लाइव, संजय सिंह ने वीएचपी के पत्र को लेकर कहा- 'उन्होंने पत्र में भी चोरी कर ली'

वीएचपी अध्यक्ष ने राम मंदिर चंदा विवाद पर इस मामले के जांच अधिकारी (आईओ) को पत्र लिखकर विपक्ष के कुछ नेताओं के बयान दर्ज करने की मांग की थी.

सारांश

छोड़कर वीडियो आगे बढ़ें
  • वैभव सूर्यवंशी
  • ख़ामेनेई का अंतिम संस्कार, पहुंचे विदेशी मेहमान
  • ज़िनेदिन ज़िदान
  • डोनाल्ड ट्रंप
  • जापान की पीएम
  • ख़ामेनेई का अंतिम संस्कार
  • समंदर का पानी खारा, नदी का पानी मीठा क्यों होता है?

लाइव कवरेज

दीपक मंडल, सुमंत सिंह, अरशद मिसाल

  1. संजय सिंह ने वीएचपी के पत्र को लेकर कहा- 'उन्होंने पत्र में भी चोरी कर ली'

    सांसद संजय सिंह

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, आम आदमी पार्टी के नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह (फ़ाइल फ़ोटो)

    आम आदमी पार्टी के नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार के एक पत्र को लेकर जवाब दिया है.

    वीएचपी अध्यक्ष ने राम मंदिर चंदा विवाद पर इस मामले के जांच अधिकारी (आईओ) को पत्र लिखकर विपक्ष के कुछ नेताओं के बयान दर्ज करने की मांग की थी. पत्र में संजय सिंह का भी नाम शामिल है.

    इस पर संजय सिंह ने कहा, "जो पत्र उन्होंने लिखा है, उसमें भी उन्होंने चोरी कर ली है. उन्होंने सबके नाम चुरा लिए, छिपा दिए हैं. नृपेंद्र मिश्रा जी ने कहा था कि चोरी नहीं, डकैती हुई है. उनका नाम तो उन्होंने नहीं लिखा है. उनसे भी पूछताछ होनी चाहिए, क्या सबूत हैं उनके पास? वो तो ट्रस्ट के आदमी हैं."

    "उसमें विनय कटियार और धरमदास जी का नाम नहीं लिखा है. शंकराचार्य जी और रजनीश जी के पास भी सबूत हैं, लेकिन उनका नाम तो पत्र में शामिल नहीं है, जो बीजेपी के नेता हैं."

    "कमलनैन दास जी ने भी कहा है कि चोरी हुई है, लेकिन उनका भी नाम नहीं है."

    उन्होंने कहा, "जानबूझकर कुछ नाम लिखकर अगर आप इस पर राजनीति करना चाहते हैं, तो वह ठीक नहीं है."

    संजय सिंह ने कहा कि अगर आईओ उन्हें बुलाते हैं तो "मैं इन सबको लेकर आऊंगा जो लोग कह रहे हैं कि चांदी चोरी हो गई, सोना चोरी हो गया."

  2. यमन के हुदैदाह बंदरगाह के पास एक मालवाहक जहाज़ पर हमले की ख़बर

    हुदैदाह बंदरगाह

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर

    ब्रिटेन की मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस एजेंसी (यूकेएमटीओ) ने कहा है कि उसे यमन के हुदैदाह बंदरगाह के पास एक मालवाहक जहाज़ पर हमले की सूचना मिली है.

    ब्रिटिश नौसेना से जुड़ी इस संस्था के मुताबिक़, एक मालवाहक जहाज़ ने हुदैदाह बंदरगाह के दक्षिण-पश्चिम में लगभग 30 समुद्री मील की दूरी पर आपातकालीन संदेश भेजा और बताया कि उस पर अज्ञात हमलावरों ने हमला किया है.

    संस्था ने कहा कि अधिकारी इस घटना की जांच कर रहे हैं और जहाज़ों को सावधानी के साथ यात्रा करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की रिपोर्ट करने की चेतावनी दी गई है.

    इसी बीच, यमन की सरकार (अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त) ने कहा है कि हुदैदाह बंदरगाह के दक्षिण में हूती विद्रोहियों के हमले में उसके 14 सैनिक मारे गए हैं.

    यमनी सरकार से जुड़े एक सैन्य अधिकारी ने एएफ़पी को बताया कि सरकारी बलों ने शनिवार को हुदैदाह के दक्षिण में स्थित हाइस क्षेत्र में हूती विद्रोहियों के हमले को कई घंटों की लड़ाई के बाद रोक दिया.

    अधिकारी ने कहा कि कई हूती लड़ाके भी मारे गए या घायल हुए हैं, लेकिन सटीक संख्या नहीं दी गई.

    ये झड़पें उस घटना के एक दिन बाद हुईं, जब ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब पर हमला करने की धमकी दी थी.

    हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब पर आरोप लगाया कि वह यमन में एक ईरानी विमान को उतरने से रोकने की कोशिश कर रहा था.

    सऊदी अरब यमन की सरकार का समर्थक है. वहीं यमन की सरकार ने ईरान पर अपने हवाई क्षेत्र के उल्लंघन का आरोप लगाया है.

  3. बिहार के मंत्री अशोक चौधरी ने कहा, 'भरत तिवारी का एनकाउंटर था ग़लत'

    अशोक चौधरी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, मंत्री अशोक चौधरी रविवार को भरत तिवारी के घर गए थे, जिनकी पुलिस एनकाउंटर में मौत हो गई थी (फ़ाइल फ़ोटो)

    जेडीयू नेता और बिहार के खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अशोक चौधरी ने रविवार को मीडिया से बात करते हुए कहा कि भरत तिवारी का एनकाउंटर ग़लत था और इसमें शामिल अधिकारियों के ख़िलाफ़ कार्रवाई होगी.

    मंत्री अशोक चौधरी रविवार को भरत तिवारी के घर गए थे, जिनकी पुलिस एनकाउंटर में मौत हो गई थी.

    इस दौरान उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा, "भरत तिवारी की परसों तेरहवीं खत्म हुई है. जिस दलित-पिछड़ों के लिए उन्हें इतना आवेश में आना पड़ा, वह बात उनकी ग़लत थी. अब उनके परिवार वालों का कहना है कि वह असली रिवॉल्वर नहीं था, लेकिन किसी भी तरह से पदाधिकारियों को डराना और धमकाना 'ग़लत था.'"

    उन्होंने आगे कहा, "हालांकि उनका एनकाउंटर ग़लत था, मैं यह बात बार-बार कह रहा हूं. अब इसे जात-पात से जोड़कर देखा जा रहा है."

    उन्होंने कहा कि इसमें शामिल अधिकारियों के ख़िलाफ़ कार्रवाई तो ज़रूर होगी.

  4. तेहरान में आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई के नमाज़-ए-जनाज़ा में शामिल हुए उनके तीन बेटे

    आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई के बेटें

    इमेज स्रोत, IRIB

    इमेज कैप्शन, आयतुल्लाह ख़ामेनेई के बेटे और ईरान के मौजूदा सर्वोच्च नेता मोजतबा ख़ामेनेई जनाज़े की नमाज़ में शामिल नहीं हुए

    ईरान की राजधानी तेहरान की मुसल्ला मस्जिद में पिता की नमाज़-ए-जनाज़ा के दौरान आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई के तीन बेटे मीथम, मसूद और मुस्तफ़ा पहली क़तार में मौजूद रहे. यह तस्वीर आईआरआईबी ने जारी की है.

    इस दौरान आयतुल्लाह ख़ामेनेई के बेटे और ईरान के मौजूदा सर्वोच्च नेता मोजतबा ख़ामेनेई जनाज़े की नमाज़ में शामिल नहीं हुए.

    28 फ़रवरी को अमेरिकी और इसराइली हमले में सर्वोच्च नेता के आवास पर हुए हमले में अली ख़ामेनेई के अलावा उनके परिवार के चार सदस्य भी मारे गए थे.

    मरने वालों में बशरा हुसैनी ख़ामेनेई (बेटी), मसबाह-अल-हुदा बाघेरी (दामाद और होदा ख़ामेनेई के पति), ज़हरा हद्दाद-ए-आदिल (बहू) और ज़हरा मोहम्मदी गोलपायगानी (पोती) शामिल थे.

    तेहरान की मुसल्ला मस्जिद में नमाज़-ए-जनाज़ा के दौरान मोहम्मद जवाद मोहम्मदी गोलपायगानी भी दिखाई दिए, जिनकी पत्नी बशरा हुसैनी ख़ामेनेई और बेटी ज़हरा मोहम्मदी गोलपायगानी की ख़ामेनेई आवास पर हुए हमले में मौत हो गई थी.

    मोहम्मद जवाद मोहम्मदी गोलपायगानी

    इमेज स्रोत, IRIB

    इमेज कैप्शन, अमेरिका और इसराइल के हमले में मोहम्मद जवाद मोहम्मदी गोलपायगानी (अली ख़ामेनेई के दामाद) की पत्नी और बेटी मारे गए थे
  5. बीबीसी-आई की रिपोर्ट के बाद बच्चों के यौन शोषण से जुड़े विज्ञापनों के मामले में सरकार का मेटा को नोटिस

    वीडियो कैप्शन, इंस्टाग्राम में छिपी एक भयानक दुनिया का पर्दाफ़ाश

    इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर पेड विज्ञापनों में बच्चों के यौन शोषण और दुर्व्यवहार से जुड़ी सामग्री को लेकर मेटा को नोटिस जारी किया है. एक सूत्र ने बीबीसी को इसकी पुष्टि की है.

    बीबीसी-आई की एक पड़ताल में पाया गया है कि इंस्टाग्राम भारत में पैसे लेकर ऐसे विज्ञापन चला रहा है ज‍िसके ज़र‍िए बच्चे-बच्‍च‍ियों के यौन शोषण की सामग्री का प्रसार हो रहा है.

    बीबीसी वर्ल्ड सर्विस द्वारा देखे गए इन विज्ञापनों में, 'रेप वीडियो' और 'चाइल्ड वीडियो' जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया गया है. यूज़र को मैसेजिंग ऐप टेलीग्राम के चैनल के लिंक दिए गए हैं. यहां वे इन सामग्रि‍यों को सिर्फ़ 99 रुपये में ख़रीद सकते हैं.

    इंस्टाग्राम

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, बीबीसी-आई की पड़ताल में पाया गया कि इंस्टाग्राम भारत में पैसे लेकर ऐसे विज्ञापन चला रहा है ज‍िसके ज़र‍िए बच्चे-बच्‍च‍ियों के यौन शोषण की सामग्री का प्रसार हो रहा है (सांकेतिक तस्वीर)

    सूत्रों के मुताबिक़, सरकार ने इंस्टाग्राम को सीएसईएएम (बच्चों के यौन शोषण और दुर्व्यवहार से जुड़ी सामग्री) को बढ़ावा देने और उस तक पहुंच को आसान बनाने वाले सभी विज्ञापनों और कंटेंट को हटाने का आदेश दिया है.

    साथ ही इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने मेटा से सात दिनों के भीतर विस्तृत स्पष्टीकरण मांगा है.

    सूत्रों के मुताबिक ये नोटिस कल यानी शनिवार की शाम को जारी किया गया है.

  6. सीपीएम सांसद ने सरकार से राम मंदिर ट्रस्ट को आरटीआई के दायरे में लाने की अपील की

    सीपीएम सांसद जॉन ब्रिटास

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, सीपीएम सांसद जॉन ब्रिटास ने कहा कि ट्रस्ट को आरटीआई के भीतर लाने से पारदर्शिता और जनता के प्रति जवाबदेही बढ़ेगी

    सीपीआई (एम) के राज्यसभा सांसद जॉन ब्रिटास ने केंद्र सरकार को पत्र लिखकर 'श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट' को आरटीआई के दायरे में लाने की अपील की है.

    उन्होंने कहा कि ऐसा करने से पारदर्शिता और जनता के प्रति जवाबदेही बढ़ेगी.

    केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को 4 जुलाई को लिखे एक पत्र में ब्रिटास ने कहा कि इस ट्रस्ट का गठन एक अनोखे तरीक़े से हुआ है.

    साथ ही उन्होंने एक्स पर लिखा है, "सरकार ने सरकारी अनुमोदित योजना के तहत श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का गठन किया, संसद के एक कानून के तहत अधिग्रहित भूमि ट्रस्ट को सौंपी, उसके प्रशासनिक ढांचे में सरकार के प्रतिनिधि के रूप में कार्यरत आईएएस अधिकारियों को नामित किया, और अब यह दावा कर रही है कि सरकार की इसमें कोई भूमिका नहीं है और यह ट्रस्ट आरटीआई अधिनियम के दायरे से बाहर है."

    उन्होंने आगे लिखा, "सिर्फ़ किसी ट्रस्ट को 'स्वायत्त' बता देने से पारदर्शिता की बलि नहीं चढ़ाई जा सकती. सर्वोच्च न्यायालय के फ़ैसले का अनुपालन करने से सरकार की अधिसूचना का क़ानूनी स्वरूप समाप्त नहीं हो जाता."

    उन्होंने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के नवंबर 2019 के अयोध्या फ़ैसले के बाद, केंद्र सरकार ने ट्रस्ट को चलाने के लिए एक योजना बनाई, एक सरकारी नोटिफ़िकेशन के ज़रिए इसका गठन किया और अधिग्रहित ज़मीन इसे सौंप दी.

    उन्होंने यह भी बताया कि शुरुआत में ट्रस्ट के 15 में से 12 सदस्यों को सरकार ने ही नॉमिनेट किया था.

  7. आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने राम मंदिर चढ़ावा मामले से जुड़े सवाल पर क्या कहा

    मोहन भागवत

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत (फ़ाइल फ़ोटो)

    राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने राम मंदिर के चढ़ावा मामले से जुड़े एक सवाल पर प्रतिक्रिया दी है.

    रविवार को मीडिया ने जब उनसे पूछा तो उन्होंने कहा, "दत्ता जी का एक बयान आया है, उसी को देखिए."

    आरएसएस के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने शुक्रवार को इस मामले को लेकर एक वीडियो जारी किया था, जिसमें उन्होंने कहा कि चढ़ावा चोरी की घटना से राम भक्तों की भावना को चोट पहुंची है.

    उन्होंने कहा कि इस मामले के दोषियों को सज़ा मिलनी ज़रूरी है.

    होसबाले ने राम मंदिर ट्रस्ट से इस मामले को गंभीरता से लेने और व्यवस्था में कमियों को दूर करने की अपील की.

    राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में अब तक आठ लोगों की गिरफ़्तारी हो चुकी है और मामले की जांच जारी है.

  8. वीएचपी ने राम मंदिर चढ़ावा मामले में पुलिस को लिखा पत्र, केजरीवाल-प्रियंका गांधी के बयान दर्ज करने की मांग की

    आलोक कुमार

    इमेज स्रोत, Sonu Mehta/Hindustan Times via Getty Images

    इमेज कैप्शन, आलोक कुमार ने अपने पत्र में अरविंद केजरीवाल, राम गोपाल यादव, संजय सिंह और प्रियंका गांधी वाड्रा के बयानों का ज़िक्र किया (फ़ाइल फ़ोटो)

    विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष और वरिष्ठ अधिवक्ता आलोक कुमार ने अयोध्या के डीएसपी आशुतोष तिवारी को राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर पत्र लिखा है.

    आशुतोष तिवारी इस मामले के इन्वेस्टिगेशन ऑफ़िसर हैं.

    आलोक कुमार ने इस पत्र में अरविंद केजरीवाल, राम गोपाल यादव, संजय सिंह और प्रियंका गांधी वाड्रा के उन बयानों का ज़िक्र किया है, जिनमें इन नेताओं ने चढ़ावा चोरी की राशि के अलग-अलग दावे किए हैं.

    उन्होंने डीएसपी आशुतोष तिवारी से अनुरोध किया कि वह इन नेताओं के बयान दर्ज करें और उनसे उनके आरोपों का तथ्यात्मक आधार, सूचना स्रोत और उनसे जुड़े दस्तावेज़ उपलब्ध कराने को कहें.

    राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में पुलिस ने अब तक आठ अभियुक्तों की गिरफ़्तारी की है. इन सभी के ख़िलाफ़ ट्रस्ट की ओर से एफ़आईआर दर्ज कराई गई थी.

    आलोक कुमार के पत्र पर आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज की प्रतिक्रिया आई है.

    उन्होंने कहा, "अगर उनकी नियत साफ होती तो वे कहते कि विश्व हिंदू परिषद के अंदर इतने सारे लोग हैं जो इसके बारे में (चढ़ावा चोरी) बताना चाहते हैं."

    सौरभ भारद्वाज ने कहा कि वीएचपी के लोगों को यह कहना चाहिए कि चंदा चोरी के बारे में उनके पास जानकारी है क्योंकि उनकी ही संस्था से चंपत राय निकले हैं. उनकी ही संस्था से निकले लोग राम मंदिर ट्रस्ट में शामिल थे.

    उन्होंने कहा, "उन्होंने एक भी गवाह बीजेपी, आरएसएस और वीएचपी से पेश नहीं किया. गवाह भी अगर होगा तो विपक्षी दलों का होगा. इसका मतलब है कि आलोक जी ने सरेंडर कर दिया है. वो ख़ुद मान गए हैं कि उनकी संस्था के लोग चंदा चोरी के मामले में कहीं भी गवाह नहीं बनेंगे."

  9. नमस्कार!

    अब तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  10. अभिषेक मनु सिंघवी ने कोच गौतम गंभीर पर उठाए सवाल

    अभिषेक मनु सिंघवी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, भारत के इंग्लैंड के ख़िलाफ़ दूसरा टी20 मैच हारने के बाद सिंघवी का बयान आया (फ़ाइल फ़ोटो)

    कांग्रेस नेता और सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने भारतीय क्रिकेट टीम के प्रदर्शन और मुख्य कोच गौतम गंभीर की भूमिका पर सवाल उठाए हैं.

    उनका बयान भारत के इंग्लैंड के ख़िलाफ़ दूसरा टी20 मैच हारने के बाद आया है. दोनों टीमों के बीच पहला टी20 मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था.

    इससे पहले भारतीय टीम आयरलैंड के ख़िलाफ़ टी20 सिरीज़ 2-0 से हारी थी.

    अभिषेक मनु सिंघवी ने रविवार को एक्स पर लिखा, "गौतम गंभीर के कोच रहते हुए भारतीय क्रिकेट टीम मैच के साथ-साथ अपनी दिशा भी खोती हुई नज़र आ रही है. इंग्लैंड के ख़िलाफ़ मिली हार एक बार फिर याद दिलाती है कि सिर्फ़ प्रतिष्ठा के दम पर किसी टीम को कोच नहीं किया जा सकता."

    उन्होंने टीम में हर्षित राणा की मौजूदगी पर भी सवाल उठाया.

    सिंघवी ने लिखा, "एक सवाल लगातार बना हुआ है. आखिर हर्षित राणा टीम को ऐसा क्या दे रहे हैं कि उन्हें बार-बार मौक़ा दिया जा रहा है? जवाबदेही को वैकल्पिक नहीं बनाया जा सकता."

  11. डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, 'नेतन्याहू जानते हैं बॉस कौन है'

    डोनाल्ड ट्रंप और बिन्यामिन नेतन्याहू

    इमेज स्रोत, MANDEL NGAN/AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, ट्रंप और नेतन्याहू की आख़िरी मुलाक़ात इस साल फ़रवरी में हुई थी (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका के न्यूज़ आउटलेट एक्सियोस को एक इंटरव्यू दिया है. इसमें उन्होंने कहा है कि इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू को पता है कि 'बॉस कौन है'.

    उन्होंने यह भी कहा कि नेतन्याहू ने व्हाइट हाउस में उनसे मुलाक़ात का अनुरोध किया है.

    एक्सियोस के मुताबिक़, एक संक्षिप्त फ़ोन कॉल में ट्रंप ने कहा, "हमारे बीच बहुत अच्छे संबंध हैं. नेतन्याहू जानते हैं कि बॉस कौन है."

    अमेरिकी राष्ट्रपति और इसराइली प्रधानमंत्री के बीच बैठक संभवतः अगले हफ़्ते की शुरुआत में हो सकती है, जब ट्रंप नेटो शिखर सम्मेलन से लौटेंगे.

    दोनों नेताओं की आखिरी मुलाक़ात इस साल फ़रवरी में व्हाइट हाउस में हुई थी.

    इससे पहले इसराइल के प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक बयान में कहा था कि नेतन्याहू ने शुक्रवार को ट्रंप को फ़ोन करके अमेरिका के 250वें स्वतंत्रता दिवस पर बधाई दी.

    बयान में कहा गया कि नेतन्याहू और ट्रंप जल्द ही मुलाक़ात के लिए सहमत हुए हैं.

  12. दिल्ली की अदालत ने बीजेपी विधायक को सुनाई चार साल की जेल की सज़ा, ये है मामला

    राजू कुमार सिंह

    इमेज स्रोत, Santosh Kumar/Hindustan Times via Getty Images

    इमेज कैप्शन, राजू कुमार सिंह बिहार के साहेबगंज से विधायक हैं, वह राज्य के पर्यटन मंत्री भी रह चुके हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    दिल्ली की एक अदालत ने शनिवार को बिहार के बीजेपी विधायक राजू कुमार सिंह को साल 2018 में जश्न के दौरान की गई फ़ायरिंग में एक महिला की मौत के मामले में चार साल के साधारण कारावास की सज़ा सुनाई.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, फ़ैसला सुनाते हुए जज ने 'गन कल्चर' की आलोचना की और कहा, "क़ानून के शासन वाले देश में हमें न कोई सिंघम चाहिए और न ही कोई पुष्पा."

    विशेष न्यायाधीश विशाल गोगने ने बिहार के साहेबगंज से विधायक राजू कुमार सिंह पर 25 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया.

    सिंह को 31 दिसंबर 2018 की रात दिल्ली के फ़तेहपुर बेरी स्थित एक फ़ार्महाउस में नए साल की पार्टी के दौरान मेहमान अर्चना गुप्ता की मौत के मामले में दोषी ठहराया गया था. यह राशि मुआवज़े के तौर पर दी जाएगी.

    34 पन्नों के फ़ैसले में अदालत ने सज़ा में किसी तरह की नरमी बरतने से इनकार कर दिया.

    अदालत ने कहा कि ऐसा लगता है कि सिंह सत्ता के अहंकार में थे और फ़ायरिंग कर अपना रुतबा दिखाना चाहते थे.

    अदालत ने यह भी कहा कि इस तरह की हरकतें अवैध हथियारों को बढ़ावा देती हैं और राजनीति में 'बाहुबलियों' की एंट्री की वजह बनती हैं.

  13. महाराष्ट्र में पांचवें दिन भी भारी बारिश जारी, मुंबई समेत इन ज़िलों में रेड अलर्ट

    मुंबई में भारी बारिश

    इमेज स्रोत, Indranil Aditya/NurPhoto via Getty Images

    महाराष्ट्र में लगातार पांचवें दिन भी भारी बारिश जारी है. मुंबई में भारी बारिश के कारण लोगों को मुसीबतें झेलनी पड़ रही हैं.

    भारत मौसम विभाग ने रविवार (5 जुलाई) को मुंबई के लिए रेड अलर्ट जारी किया है और भारी बारिश की संभावना जताई है. यह अलर्ट 6 जुलाई तक के लिए जारी किया गया है.

    मौसम विभाग ने मुंबई के अलावा रायगढ़, नासिक, पालघर, ठाणे, पुणे, सतारा और रत्नागिरी ज़िलों में बारिश का 'रेड अलर्ट' जारी किया है.

    मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एक्स पर एक पोस्ट में उन क्षेत्रों के बारे में जानकारी दी, जहां आईएमडी ने रेड अलर्ट जारी किया है. उन्होंने मुंबई, ठाणे, पालघर और पनवेल के लिए इमरजेंसी हेल्पलाइन नंबर भी साझा किया.

    इमरजेंसी हेल्पलाइन नंबर:

    बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी): 1916

    पालघर: 02525-297474 / +91 82379 78873

    ठाणे नगर निगम: 022-25364779 / 022-25301740 / +91 93723 38827

    ठाणे आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ: 1800-222-108 / 8657887101

    पनवेल नगर निगम: 022-27458040 / 41 / 42

    मुंबई के दादर में भारी बारिश के कारण पेड़ गिरा

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, मुंबई के दादर इलाके में भारी बारिश के कारण एक बड़ा पेड़ उखड़कर सड़क पर गिर गया (तस्वीर चार जुलाई की)

    पिछले 24 घंटे में कहां हुई सबसे ज़्यादा बारिश

    पिछले 24 घंटों में मुंबई और घाटमाथा क्षेत्र में भारी बारिश दर्ज की गई है. कोलाबा में 265.6 मिमी और सांता क्रूज़ में 227.7 मिमी बारिश दर्ज की गई.

    रायगढ़ ज़िले के माथेरान में 408 मिलीमीटर बारिश हुई है, जबकि भीरा में 386 मिलीमीटर हुई. वहीं सांगली ज़िले के डोंगरवाडी में 398 मिलीमीटर बारिश हुई.

    ये आंकड़े चार जुलाई सुबह आठ बजे से पांच जुलाई सुबह 8.30 तक के हैं.

  14. प्रधानमंत्री मोदी ने पंडवानी गायिका तीजन बाई के निधन पर क्या कहा

    तीजन बाई
    इमेज कैप्शन, तीजन बाई साल 2017 में बीबीसी के दफ़्तर आई थीं, यह उसी वक़्त की तस्वीर है

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंडवानी गायिका तीजन बाई के निधन पर शोक व्यक्त किया है. उन्होंने कहा कि तीजन बाई ने पंडवानी को एक विशिष्ट पहचान दिलाई.

    पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, "सुप्रसिद्ध पंडवानी गायिका तीजन बाई जी के निधन से अत्यंत दुख हुआ है. उन्होंने छत्तीसगढ़ की इस लोक कला को अपनी भव्य प्रस्तुति से दुनियाभर में एक विशिष्ट पहचान दिलाई."

    उन्होंने कहा, "उनका जाना कला एवं संस्कृति जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है. शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिजनों और प्रशंसकों के साथ हैं. ओम शांति!"

    तीजन बाई लंबे समय से बीमार थीं. उन्होंने रविवार तड़के रायपुर के एम्स में 70 साल की उम्र में आख़िरी सांस ली.

    छत्तीसगढ़ के भिलाई के गनियारी गांव में जन्मीं तीजन बाई ने कम उम्र में ही पंडवानी गायन शुरू कर दिया था. अपने लंबे कलात्मक सफर में उन्होंने देश और विदेश में अनेक प्रस्तुतियां दीं.

    भारतीय लोक कला में उनके योगदान के लिए उन्हें पद्मश्री, पद्म भूषण और देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया.

    नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, पीएम मोदी ने कहा कि तीजन बाई का निधन कला और संस्कृति की दुनिया के लिए बड़ा नुक़सान है
  15. सुनील गावसकर ने इंग्लैंड से हार के बाद भारतीय टीम की ये कमियां बताईं

    सुनील गावसकर

    इमेज स्रोत, Pankaj Nangia/Getty Images

    इमेज कैप्शन, सुनील गावसकर ने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों को सामान्य ग़लतियों से बचना होगा (फ़ाइल फ़ोटो)

    इंग्लैंड के ख़िलाफ़ दूसरे टी20 मैच में भारत की हार के बाद पूर्व कप्तान सुनील गावसकर ने भारतीय टीम की कमियों के बारे में बात की है.

    सोनी स्पोर्ट्स के एक कार्यक्रम में उनसे सवाल किया गया था कि भारत को बेहतर करने के लिए आगे क्या करना होगा?

    इस पर उन्होंने कहा, "मुझे लगता है उन्हें बीच के ओवरों में थोड़ा बेहतर खेलना होगा. क्योंकि वे अपने विकेट बीच के ओवरों में गवां रहे हैं. और यही चीज़ उन्हें 200 या 200 से ज़्यादा रन बनाने से रोक रही है."

    "200 या 210 रन हमेशा ही एक चुनौतीपूर्ण स्कोर रहा है. 190 भी चुनौतीपूर्ण स्कोर रहा है, लेकिन रवि बिश्नोई के उस ओवर में नो बॉल आईं और 29 रन गए."

    सुनील गावसकर ने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों को सामान्य ग़लतियों से बचना होगा.

    उन्होंने कहा, "स्पष्ट तौर पर चाहे वह बल्लेबाज़ी हो या गेंदबाज़ी, भारत को गेम में बने रहना होगा. अगर वे सामान्य ग़लतियां नहीं करते हैं... और कभी कभार विपक्षी टीम के खिलाड़ी बेहतरीन प्रदर्शन करते हैं, उसमें आप कुछ नहीं कर सकते. लेकिन ग़लतियों को आप रोक सकते हैं."

    "ऐसा कई बार हुआ है जब आप इंटरव्यू में आकर कहते हैं कि 'मैं वो चीज़ कर सकता हूं जो मेरे कंट्रोल में है'. तो आपको वो करना होगा जो आपके कंट्रोल में है. जब आप ऐसा नहीं करते तब टीम हारती है."

  16. एस जयशंकर का आज से मध्य-पूर्व के इन देशों का दौरा, क्या है मक़सद?

    एस जयशंकर

    इमेज स्रोत, Mandel NGAN / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, एस जयशंकर 11 दिन के विदेश दौरे पर जा रहे हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर का मध्य-पूर्व देशों का दौरा रविवार से शुरू हो रहा है. विदेश मंत्रालय ने एक प्रेस रिलीज़ जारी कर इसकी जानकारी दी.

    शनिवार को जारी हुई प्रेस रिलीज़ में बताया गया है कि जयशंकर 11 दिन के विदेश दौरे पर जा रहे हैं. उनका यह दौरा पांच जुलाई से 15 जुलाई तक चलेगा.

    इस दौरान वह मध्य-पूर्व में क़तर, बहरीन, कुवैत और ओमान जाएंगे. इसके बाद वह न्यूयॉर्क और ब्रसेल्स की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे.

    विदेश मंत्रालय के मुताबिक़, डॉ. एस. जयशंकर 5 से 10 जुलाई तक क़तर, बहरीन, कुवैत और ओमान की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे. इस दौरान वह इन चारों देशों के विदेश मंत्रियों और शीर्ष नेतृत्व से मुलाक़ात करेंगे.

    मंत्रालय का कहना है कि इस यात्रा का मक़सद इन देशों के साथ भारत के द्विपक्षीय संबंधों को और मज़बूत करना है. साथ ही क्षेत्रीय घटनाक्रम और आपसी हितों से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा होगी.

    इसके बाद जयशंकर 13 जुलाई को न्यूयॉर्क जाएंगे, जहाँ वह संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में 2028-29 की अवधि के लिए भारत के आधिकारिक अभियान की शुरुआत करेंगे.

    और फिर वह 14 और 15 जुलाई को ब्रसेल्स में भारत-ईयू ट्रेड एंड टेक्नोलॉजी काउंसिल की तीसरी बैठक में शामिल होंगे. इस दौरान वह यूरोपियन यूनियन और बेल्जियम के अपने समकक्षों से भी मुलाक़ात करेंगे.

  17. मशहूर पंडवानी गायिका तीजन बाई का निधन, लंबे समय से थीं बीमार, विष्णुकांत तिवारी, बीबीसी संवाददाता

    तीजन बाई

    इमेज स्रोत, K Asif/The India Today Group via Getty Images

    इमेज कैप्शन, नई दिल्ली के एक कार्यक्रम में पंडवानी गायिकी के दौरान तीजन बाई (फ़ाइल फ़ोटो)

    छत्तीसगढ़ की लोक कला पंडवानी को देश और दुनिया में पहचान दिलाने वाली पद्म विभूषण डॉ. तीजन बाई का रविवार तड़के निधन हो गया. वह 70 वर्ष की थीं.

    लंबे समय से बीमार तीजन बाई ने रायपुर एम्स में अंतिम सांस ली.

    एम्स रायपुर के पब्लिक रिलेशन ऑफिसर डॉक्टर लक्ष्मीनारायण चौधरी ने बीबीसी से पुष्टि करते हुए बताया, "तीजन बाई को 27 मई को यहां लाया गया था. उन्हें पार्किंसन से लेकर कई तरह की बीमारियां थीं जिनका इलाज़ चल रहा था."

    उन्होंने बताया, "4-5 जुलाई की दरम्यानी रात उन्हें 2:45 बजे दिल का दौरा पड़ा और लगभग 3:15 बजे उन्होंने अंतिम साँस ली".

    तीजन बाई ने अपनी बुलंद आवाज, प्रभावी अभिनय और अनोखी प्रस्तुति शैली से पंडवानी को देश ही नहीं, बल्कि विदेशों तक नई पहचान दिलाई.

    महाभारत की कथाओं को मंच पर जीवंत करने की उनकी कला ने उन्हें देश और दुनिया भर में मशहूर कर दिया था. उन्हें पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था.

    छत्तीसगढ़ के भिलाई के गनियारी गांव में जन्मीं तीजन बाई ने कम उम्र में ही पंडवानी गायन शुरू कर दिया था. सिर्फ़ 13 साल की उम्र में उन्होंने मंच पर अपना पहला प्रदर्शन किया था.

    अपने लंबे कलात्मक सफर में उन्होंने देश और विदेश में अनेक प्रस्तुतियां दीं. भारतीय लोक कला में उनके योगदान के लिए उन्हें पद्मश्री, पद्म भूषण और देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया.

  18. तुर्की के राष्ट्रपति ने अमेरिका-ईरान समझौते को लेकर इसराइल पर लगाया ये आरोप

    अर्दोआन

    इमेज स्रोत, Arif Hudaverdi Yaman/Anadolu via Getty Images

    इमेज कैप्शन, तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैयप अर्दोआन 4 जुलाई 2026 को इंस्ताबुल में बोलते हुए

    तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैयप अर्दोआन ने शनिवार को कहा कि इसराइल को अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते को पटरी से उतारने की इजाज़त नहीं दी जानी चाहिए.

    उन्होंने कहा कि मध्य पूर्व में शांति स्थापित करने के कोशिश तब तक कामयाब नहीं हो सकती जब तक कि क्षेत्रीय देशों का समर्थन और सहयोग न मिले.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़ इस्तांबुल में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ़्रेंस में अर्दोआन ने कहा, "क्षेत्रीय देशों की इच्छा और उनके योगदान पर आधारित समाधान ही टिकाऊ हो सकता है. ऐसा कोई भी समाधान, जिसे क्षेत्र के देशों का समर्थन न मिले, लंबे समय तक नहीं चल सकता."

    अर्दोआन ने कहा, "हम इसराइली सरकार की उन कोशिशों पर कड़ी नज़र रखे हुए हैं, जिनका मकसद अमेरिका और ईरान के बीच हुए समझौते को पटरी से उतारना है. मौजूदा इसराइली सरकार लगातार युद्ध का रास्ता अपना रही है. उसे हमारे क्षेत्र को एक बार फिर बारूद और खून की गंध में डुबोने की इजाज़त नहीं दी जानी चाहिए."

    रेचेप तैयप अर्दोआन

    इमेज स्रोत, Arif Hudaverdi Yaman/Anadolu via Getty Images

    इमेज कैप्शन, इस्तांबुल में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ़्रेंस के दौरान तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैयप अर्दोआन

    अर्दोआन पहले भी कई बार इसराइल पर अमेरिका-ईरान समझौते को कमजोर करने की कोशिश करने का आरोप लगा चुके हैं.

    इसके अलावा उन्होंने गज़ा, लेबनान और सीरिया में इसराइल के सैन्य हमलों की भी बार-बार कड़ी आलोचना की है.

    इससे पहले तुर्की के विदेश मंत्री हकान फ़िदान ने कहा था कि इसराइल इस समय एक नए दुश्मन की तलाश में है.

    फिदान ने सीएनएन तुर्क से बातचीत में कहा था, "जब तक इसराइल या कोई अन्य पक्ष तुर्की के राष्ट्रीय और क्षेत्रीय हितों के ख़िलाफ़ काम करता रहेगा तब तक हमें किसी से डरने, हिचकिचाने या पीछे हटने की कोई वजह नहीं है."

  19. फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप: पराग्वे को 1-0 से हराकर फ़्रांस क्वॉर्टर फ़ाइनल में, एम्बापे का विजयी गोल

    फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पराग्वे के ख़िलाफ़ विजयी गोल के बाद जश्न मनाते फ़्रांस के स्टार खिलाड़ी किलियन एम्बापे

    फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप 2026 के नॉकआउट मुक़ाबले में फ़्रांस ने पराग्वे को 1-0 से हराकर क्वॉर्टर फ़ाइनल में एंट्री कर ली.

    फिलाडेल्फिया में 38 डिग्री की भीषण गर्मी के बीच खेले गए इस मैच में किलियन एम्बापे ने पेनल्टी के ज़रिए मैच का एकमात्र और निर्णायक गोल दागा.

    भीषण हीटवेव से जूझ रहे फिलाडेल्फिया में खेले गए इस विश्व कप के राउंड ऑफ 16 मुक़ाबले में पराग्वे ने फ़्रांस को कड़ी टक्कर दी और उसे काफ़ी देर तक मुश्किल में बनाए रखा.

    लेकिन समय रहते किलियन एम्बापे ने 70वें मिनट में पेनाल्टी पर गोल कर फ़्रांस को जीत दिला दी.

    इस जीत के साथ फ़्रांस लगातार चौथी बार विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गया है.

    गुस्तावो अल्फारो के मार्गदर्शन में खेल रही पराग्वे की टीम ने 5-4-1 का बेहद रक्षात्मक फॉर्मेशन अपनाया था.

    अब क्वार्टर फ़ाइनल में गुरुवार को उसका मुकाबला मोरक्को से होगा.

  20. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहांक्लिक करें .

    बीबीसी हिन्दी की अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए लिंक्स पर क्लिक करें.

    ई20 पेट्रोल पर ऑटो उद्योग की प्रेस कॉन्फ़्रेंस, एक कंपनी के शीर्ष अधिकारी के बयानों में विरोधाभास

    वैभव सूर्यवंशी का डेब्यू, दूसरे टी-20 मैच में इंग्लैंड ने भारत को हराया

    ख़ामेनेई के अंतिम संस्कार में जम्मू-कश्मीर के पांच में से तीन नेता क्यों नहीं जा पाए

    बेंगलुरु क्रेच दुर्व्यवहार मामलाः अभिभावक ने बताया पीड़ित बच्ची के व्यवहार में आया बदलाव