भूषण ठाकरे: मज़दूर का बेटा, जो घर से 24 रुपये लेकर निकला था, केबीसी में बना करोड़पति

अमिताभ बच्चन के साथ भूषण ठाकरे
    • Author, गुरप्रीत कौर
    • पदनाम, बीबीसी संवाददाता
  • प्रकाशित
  • पढ़ने का समय: 8 मिनट

महाराष्ट्र के जलगांव के रहने वाले 28 साल के भूषण ठाकरे ने 'कौन बनेगा करोड़पति' (केबीसी) में एक करोड़ रुपये जीते हैं.

यूपीएससी की तैयारी कर रहे भूषण के पिता मज़दूरी करते हैं और मां कई स्वास्थ्य समस्याओं से जूझती रही हैं.

भूषण ने 2016 में पहली बार केबीसी के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था. करीब दस साल बाद उनका यह सपना पूरा हुआ.

महाराष्ट्र के जलगांव ज़िले के बालवाड़ी गांव में रहने वाले भूषण ठाकरे के लिए 'कौन बनेगा करोड़पति' (केबीसी) के मंच पर एक करोड़ रुपये जीतना सिर्फ़ एक गेम शो में मिली कामयाबी नहीं है.

यह उनके परिवार के सालों के संघर्ष, उनकी अपनी मेहनत और एक दशक से देखे जा रहे सपने के पूरा होने का पल है.

वीडियो कैप्शन, मज़दूर का बेटा कैसे बना करोड़पति?

भूषण ने सात करोड़ रुपये के सवाल का जवाब देने के बजाय एक करोड़ रुपये लेकर खेल छोड़ने का फ़ैसला किया.

बाद में उन्हें पता चला कि सात करोड़ रुपये के सवाल को लेकर उनका अंदाज़ा सही था, लेकिन उन्हें इस फैसले का कोई पछतावा नहीं है.

बीबीसी न्यूज़ हिन्दी से बातचीत में भूषण कहते हैं, "केबीसी ने मुझे जो एक करोड़ जीतने का अवसर उपलब्ध करवाया, वो अमाउंट भी मेरे लिए पर्याप्त है. मैं उससे अपने पूरे जीवन में बदलाव ला सकता हूं."

उनके लिए इस जीत की अहमियत इसलिए भी ज़्यादा है क्योंकि अब वह अपने माता-पिता को मज़दूरी करते नहीं देखना चाहते.

मां के गहने बिकते रहे ताकि बेटे की पढ़ाई चलती रहे

भूषण ठाकरे
इमेज कैप्शन, भूषण ठाकरे का कहना है कि मां ने उनकी पढ़ाई के लिए गहने बेचे

भूषण के परिवार में चार लोग हैं- उनके माता-पिता, वह खुद और उनका छोटा भाई कुलदीप. उनके पिता अकेले कमाने वाले थे और परिवार भूमिहीन मज़दूर के तौर पर काम करता था.

भूषण ने 12वीं तक की पढ़ाई गांव के सरकारी स्कूल से की. इसके बाद उन्होंने जलगांव के सरकारी संस्थान से आगे की पढ़ाई की.

उन्होंने इतिहास में एमए किया है और फ़िलहाल राजनीति विज्ञान में एमए की पढ़ाई के साथ यूपीएससी परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं.

उनके पिता ने अपनी पूरी ज़िंदगी मेहनत-मज़दूरी करके परिवार को संभाला.

भूषण बताते हैं कि उनके पिता ने पांच साल की उम्र से ही काम करना शुरू कर दिया था.

भूषण ठाकरे
इमेज कैप्शन, भूषण ठाकरे 'कौन बनेगा करोड़पति' शो में सवालों का जवाब देते हुए (फ़ाइल फ़ोटो)

उनकी मां भी पढ़ी-लिखी नहीं हैं और लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझती रही हैं. उनकी करीब आठ से नौ सर्जरी हो चुकी हैं.

ऐसे में घर का ख़र्च चलाने के साथ मां के इलाज और बच्चों की पढ़ाई का ज़िम्मा भी पिता पर था.

भूषण बताते हैं कि जब वह 2016-17 में पढ़ाई के लिए घर से बाहर निकले, तब परिवार की आर्थिक स्थिति इतनी अच्छी नहीं थी कि उनकी पढ़ाई का ख़र्च आसानी से उठाया जा सके.

वो बताते हैं कि उनकी मां घर के खर्च से थोड़े-थोड़े पैसे बचाकर सोना खरीदती थीं.

"कभी एक ग्राम, कभी दो ग्राम तो कभी तीन ग्राम. लेकिन जब भी भूषण को पढ़ाई के लिए पैसों की ज़रूरत होती, मां अपने गहने बेच देती थीं."

अब एक करोड़ रुपये जीतने के बाद भूषण की पहली प्राथमिकताओं में मां के लिए गहने खरीदना है.

वह कहते हैं, "समय आ चुका है कि उसका रिटर्न कहीं न कहीं मुझे देना होगा, वो भी सूद समेत. तो निश्चित तौर पर मैं उनके लिए पहले गहने खरीदूंगा."

सिर्फ़ 24 रुपये जेब में लेकर पहुंचे थे मुंबई

भूषण ठाकरे
इमेज कैप्शन, एक करोड़ रुपये जीतने के बाद अमिताभ बच्चन से गले मिलते भूषण ठाकरे
छोड़कर बीबीसी हिंदी मोबाइल ऐप आगे बढ़ें
नितिन श्रीवास्तव
आपके लिए नितिन श्रीवास्तव ने चुनी हैं ये ख़ास कहानियाँ

बीबीसी हिन्दी के संपादक आपके लिए लेकर आए हैं स्पेशल स्टोरीज़

और जानें

समाप्त

भूषण कहते हैं कि केबीसी के मंच तक पहुंचने का सफ़र भी आसान नहीं था.

वह बताते हैं कि जब शो की टीम ने उन्हें फोन करके मुंबई आने और उनके चयन की जानकारी दी, तब "उनकी जेब में सिर्फ़ 24 रुपये थे."

हालांकि, केबीसी की टीम प्रतिभागियों के आने-जाने और ठहरने का ख़र्च उठाती है. इसलिए भूषण को मुंबई पहुंचने की चिंता नहीं थी.

वह कहते हैं, "जब मैं मुंबई गया तो मेरी जेब में 24 रुपये थे और जब मैं मुंबई से आया तब मेरी जेब में एक करोड़ 24 रुपये थे."

भूषण के लिए यह सिर्फ़ पैसों का अंतर नहीं, बल्कि उनकी ज़िंदगी में आए एक बड़े बदलाव का प्रतीक है.

केबीसी के मंच पर अमिताभ बच्चन के सामने बैठना भी उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा था.

भूषण बताते हैं कि वह महाराष्ट्र के एक छोटे से गांव से आते हैं, जिसकी आबादी करीब दो हज़ार है.

उन्होंने कभी बड़े शहरों में ज़्यादा समय नहीं बिताया. वह खुद को थोड़ा इंट्रोवर्ट भी बताते हैं.

ऐसे में जब उनके सामने अमिताभ बच्चन आए, तो वह घबरा गए थे.

"स्वाभाविक तौर पर उस समय मुझे डर लग रहा था. मेरी हार्टबीट बढ़ चुकी थी, थोड़े से पैर कांप रहे थे. मुझे पसीना आ रहा था."

हालांकि, भूषण के मुताबिक अमिताभ बच्चन शुरुआत के पांच-छह मिनट प्रतिभागियों से बातचीत करते हैं, ताकि वे सहज महसूस कर सकें और खेल पर ध्यान लगा सकें.

यूपीएससी की तैयारी के लिए खुद से किया था वादा

भूषण ठाकरे अपनी क्लास के बाहर खड़े हुए
इमेज कैप्शन, भूषण ठाकरे अपनी क्लास के बाहर खड़े हुए

भूषण फिलहाल यूपीएससी की परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं. इसके लिए वह अपने परिवार से दूर भुसावल के एक हॉस्टल में रहते हैं.

उनका कहना है कि उन्होंने खुद से वादा किया था कि जब तक कुछ हासिल नहीं कर लेते, तब तक घर वापस नहीं लौटेंगे.

भूषण बताते हैं कि एक समय उन्हें लगने लगा था कि उनकी पढ़ाई में लगातार रुकावटें आ रही हैं और वह परिवार पर निर्भर होते जा रहे हैं.

वह कहते हैं, "एक जवान बेटा होते हुए भी, एक प्रकार से मैं कुछ कर नहीं पा रहा था. पढ़ाई भी कंटिन्यू नहीं थी, बीच-बीच में गैप्स आ रहे थे. तो कहीं न कहीं परिवार पर मैं एक बोझ बनता जा रहा था."

इसी वजह से उन्होंने घर से बाहर रहकर अपने पैरों पर खड़े होने का फैसला किया.

इस दौरान कई बार ऐसी परिस्थितियां भी आईं जब उनकी मां की तबीयत बहुत खराब थी, लेकिन वह उनके इलाज में मदद नहीं कर पाए.

भूषण कहते हैं कि ऐसे समय में उन्हें सामाजिक दबाव महसूस होता था.

अब एक करोड़ रुपये जीतने के बाद वह अपने माता-पिता की ज़िंदगी बदलना चाहते हैं.

उनके पिता की उम्र 55 साल है. भूषण बताते हैं कि उनके पिता बचपन से ही मजदूरी कर रहे हैं.

वह कहते हैं, "यहां से आगे तो मैं उन्हें मेहनत-मजदूरी करने नहीं दूंगा. पिताजी भी स्कूल नहीं गए और मां भी पढ़ी-लिखी नहीं हैं. बहुत ही कम उम्र से मां और पिता ने काम करना शुरू कर दिया था."

भूषण की योजना है कि वह किसी अच्छे शहर में जाकर बेहतर कोचिंग संस्थान से यूपीएससी की तैयारी करें.

2016 से देख रहे थे केबीसी में पहुंचने का सपना

ठाकरे
इमेज कैप्शन, भूषण ने सात करोड़ के सवाल को छोड़ दिया हालांकि इसके जवाब के बारे में उनका अंदाजा सही था

भूषण के लिए केबीसी में पहुंचना कोई अचानक लिया गया फैसला नहीं था. वह बचपन से ही यह शो देखते आ रहे हैं.

उनके घर में टीवी था और उनके माता-पिता केबीसी देखा करते थे. भूषण बताते हैं कि उनके माता-पिता पढ़े-लिखे नहीं थे, लेकिन वह पढ़ाई में औसत विद्यार्थी थे और शो में पूछे जाने वाले कई सवालों के जवाब दे देते थे.

इससे उनके माता-पिता खुश होते थे और उन्हें लगता था कि एक दिन उनका बेटा भी अमिताभ बच्चन के सामने बैठेगा.

जब 2016 में भूषण 18 साल के हुए, तो उन्होंने पहली बार केबीसी के लिए रजिस्ट्रेशन कराया.

2016 से 2020 तक उन्होंने हर साल रजिस्ट्रेशन किया, लेकिन ऑडिशन के लिए कॉल नहीं आया. इसके बाद 2021 से उन्हें हर साल ऑडिशन के लिए बुलाया गया. कई बार पर्सनल इंटरव्यू भी हुआ, लेकिन चयन नहीं हो पाया.

आखिरकार 2026 में उनका चयन हो गया और वह केबीसी के मंच तक पहुंचे.

भूषण के मुताबिक, शो में पहुंचने के लिए किसी पहचान या सिफारिश की ज़रूरत नहीं है. वह कहते हैं कि आम लोग अपनी जानकारी और प्रतिभा के दम पर इस मंच तक पहुंच सकते हैं.

'सपने सच होते हैं'

भूषण ठाकरे
इमेज कैप्शन, भूषण ठाकरे ने इतिहास में एम किया है और अब यूपीएससी परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं

उनके मुताबिक़, एक करोड़ रुपये की रकम उनके और उनके परिवार के भविष्य को बदलने के लिए काफ़ी है.

भूषण के लिए इस जीत का एक और भावनात्मक पहलू है. वह जल्द ही अपने गांव लौटने वाले हैं, जहां उनके स्वागत की तैयारियां की गई हैं.

जब उनसे पूछा गया कि अगर वह अपने पुराने दिनों वाले भूषण से मिलें तो क्या कहेंगे, तो उनका जवाब था, "बेटा, तूने कर लिया. तूने करके दिखा दिया. तू हार मत, तू एक दिन बड़ा आदमी ज़रूर बनेगा. और तू कभी न कभी बीबीसी को इंटरव्यू ज़रूर देगा."

संघर्ष कर रहे युवाओं के लिए भी भूषण का यही संदेश है कि सपने देखने से पीछे नहीं हटना चाहिए.

वह कहते हैं, "आप सपने देखिए. केबीसी के मंच पर जाना, अमिताभ जी के सामने बैठना, एक करोड़ जीतना, ये मेरा 2016 से सपना था. अगर आठ या दस दिन पहले की बात करें तो ये सपना मेरे लिए भी मेरी हैसियत से बाहर का सपना महसूस हो सकता था. लेकिन मैंने वो कर दिखाया."

उनके मुताबिक़, सपनों को देखना ही नहीं, उन्हें पूरा करने के लिए लगातार कोशिश करते रहना भी ज़रूरी है.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.