ख़ामेनेई को अंतिम विदाई देने के लिए तेहरान में जुटी भारी भीड़, देखिए तस्वीरें
ईरान के मारे गए सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई को अंतिम विदाई देने के लिए भारी भीड़ जुटी है.
ख़ामेनेई के ताबूत को तेहरान के 'ग्रैंड मोसल्ला' में रखा गया है.
You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका के साथ ईरान समझौता करने को बेताब है.
सुमंत सिंह
ईरान के मारे गए सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई को अंतिम विदाई देने के लिए भारी भीड़ जुटी है.
ख़ामेनेई के ताबूत को तेहरान के 'ग्रैंड मोसल्ला' में रखा गया है.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका के साथ ईरान समझौता करने को बेताब है.
उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका ने ईरान को उनके सुप्रीम लीडर रहे अली ख़ामेनेई के अंतिम संस्कार की रस्में पूरी करने के लिए एक हफ़्ते का समय दिया है.
ट्रंप ने ये बातें अमेरिका की स्थापना के 250 साल पूरे होने की पूर्व संध्या पर अपने ऐतिहासिक भाषण में कहीं. उन्होंने माउंट रशमोर में अपना संबोधन दिया.
ट्रंप ने कहा, "हमने दुनिया की सबसे मज़बूत और सबसे शक्तिशाली सेना बनाई. हमने दो विश्व युद्ध जीते, शीत युद्ध जीता और अमेरिका के दुश्मनों को इतिहास की गहराइयों में पहुंचा दिया."
उन्होंने कहा, "हमने वेनेज़ुएला को एक दिन में हरा दिया और ईरान को बुरी तरह हराया. अब वे समझौता करने के लिए बेताब हैं. वे बहुत ज़्यादा बेताब हैं. हमने अंतिम संस्कार की रस्मों के लिए उन्हें एक हफ़्ते का समय दिया है, क्योंकि हम अच्छे हैं."
इंग्लैंड ने भारत के ख़िलाफ़ वनडे सिरीज़ के लिए अपनी टीम में नए चेहरों को मौक़ा दिया है.
इंग्लैंड ने भारत के ख़िलाफ़ तीन मैचों की घरेलू वनडे सिरीज़ के लिए शुक्रवार को अपनी टीम का एलान किया.
14 जुलाई को एजबेस्टन से शुरू होने वाली इस सिरीज़ के लिए इंग्लिश टीम में 16 खिलाड़ियों को जगह दी गई है.
जेम्स कोल्स को पहली बार वनडे टीम में शामिल किया गया है. जेम्स एक ऑलराउंडर हैं और उन्हें इससे पहले भारत के ख़िलाफ़ टी20 सिरीज़ के लिए भी इंग्लैंड की टीम में शामिल किया गया था.
तेज़ गेंदबाज़ जोश टंग ने भी अब तक वनडे में डेब्यू नहीं किया है. वह टेस्ट क्रिकेट में अपने प्रभावशाली प्रदर्शन के बाद टीम में बने हुए हैं.
इंग्लैंड की टीम: हैरी ब्रूक (कप्तान), रेहान अहमद, जोफ़्रा आर्चर, गस एटकिंसन, टॉम बैंटन, जैकब बेथेल, जोस बटलर, जेम्स कोल्स, सैम करन, लियाम डॉसन, बेन डकेट, विल जैक्स, साक़िब महमूद, आदिल रशीद, जो रूट और जोश टंग.
ईरान की राजधानी तेहरान में देश के सुप्रीम लीडर रहे आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई के अंतिम संस्कार समारोह में शामिल होने के लिए लोगों की भीड़ बढ़ती जा रही है.
बीबीसी फ़ारसी सेवा के मुताबिक़, ईरानी मीडिया ने रिपोर्ट किया है कि तेहरान के मोसल्ला स्थित मस्जिद में लोगों की संख्या बढ़ने की वजह से समारोह स्थल के उत्तरी दरवाज़े भी खोल दिए गए हैं.
ईरानी अधिकारियों का कहना है कि उन्हें उम्मीद है कि ईरान और इराक़ के विभिन्न शहरों में आयोजित होने वाले छह दिवसीय समारोह में डेढ़ से दो करोड़ लोग शामिल होंगे.
इस बीच, इराक़ के समाचार सूत्रों का कहना है कि बुधवार को अली ख़ामेनेई के अंतिम संस्कार के लिए देश की राजधानी बगदाद में बंद रहेगा.
ख़ामेनेई का अंतिम संस्कार समारोह गुरुवार को उनके गृह नगर मशहद में समाप्त होगा, जहां उन्हें अंतिम विदाई दी जाएगी.
फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप के राउंड ऑफ़ 32 के एक मुक़ाबले में कोलंबिया ने घाना को हराकर अंतिम 16 में जगह बना ली है. कोलंबिया ने यह मैच 1-0 से जीता.
कोलंबिया के जॉन अरियास ने पहले हाफ़ में अपनी टीम के लिए विजयी गोल दागा. घाना की टीम इस पूरे मैच में गोल की ओर एक भी शॉट नहीं लगा सकी.
वहीं, राउंड ऑफ़ 32 के एक अन्य मुक़ाबले में ऑस्ट्रेलिया को हराकर मिस्र अंतिम 16 में पहुंच गया है.
एक-एक की बराबरी पर मैच ख़त्म होने के बाद मिस्र ने पेनल्टी शूटआउट में यह मैच जीता. पेनल्टी शूटआउट में ऑस्ट्रेलिया के दो गोल के मुक़ाबले मिस्र ने चार गोल दागे.
इस मुक़ाबले से पहले चोट के कारण खेलने को लेकर संदेह में रहे मिस्र के होस्साम अब्देलमगुइद ने पेनल्टी शूटआउट में चौथा गोल दागने के बाद अपनी जर्सी उतारी और दौड़ते हुए कॉर्नर फ़्लैग की ओर पहुंच गए.
इस बार के टूर्नामेंट से पहले 1934 में अपने पहले वर्ल्ड कप में खेलने के बाद से मिस्र ने वर्ल्ड कप में एक भी मुक़ाबला नहीं जीता था. अब टीम आख़िरी-16 में पहुंच गई है.
अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे में कथित चोरी के आरोपों के बाद अब बद्रीनाथ-केदारनाथ धाम में भी गड़बड़ी के आरोप लगे हैं.
बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने शुक्रवार को बद्रीनाथ-केदारनाथ धाम में चढ़ावे को लेकर लगे आरोपों की जांच के आदेश दिए हैं.
बीकेटीसी के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि सोशल मीडिया पर चल रहे इन आरोपों को मंदिर समिति ने गंभीरता से लिया है और मामले की जांच के लिए एक जांच समिति बनाने के निर्देश दिए हैं.
उन्होंने कहा कि संबंधित कर्मचारियों से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है.
द्विवेदी ने सोशल मीडिया पर चल रहे उस दावे का भी खंडन किया, जिसमें एक कर्मचारी को उनका 'निजी सचिव' बताया गया था.
उन्होंने स्पष्ट किया कि संबंधित व्यक्ति उनका निजी सचिव नहीं है, बल्कि बीकेटीसी का एक नियमित सरकारी कर्मचारी है.
पॉप स्टार टेलर स्विफ़्ट और अमेरिकी फ़ुटबॉल खिलाड़ी ट्रैविस केल्सी ने न्यूयॉर्क सिटी में एक भव्य समारोह में शादी की. इस समारोह का संचालन कॉमेडियन एडम सैंडलर ने किया.
स्विफ़्ट की लंबे समय से पब्लिसिस्ट रहीं ट्री पेन के मुताबिक़, दोनों ने क्रिश्चियन डियोर के कपड़े पहने थे और शादी में ब्राइड्समेड्स और ग्रूम्समेन नहीं रखने का फ़ैसला किया.
इसकी बजाय, स्विफ़्ट के भाई ऑस्टिन स्विफ़्ट ने उनके 'मैन ऑफ़ ऑनर' की भूमिका निभाई, जबकि पूर्व अमेरिकी फ़ुटबॉल खिलाड़ी जेसन केल्सी दूल्हे के 'बेस्ट मैन' बने.
मैडिसन स्क्वायर गार्डन में आयोजित इस समारोह की वजह से मैनहैटन के सबसे व्यस्त इलाक़ों में से एक को बंद करना पड़ा और हॉलीवुड की कई बड़ी हस्तियां इसमें शामिल हुईं. इसे संभवतः इस सदी की सबसे बड़ी पार्टी माना जा रहा है.
अभिनेता ह्यू ग्रांट और जेसन सुदेकिस, गायक बेंसन बून और मॉडल गिगी हदीद भी वहां नज़र आए.
शुक्रवार को पूरे दिन बड़ी संख्या में प्रशंसक आयोजन स्थल के बाहर जुटे रहे. कुछ लोग टेलर स्विफ़्ट के गाने गा रहे थे और उनके कॉन्सर्ट से जुड़े कपड़े पहने हुए थे, जबकि कुछ बेहतर नज़ारा पाने की उम्मीद में मचान पर चढ़ गए.
बीबीसी फ़ारसी सेवा के मुताबिक़, इसराइल के प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक बयान जारी कर बताया है कि प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप जल्द मुलाक़ात करने वाले हैं.
इसराइली प्रधानमंत्री कार्यालय का कहना है कि दोनों नेताओं के बीच फ़ोन पर हुई बातचीत के दौरान मिलने पर सहमति बनी है.
इस फ़ोन कॉल के दौरान बिन्यामिन नेतन्याहू ने ट्रंप को अमेरिका की स्थापना के 250वें साल की बधाई दी.
बयान के अनुसार, नेतन्याहू ने कहा, "अमेरिका दुनिया में आज़ादी का गारंटर है और इसराइल दोनों देशों के बीच घनिष्ठ संबंधों को बहुत अहमियत देता है."
फ़ीफ़ा वर्ल्ड के राउंड ऑफ़ 32 के एक मुक़ाबले में अर्जेंटीना ने केप वर्डे को 3-2 से हरा दिया है. इस रोमांचक मैच में केप वर्डे ने मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना को काफ़ी चुनौती दी.
हालांकि, अर्जेंटीना ने आख़िरी पलों में निर्णायक बढ़त हासिल की और मैच अपने नाम किया.
अगर केप वर्डे इस मैच को जीतने में कामयाब होती तो यह फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप के इतिहास के सबसे बड़े उलटफेरों में से एक होता.
90 मिनट के बाद स्कोर 1-1 से बराबर था और कमज़ोर मानी जा रही केप वर्डे ने अपने से कहीं ज़्यादा मज़बूत प्रतिद्वंद्वी को अतिरिक्त समय में खेलने पर मजबूर कर दिया.
मैच के 111वें मिनट में केप वर्डे के डाइनी बोर्गेस के ऑन गोल (जब कोई खिलाड़ी अनजाने में गेंद को अपने ही नेट में डाल देता है) ने अर्जेंटीना को जिता दिया.
केप वर्डे की टीम पहली बार फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप खेल रही है और यह फ़ीफ़ा रैंकिंग में 64वें स्थान पर है. केप वर्डे ने दुनिया की दूसरे नंबर की टीम अर्जेंटीना के ख़िलाफ़ मैच में दो बार बराबरी की.
इसके बाद 92वें मिनट में लिसांद्रो मार्टिनेज़ ने शानदार फ़िनिश के साथ अर्जेंटीना को बढ़त दिलाई और लगा कि मुक़ाबला वहीं तय हो गया है.
लेकिन 11 मिनट बाद सिडनी लोपेस काब्राल ने वर्ल्ड कप के बेहतरीन गोलों में से एक दागा. उन्होंने बॉक्स के बाएं हिस्से से अंदर की ओर कट किया और गोलकीपर एमिलियानो मार्टिनेज़ के ऊपर से शानदार कर्व शॉट लगाकर गेंद को सीधे गोल के ऊपरी कोने में पहुंचा दिया, जिससे स्कोर 2-2 हो गया.
इस मैच में लियोनेल मेसी ने टूर्नामेंट में अपना सातवां गोल किया. उन्होंने मैच के 29वें मिनट में अपना जादू दिखाया और टीम को बढ़त दिलाई.
ईरान की राजधानी तेहरान में भारत सरकार के प्रतिनिधिमंडल ने ईरान के सुप्रीम लीडर रहे अली ख़ामेनेई को श्रद्धांजलि दी है.
भारत सरकार के आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल में बिहार के गवर्नर सैयद अता हसनैन और विदेश राज्य मंत्री पबित्र मार्गेरिटा शामिल हैं.
बिहार के राज्यपाल के सोशल मीडिया हैंडल पर सेरेमनी की तस्वीरें साझा की गई हैं और एक बयान जारी किया गया है.
बयान में कहा गया, "विदेश राज्य मंत्री पबित्र मार्गेरिटा के साथ आज (शुक्रवार) तेहरान में आयतुल्लाह सैयद अली ख़ामेनेई के अंतिम संस्कार समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व किया और हालिया संघर्ष में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति भी गहरी संवेदना व्यक्त की."
विदेश राज्य मंत्री पबित्र मार्गेरिटा ने भी अपने सोशल मीडिया हैंडल पर तस्वीरें साझा की हैं.
उन्होंने कहा, "बिहार के राज्यपाल और मैंने तेहरान में ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह सैयद अली ख़ामेनेई के अंतिम संस्कार समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व किया. हमने भारत सरकार और भारत की जनता की ओर से अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की."
ईरान में अली ख़ामेनेई के अंतिम संस्कार की रस्में शुरू हो गई हैं. इसके लिए कई विदेशी मेहमान तेहरान पहुंचे हैं.
नमस्कार!
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.
कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.
हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.