You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
मीराबाई चनू ने लगातार तीसरी बार कॉमनवेल्थ गेम्स में जीता गोल्ड मेडल, तोड़े कई रिकॉर्ड
वेटलिफ़्टर मीराबाई चनू ने ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत के लिए पहला गोल्ड मेडल जीत लिया है.
मीराबाई ने लगातार तीसरी बार कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल जीता है.
वेटलिफ़्टर मीराबाई चनू ने साल 2022 का बीबीसी इंडियन स्पोर्ट्सवुमन ऑफ़ द ईयर अवॉर्ड जीता था. चनू को पब्लिक वोटिंग के नतीजे आने के बाद विजेता घोषित किया गया था.
साल 2021 का बीबीसी इंडियन स्पोर्ट्सवुमन ऑफ़ द ईयर अवॉर्ड भी उन्होंने ही जीता था.
महिलाओं की 48 किलोग्राम की स्पर्धा में मीराबाई ने कई रिकॉर्ड तोड़े.
उन्होंने स्नैच में 85 किलोग्राम, क्लीन एंड जर्क में 105 किलोग्राम समेत कुल 190 किलोग्राम वज़न उठाया.
मीराबाई चनू ने कॉमनवेल्थ गेम्स में स्नैच में 85 किलोग्राम वज़न उठाया है जो कि एक रिकॉर्ड है.
मीराबाई चनू ने लगातार तीसरी बार कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल जीता है लेकिन वो इससे पहले सिल्वर मेडल भी जीत चुकी हैं.
उन्होंने साल 2014 में ग्लासगो में ही कॉमनवेल्थ गेम्स में सिल्वर मेडल जीता था. इसके बाद उन्होंने साल 2018 गोल्ड कोस्ट कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल जीता था, इसके बाद 2022 बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स में भी गोल्ड मेडल जीता था.
मीराबाई ने टोक्यो ओलंपिक्स में भारत के लिए सिल्वर मेडल जीता था जो कि ऐसा इतिहास रचने वाली पहली भारतीय थीं.
भारत के हुए तीन मेडल
वहीं ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों (कॉमनवेल्थ गेम्स 2026) के चौथे दिन ही रविवार को भारत की झोली में दूसरा मेडल आया था.
भारोत्तोलन यानी वेटलिफ़्टिंग में पुरुष वर्ग की 60 किलोग्राम स्पर्धा के फ़ाइनल में ऋषिकांत सिंह चनमबम ने कुल 264 किलोग्राम वज़न उठाकर रजत पदक जीता था. वो भी मीराबाई की तरह ही मणिपुर राज्य से संबंध रखते हैं.
राष्ट्रमंडल खेलों के चौथे दिन तक भारत को तीन पदक ही हासिल हो सके हैं. इससे पहले शुक्रवार को झंडू कुमार ने पैरा पावर लिफ़्टिंग में कांस्य पदक दिलाया था.
हालांकि, मुक्केबाज़ लवलीना बोरगोहेन का भी पदक पक्का हो गया है. ड्रॉ मैच के ज़रिए उन्हें सीधे सेमीफ़ाइनल में प्रवेश मिला है, जिसके बाद उनका कम से कम कांस्य पदक सुनिश्चित हो गया है.
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक़, वेट लिफ़्टर ऋषिकांत सिंह ने स्नैच स्पर्धा में 121 किलोग्राम वज़न उठाकर खेलों का नया रिकॉर्ड बनाया.
इसके बाद क्लीन एंड जर्क में 143 किलोग्राम वज़न उठाया. इस तरह उन्होंने कुल 264 किलोग्राम वज़न उठाकर रजत पदक अपने नाम किया.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.