कर रहा है.

    साल 2024 में चीन ने चांद के एक हिस्से से पहली बार मिट्टी और चट्टानों के सैंपल धरती पर लाकर बड़ी उपलब्धि हासिल की थी. चीन का लक्ष्य 2030 तक अपने अंतरिक्ष यात्रियों को चांद पर उतारना है.

  13. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    पिछले लाइव पोस्ट की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें.