दिल्ली पुलिस ने सोनम वांगचुक के बारे में दी ये नई जानकारी

इमेज स्रोत, Vipin Kumar/Hindustan Times via Getty Images
दिल्ली पुलिस ने कहा है कि सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक लंबे समय तक अनशन पर रहने के बाद कमज़ोर हो गए हैं.
डीसीपी नई दिल्ली ने इस मामले की जानकारी देते हुए कहा कि वांगचुक में शरीर में पानी की कमी के संकेत मिले हैं.
डीसीपी नई दिल्ली ने एक्स पर लिखा है, ''हाई कोर्ट के निर्देशों के अनुसार और रोज़ाना होने वाली जांच के तहत डॉक्टर सोनम वांगचुक की मेडिकल जांच के लिए पहुंचे थे. इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने रुकावट पैदा की. इससे कुछ हंगामा भी हुआ."
"वांगचुक की नाज़ुक स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए, डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें मेडिकल जांच और आगे की ज़रूरत के अनुसार इलाज के लिए सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया."
डीसीपी नई दिल्ली ने बताया, "इसके बाद डॉक्टरों ने वांगचुक की स्वास्थ्य स्थिति की जांच की और बताया कि लंबे समय तक फास्टिंग रखने के कारण वह कमज़ोर हो गए हैं और उनमें शरीर में पानी की कमी के संकेत मिले हैं. उन्हें निगरानी में रखा गया है."
दिल्ली पुलिस ने बताया कि आगे की जांच की जा रही है और विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नज़र रखी जा रही है."
दूसरी ओर, वांगचुक की पत्नी गीतांजलि जे अंगमो ने कहा कि अभी उनका कोई इलाज नहीं चल रहा है, सिर्फ़ निगरानी और जांच की जा रही है.

























