लाइव, राहुल गांधी ने कहा- 'कांग्रेस महिला आरक्षण का समर्थन करती है, लेकिन...'

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा है कि सरकार अब जो प्रस्ताव ला रही है उसका महिला आरक्षण से कोई संबंध नहीं है.

सारांश

लाइव कवरेज

इफ़्तेख़ार अली, रौनक भैड़ा

  1. राहुल गांधी ने कहा- 'कांग्रेस महिला आरक्षण का समर्थन करती है, लेकिन...'

    राहुल गांधी

    इमेज स्रोत, Atul Kumar Yadav/ The India Today Group via Getty Images

    इमेज कैप्शन, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि छोटे राज्यों के साथ भी किसी क़ीमत पर अन्याय नहीं होने देंगे

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा है कि सरकार अब जो प्रस्ताव ला रही है उसका महिला आरक्षण से कोई संबंध नहीं है.

    राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म्स पर एक वीडियो जारी करते हुए कहा, "कांग्रेस पार्टी महिला आरक्षण का पूरा समर्थन करती है. संसद ने 2023 में सर्वसम्मति से ये बिल पारित किया था, जो अब हमारे संविधान का हिस्सा है."

    उन्होंने कहा, "सरकार अब जो प्रस्ताव ला रही है, उसका महिला आरक्षण से कोई संबंध नहीं है. वो सिर्फ़ परिसीमन के ज़रिए सत्ता हथियाने का प्रयास है."

    राहुल गांधी ने कहा, "जाति जनगणना के आंकड़ों को दरकिनार कर ओबीसी, दलित और आदिवासी समुदायों से किसी हालत में हिस्सा चोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. हम दक्षिण, उत्तर-पूर्व, उत्तर-पश्चिम और छोटे राज्यों के साथ भी किसी क़ीमत पर अन्याय नहीं होने देंगे."

    दरअसल, केंद्र सरकार ने मंगलवार को सांसदों को तीन ड्राफ़्ट बिल (मसौदा विधेयक) भेजे हैं. इनमें से दो में बड़े ऐतिहासिक बदलाव प्रस्तावित हैं.

    पहला, लोकसभा सीटों की संख्या 543 से बढ़ाकर अधिकतम 850 करना.

    दूसरा, संसद के निचले सदन यानी लोकसभा और राज्य विधानसभाओं की एक-तिहाई सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित करना.

  2. ईरान ने बताया- 'अमेरिका के साथ संदेशों का आदान-प्रदान हो रहा है', पाकिस्तान को लेकर क्या कहा?, ग़ोंचेह हबीबीज़ाद, बीबीसी फ़ारसी

    इस्माइल बक़ाई

    इमेज स्रोत, Fatemeh Bahrami/Anadolu via Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बक़ाई ने कहा कि ईरान को ज़रूरतों के हिसाब से यूरेनियम संवर्धन जारी रखना चाहिए

    ईरान के विदेश मंत्रालय ने बताया है कि उनका अमेरिका के साथ संदेशों का आदान-प्रदान चल रहा है.

    विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बक़ाई ने बताया है कि पाकिस्तान अब भी मध्यस्थ बना हुआ है.

    इस्माइल बक़ाई ने कहा, "इसकी प्रबल संभावना है कि ईरान आज पाकिस्तान से आए एक प्रतिनिधिमंडल की मेज़बानी करेगा. यह बातचीत इस्लामाबाद में हुई पिछली मुलाक़ात का आगे का हिस्सा होगी और इसमें ईरान और अमेरिका के रुख़ पर विस्तार से चर्चा होगी."

    बक़ाई ने अमेरिका के उन आरोपों को ख़ारिज किया, जिनमें कहा गया था कि ईरान परमाणु हथियार बना रहा है. उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि ईरान का परमाणु कार्यक्रम शांतिपूर्ण है.

    बक़ाई ने आगे कहा, "अपनी ज़रूरतों के हिसाब से यूरेनियम संवर्धन जारी रखने में सक्षम होना चाहिए, लेकिन संवर्धन के टाइप और लेवल पर बातचीत की संभावना है."

    गौरतलब है कि इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी ईरान से अगले दौर की बातचीत की संभावना जताई थी.

  3. ईरान ने अमेरिका की किस बात से नाराज़ होकर युद्धविराम तोड़ने की धमकी दी?, ग़ोंचेह हबीबीज़ाद, बीबीसी फ़ारसी

    ईरानी सेना

    इमेज स्रोत, Morteza Nikoubazl/NurPhoto via Getty Images

    इमेज कैप्शन, ख़ातम अल अनबिया सेंट्रल हेडक्वार्टर के कमांडर मेजर जनरल अली अब्दुल्लाही ने चेतावनी दी

    ईरान ने कहा है कि अमेरिका नाकेबंदी जारी रखता है और ईरानी जहाज़ों के लिए असुरक्षा पैदा करता है तो युद्धविराम तोड़ा जा सकता है.

    ख़ातम अल अनबिया सेंट्रल हेडक्वार्टर के कमांडर मेजर जनरल अली अब्दुल्लाही ने कहा, "अगर अमेरिका अपनी नाकेबंदी जारी रखता है और ईरान के व्यापारिक जहाज़ों और तेल टैंकरों के लिए असुरक्षा पैदा करता है, तो यह युद्धविराम तोड़ने की शुरुआत होगी."

    अली अब्दुल्लाही ने कहा, "अमेरिका ऐसा करता रहा तो ईरान की सेना फ़ारस की खाड़ी, ओमान सागर और लाल सागर में किसी भी तरह का आयात-निर्यात नहीं होने देगी."

    गौरतलब है कि अमेरिका की ईरानी बंदरगाहों पर नाकेबंदी सोमवार से शुरू हुई. बुधवार को अमेरिकी सेना ने कहा कि पहले 24 घंटे में कोई जहाज़ नाक़ाबंदी पार नहीं कर पाया.

    जबकि ओमान की खाड़ी में छह व्यापारिक जहाज़ों को वापस लौटना पड़ा.

  4. डोनाल्ड ट्रंप ने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग को चिट्ठी लिखकर क्या कहा?

    डोनाल्ड ट्रंप और शी जिनपिंग

    इमेज स्रोत, ANDREW CABALLERO-REYNOLDS / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चिट्ठी लिखी थी

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बताया है कि उन्होंने चीन को एक पत्र लिखकर कहा था कि ईरान को हथियार न दें.

    डोनाल्ड ट्रंप ने बाद में ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते दावा किया कि चीन ने ईरान को हथियार न भेजने पर सहमति जताई है.

    डोनाल्ड ट्रंप ने इससे पहले फ़ॉक्स न्यूज़ से कहा, "जब मुझे रिपोर्ट मिली कि चीन ईरान को हथियार दे रहा है, तो मैंने राष्ट्रपति शी जिनपिंग को एक चिट्ठी लिखी और ऐसा न करने को कहा."

    ट्रंप ने बताया कि जिनपिंग ने जवाबी चिट्ठी लिखी और कहा कि चीन ऐसा नहीं कर रहा है.

    डोनाल्ड ट्रंप ने 2015 में ईरान के साथ हुए परमाणु समझौते को "सबसे ख़राब समझौता" बताया. उन्होंने कहा, "इस समझौते ने ईरान को परमाणु हथियार तक पहुंचने का छोटा रास्ता दिया."

    ट्रंप ने यह भी कहा, "अगर अमेरिका ने पिछले साल ईरान के परमाणु ठिकानों पर बम न गिराए होते तो ईरान इसराइल, उसके पड़ोसी देशों और अमेरिका पर परमाणु हथियार इस्तेमाल कर लेता."

    ट्रंप ने दोहराया कि ईरान को परमाणु हथियार दिया गया तो "दुनिया तबाह हो जाएगी."

  5. 'अमेरिका मध्य पूर्व में हज़ारों सैनिक और भेजने की तैयारी कर रहा है', वॉशिंगटन पोस्ट का दावा

    अमेरिकी सैनिक

    इमेज स्रोत, AFP PHOTO/ALEXANDER NEMENOV

    इमेज कैप्शन, सैनिकों को भेजना ईरान पर दबाव बढ़ाने का प्रयास बताया जा रहा (तस्वीर साल 2007 की है)

    अमेरिका आने वाले दिनों में मध्य पूर्व में हज़ारों सैनिकों को भेजने की योजना बना रहा है. यह जानकारी अमेरिकी अख़बार वॉशिंगटन पोस्ट ने अधिकारियों के हवाले से दी है.

    माना जा रहा है कि यह क़दम ट्रंप प्रशासन ने ईरान पर दबाव बढ़ाने और समझौते तक पहुंचाने की कोशिश के रूप में उठा रहा है.

    इसी तरह की रिपोर्ट समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने भी छापी है, लेकिन उसने कहा कि वह अभी तक इस रिपोर्ट की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर पाया है.

    दूसरी ओर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ दूसरे दौर की बातचीत की संभावना ज़ाहिर की है.

  6. कार्टून: बैलेंस भी ज़रूरी है

    कार्टून
    इमेज कैप्शन, लोकसभा की सीटें बढ़ने के प्रस्ताव पर आज का कार्टून.
  7. डोनाल्ड ट्रंप की 50 फ़ीसदी टैरिफ़ वाली धमकी पर चीन ने क्या कहा?

    लिन जियान

    इमेज स्रोत, VCG/VCG via Getty Images

    इमेज कैप्शन, चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियान ने एक्स पोस्ट की (फ़ाइल फ़ोटो)

    चीन के विदेश मंत्रालय ने उन मीडिया रिपोर्ट्स को ख़ारिज किया है, जिनमें यह दावा किया गया था कि चीन ईरान को सैन्य मदद दे रहा है.

    चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियान ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "चीन पर ईरान को सैन्य मदद देने का आरोप लगाने वाली मीडिया रिपोर्ट्स पूरी तरह झूठी हैं."

    उन्होंने लिखा, "अगर अमेरिका इन आरोपों के आधार पर चीन पर टैरिफ़ बढ़ाता है, तो चीन भी जवाबी क़दम उठाएगा."

    दरअसल, इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी थी कि अगर चीन ईरान को सैन्य मदद देता है, तो अमेरिका उसके सामान पर 50 फ़ीसदी टैरिफ़ लगाएगा.

    इसके जवाब में चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ग्वा जाकुन ने सोमवार को कहा था "चीन ने हमेशा कहा है टैरिफ़ वॉर से किसी का भला नहीं होता."

  8. सीबीएसई ने 10वीं का रिजल्ट जारी किया, जानें कहां कर सकते हैं चेक

    स्टूडेंट्स

    इमेज स्रोत, Ravi Kumar/Hindustan Times via Getty Images

    इमेज कैप्शन, सीबीएसई बोर्ड की 10वीं की परीक्षा में क़रीब 25 लाख स्टूडेंट्स शामिल हुए थे (फ़ाइल फ़ोटो)

    सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (सीबीएसई) ने 10वीं का रिजल्ट जारी कर दिया है.

    रिजल्ट चेक करने के लिए cbseresults.nic.in पर जा सकते हैं. इसके अलावा, उमंग ऐप या इसकी वेबसाइट पर जाकर चेक किया जा सकता है.

    सीबीएसई बोर्ड की 10वीं की परीक्षा में क़रीब 25 लाख स्टूडेंट्स शामिल हुए थे, इनमें 14 लाख के आसपास छात्र और 11 लाख के आसपास छात्राएं थीं.

    यह परीक्षा देश के 8 हज़ार से अधिक सेंटर्स पर आयोजित की गई थी.

    परीक्षा में पास होने के लिए थ्योरी और इंटरनल असेसमेंट दोनों में न्यूनतम 33% अंक लाना ज़रूरी है.

  9. अमेरिका और ईरान के बीच हुई बातचीत के बाद इन देशों के दौरे पर जा रहे पाकिस्तानी पीएम

    शहबाज़ शरीफ़

    इमेज स्रोत, FAYEZ NURELDINE/AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब इस्लामाबाद में दूसरे दौर की बातचीत की संभावना जताई जा रही है (तस्वीर: शहबाज़ शरीफ़)

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ चार दिन की विदेश यात्रा पर जा रहे हैं. वो सऊदी अरब, क़तर और तुर्की का दौरा करेंगे.

    यह जानकारी पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने साझा की है. विदेश मंत्रालय ने बुधवार सुबह बताया कि शरीफ़ का सऊदी अरब और क़तर का दौरा "द्विपक्षीय संदर्भ" में होगा.

    तुर्की में शहबाज़ शरीफ़ अंतालिया डिप्लोमेसी फ़ोरम में हिस्सा लेंगे और तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप अर्दोआन समेत अन्य नेताओं से मुलाक़ात करेंगे.

    पाकिस्तान के विदेश मंत्रलाय का बयान

    इमेज स्रोत, X/ForeignOfficePk

    इमेज कैप्शन, पाकिस्तान के विदेश मंत्रलाय की ओर से जारी किया गया बयान

    यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान के बीच दूसरे दौर की बातचीत की संभावना जताई जा रही है.

    हालांकि, इससे पहले ईरान और अमेरिका के बीच हुई बातचीत बेनतीजा रही थी.

    इससे पहले ट्रंप ने मंगलवार को न्यूयॉर्क पोस्ट के एक रिपोर्टर से कहा था कि इस्लामाबाद में अगले दो दिनों में कुछ हो सकता है.

  10. अमेरिका से दूसरे दौर की बातचीत की संभावना के बीचे ईरान के राष्ट्रपति ने क्या कहा?

    मसूद पेज़ेश्कियान

    इमेज स्रोत, Majid Saeedi/Getty Images

    इमेज कैप्शन, मसूद पेज़ेश्कियान ने तेहरान में इमरजेंसी सर्विसेज़ के अधिकारियों के साथ बैठक की

    ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने कहा है कि अमेरिका या इसराइल की ओर से ईरान को झुकाने की कोशिशें नाकाम होंगी.

    मसूद पेज़ेश्कियान ने बुधवार को तेहरान में इमरजेंसी सर्विसेज़ के अधिकारियों के साथ बैठक की.

    बैठक में उन्होंने कहा, "ईरानी जनता कभी भी अमेरिका और इसराइल के ऐसे तरीक़े को स्वीकार नहीं करेगी. ईरान हमेशा अलग-अलग देशों के साथ अच्छे रिश्तों की ज़रूरत पर ज़ोर देता रहा है."

    मसूद पेज़ेश्कियान के बयान ऐसे समय में आए हैं, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दूसरे दौर की बातचीत की संभावना जताई है.

    ईरान के अधिकारियों या नेताओं ने सीधे तौर पर अब तक इस पर टिप्पणी नहीं की है.

    हालांकि, सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए ने कूटनीतिक सूत्रों के हवाले से बताया था कि ईरान के पास आगे की बातचीत को लेकर "कोई जानकारी नहीं" है.

  11. क्या अमेरिका के साथ फिर होगी बातचीत? ईरान की सरकारी न्यूज़ एजेंसी ने ये बताया

    तेहरान

    इमेज स्रोत, AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, आईआरएनए के मुताबिक़, ईरान और पाकिस्तान के बीच संदेशों का आदान-प्रदान हुआ है

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ संभावित बातचीत को लेकर कहा है कि अगले दो दिनों में इस्लामाबाद में "कुछ हो सकता है."

    यह बयान उस समय आया, जब कुछ घंटे पहले एक कूटनीतिक सूत्र ने ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए को बताया था कि आगे की बातचीत को लेकर "कोई जानकारी नहीं" है.

    आईआरएनए के मुताबिक़, ईरान और पाकिस्तान के बीच संदेशों का आदान-प्रदान हुआ है. लेकिन अभी तक किसी नई बातचीत की पुष्टि नहीं हुई है. पाकिस्तान इस पूरे मामले में मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है.

    सूत्र ने कहा कि इस्लामाबाद में पहले हुई अमेरिका-ईरान वार्ता बिना किसी समझौते के ख़त्म होने के बाद भी पाकिस्तान अपनी मध्यस्थता की कोशिशें जारी रखे हुए है.

    ट्रंप के ताज़ा बयान पर ईरान की ओर से अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.

    गौरतलब है कि 8 अप्रैल को दो हफ़्ते का युद्धविराम घोषित किया गया था, जो 22 अप्रैल को ख़त्म होने वाला है.

  12. नमस्कार!

    अब तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  13. अमित शाह की बधाई पर बिहार के नए सीएम सम्राट चौधरी ने क्या कहा?

    फ़ाइल फ़ोटो

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, फ़ाइल फ़ोटो

    केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सम्राट चौधरी को बिहार का मुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी है.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "बिहार में भारतीय जनता पार्टी के पहले मुख्यमंत्री के रूप में आपके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएँ देता हूँ."

    अमित शाह ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और नीतीश कुमार जी के नेतृत्व में एनडीए जिस संकल्प भावना के साथ बिहार की जनता की दिन-रात सेवा कर रहा था, मुझे विश्वास है कि आपके नेतृत्व में उसे और भी गति मिलेगी."

    उन्होंने कहा, "साथ ही, एक सुरक्षित और विकसित बिहार के निर्माण की दिशा में एनडीए की डबल इंजन सरकार और अधिक ऊर्जा के साथ कार्य करेगी."

    इस पर बिहार के नए सीएम सम्राट चौधरी ने अमित शाह का धन्यवाद किया है.

    उन्होंने एक्स पर लिखा, "देश के यशस्वी गृह मंत्री अमित शाह जी आपके कुशल नेतृत्व और अनुभव से ही बिहार को विकसित राज्य बनाएंगे."

  14. आम आदमी पार्टी का दावा, अशोक मित्तल से जुड़े कारोबारी ठिकानों पर पंजाब में ईडी की छापेमारी

    अशोक मित्तल

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, अशोक मित्तल राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के डिप्टी लीडर हैं

    आम आदमी पार्टी (आप) ने दावा किया है कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को अशोक मित्तल से जुड़े कारोबारी ठिकानों पर पंजाब में छापेमारी की है.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, 61 वर्षीय अशोक मित्तल एक कारोबारी और शिक्षाविद हैं. वे लवली ग्रुप के प्रमुख हैं, जिसमें इसी नाम का एक विश्वविद्यालय भी शामिल है.

    पीटीआई ने अधिकारियों का हवाला देते हुए बताया कि यह कार्रवाई फेमा (विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम) से जुड़े मामले में की गई है.

    हाल ही में अशोक मित्तल को आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा में अपना डिप्टी लीडर बनाया है. उन्होंने इस पद पर राघव चड्ढा की जगह ली है.

    इस पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "बीजेपी की ओर से पंजाब चुनाव की तैयारी शुरू. आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल के घर और यूनिवर्सिटी में ईडी की रेड."

    वहीं आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने लिखा, "मोदी जी ने पंजाब में चुनावों की तैयारी शुरू कर दी. लेकिन पंजाब के लोग ये बर्दाश्त नहीं करेंगे. बीजेपी को इसका करारा जवाब देंगे."

  15. छत्तीसगढ़: वेदांता पावर प्लांट में मरने वालों की संख्या 19 पहुंची, आलोक पुतुल, रायपुर से बीबीसी हिन्दी के लिए

    वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर फटने के बाद की तस्वीर

    इमेज स्रोत, Alok Putul

    इमेज कैप्शन, वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर फटने के बाद की तस्वीर

    छत्तीसगढ़ के सक्ती ज़िले में वेदांता पावर प्लांट में मरने वाले मज़दूरों की संख्या 19 हो गई है.

    इस बीच राज्य सरकार ने मामले की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए हैं. इधर कांग्रेस पार्टी ने भी एक जांच दल बनाया है.

    गौरतलब है कि मंगलवार की दोपहर सक्ति ज़िले के वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर फटने से लगभग तीन दर्जन मज़दूर बुरी तरह से झुलस गए थे. इनमें से 9 मज़दूरों की मौत कल हुई थी. जबकि इलाज के दौरान 7 अन्य मज़दूरों की मौत हो गई.

    अभी तक मृतकों में से केवल चार की पहचान हो पाई है, जिनमें ठंडाराम, पप्पू कुमार, अमृत पटेल और बृजेश कुमार का नाम शामिल है. प्लांट प्रबंधन का कहना है कि मृतकों के शरीर जलने के कारण उनकी पहचान में मुश्किल हो रही है.

    इस दुर्घटना में 36 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 12 छत्तीसगढ़ के रहने वाले हैं. शेष मज़दूर बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के हैं.

    लोगों को आरोप है कि इस पावर प्लांट में काम करने वाले कई लोग लापता हैं. प्रबंधन न तो उनकी जानकारी दे रहा है, न ही वे अस्पताल में भर्ती हैं. इसे लेकर कल रात से ही पीड़ित परिवार के सदस्य पावर प्लांट के सामने धरना दे रहे हैं.

    इस बीच वेदांता प्रबंधन ने मृतकों के परिजनों को 35-35 लाख रुपये और नौकरी देने की घोषणा की है. घायलों को 15-15 लाख रुपए दिए जाएंगे. प्रधानमंत्री राहत कोष से भी मृतकों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50 हज़ार रुपये दिए जाएंगे. राज्य सरकार ने भी मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये देने की घोषणा की है.

    वेदांता प्रबंधन ने मृतकों के परिजनों को 35-35 लाख रुपए सहायता राशि और नौकरी देने का एलान किया है और घायलों को 15-15 लाख रुपए दिए जाएंगे.

    इससे पहले पीएमओ ने मुआवजे़ की घोषणा की थी. हर मृतकों के परिवार वालों को 2 लाख रुपए और घायलों को 50 हज़ार रुपए दिए जाएंगे.

  16. नीतीश कुमार ने बिहार के नए सीएम सम्राट चौधरी पर क्या कहा?

    सम्राट चौधरी

    इमेज स्रोत, BJP4Bihar/X

    इमेज कैप्शन, सम्राट चौधरी बिहार में भारतीय जनता पार्टी के पहले मुख्यमंत्री हैं

    बिहार के नए मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेने के बाद राज्य के पूर्व सीएम नीतीश कुमार ने सम्राट चौधरी को बधाई दी है.

    सम्राट चौधरी के सीएम बनने का रास्ता नीतीश कुमार के इस्तीफ़े से साफ़ हुआ था. नीतीश ने हाल ही में राज्यसभा की शपथ ली.

    बिहार के पूर्व सीएम नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "आज बिहार के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करने पर सम्राट चौधरी जी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं."

    उन्होंने लिखा, "मुझे विश्वास है कि आपके नेतृत्व में बिहार और तेज़ी से विकसित होगा और देश के सर्वाधिक विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल होगा."

  17. जस्टिस शर्मा के ख़िलाफ़ केजरीवाल का अतिरिक्त हलफ़नामा

    केजरीवाल

    इमेज स्रोत, Getty Images

    आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली हाई कोर्ट की जज स्वर्ण कांता शर्मा से शराब नीति मामले की सुनवाई से खुद को अलग करने की मांग करते हुए एक अतिरिक्त हलफ़नामा दाखिल किया है.

    लाइव लॉ के मुताबिक़, अपने हलफ़नामे में केजरीवाल ने कहा है कि जस्टिस शर्मा के बेटे और बेटी दोनों केंद्र सरकार के वकील के तौर पर पैनल में शामिल हैं. उन्होंने कहा कि जस्टिस शर्मा के बच्चों को काम भारत के सॉलिसिटर जनरल की ओर से दिया जाता है, जो इस मामले में सीबीआई की ओर से पेश हुए थे.

    केजरीवाल का कहना है कि इससे निष्पक्षता को लेकर संदेह पैदा होता है, इसलिए जस्टिस शर्मा को इस मामले की सुनवाई से खुद को अलग कर लेना चाहिए.

    गौरतलब है कि 13 अप्रैल को जस्टिस शर्मा ने केजरीवाल और अन्य अभियुक्तों की उस याचिका पर फै़सला सुरक्षित रख लिया था, जिसमें उनसे इस मामले की सुनवाई से अलग होने की मांग की गई थी. यह याचिका सीबीआई की उस पुनर्विचार याचिका से जुड़ी है, जिसमें सभी अभियुक्तों को मिली राहत को चुनौती दी गई है.

    सुनवाई के दौरान केजरीवाल ने खुद अपनी पैरवी करते हुए कहा था कि सोशल मीडिया पर जस्टिस शर्मा के बच्चों के केंद्र सरकार से पेशेवर संबंधों को लेकर चर्चा हो रही है.

  18. केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे पर जुर्माना क्यों लगा?

    अजिंक्य रहाणे

    इमेज स्रोत, Getty Images

    कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान अजिंक्य रहाणे पर स्लो ओवर रेट बनाए रखने के लिए 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है.

    आईपीएल के एक मीडिया बयान के मुताबिक़, यह कार्रवाई मंगलवार को चेन्नई में चेन्नई सुपर किंग्स के ख़िलाफ़ खेले गए मैच के लिए की गई है.

    इस मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स को 32 रन से हार का सामना करना पड़ा. टीम इस सीज़न में अब तक जीत दर्ज नहीं कर पाई है और अंक तालिका में आखिरी स्थान पर है.

    आईपीएल के नियमों के तहत, स्लो ओवर रेट के लिए कप्तान पर जुर्माना लगाया जाता है.

  19. 'ट्रंप ईरान के साथ एक बड़ा समझौता करना चाहते हैं'- जेडी वेंस

    जेडी वेंस

    इमेज स्रोत, Getty Images

    अमेरिका के उप राष्ट्रपति जेडी वेंस ने मंगलवार को एक कार्यक्रम में कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान के साथ एक 'बड़ा समझौता' करना चाहते हैं.

    सीबीएस न्यूज़ के मुताबिक़, जेडी वेंस ने जॉर्जिया के एथेंस में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि पाकिस्तान में सप्ताहांत के दौरान बातचीत में 'काफ़ी प्रगति' हुई है.

    उन्होंने कहा कि ट्रंप ईरान के साथ कोई 'छोटा समझौता' नहीं, बल्कि एक "बड़ा समझौता" करना चाहते हैं.

    वेंस ने यह भी माना कि दोनों देशों के बीच गहरा अविश्वास है.

    उन्होंने कहा, "इस समस्या को रातों-रात हल नहीं किया जा सकता."

  20. होर्मुज़ स्ट्रेट की नाकाबंदी और ईरान की अर्थव्यवस्था पर अमेरिका ने ये कहा

    होर्मुज़ स्ट्रेट की ओर बढ़ता हुआ एक जहाज (8 अप्रैल की तस्वीर)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, होर्मुज़ स्ट्रेट की ओर बढ़ता हुआ एक जहाज (8 अप्रैल की तस्वीर)

    अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) के प्रमुख एडमिरल ब्रैड कूपर ने कहा है कि ईरान के बंदरगाहों की नाकेबंदी पूरी तरह लागू कर दी गई है और मध्य पूर्व में अमेरिकी सेना समुद्री बढ़त बनाए हुए है.

    इससे पहले 12 अप्रैल को ट्रुथ सोशल पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एलान कर दिया था कि अमेरिकी नौसेना होर्मुज़ स्ट्रेट में आने-जाने की कोशिश करने वाले हर जहाज़ की नाकाबंदी शुरू करेगी.

    अब सेंटकॉम प्रमुख ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "ईरान की अर्थव्यवस्था का करीब 90 फ़ीसदी हिस्सा समुद्री अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर निर्भर है."

    "नाकेबंदी लागू होने के 36 घंटे के भीतर ही अमेरिकी बलों ने ईरान के अंदर और बाहर जाने वाले समुद्री व्यापार को पूरी तरह रोक दिया है."

    यह क़दम अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच उठाया गया है, जिसका मक़सद ईरान की अर्थव्यवस्था पर दबाव बनाना और उसे बातचीत के लिए मजबूर करना माना जा रहा है.