लाइव , फ़िनलैंड की खाड़ी में रूसी मालवाहक जहाज़ पर ड्रोन हमला, बचाव अभियान जारी

कलिनिनग्राद जा रहे रूस के एक मालवाहक जहाज़ पर ड्रोन से हमला हुआ. अधिकारियों के मुताबिक, जहाज़ में लगी आग बुझाने और उसे डूबने से बचाने का काम किया जा रहा है.

वीडियो छोड़ें और जारी रखें
  • daud ibrahim
  • aazam khan
  • bulldozer
  • डोनाल्ड ट्रंप
  • जावेद अख्तर के इस बयान पर हुआ विवाद
  • कार्बी समुदाय के 15,000 लोगों ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
  • राहुल ने किया अपनी गर्लफ्रेंड का ज़िक्र

लाइव कवरेज

तेजस्वी सिंह, शुभम गर्ग

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. मुझे यानी बीबीसी संवाददाता शुभम गर्ग को दीजिए इजाज़त. कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

    नेपाल भारत से क्या चाहता है, बालेन शाह कितना हासिल कर पाएंगे?

    महाराष्ट्र : कभी बिजली, पानी और सड़क से महरूम इस आदिवासी गांव ने दस साल में दिए 11 डॉक्टर

    शरद कपूर : शाहरुख़ से लेकर सुष्मिता सेन तक के साथ काम कर चुका अभिनेता, अब मुफ़लिसी में क्यों है?

    पीएम मोदी की अपील के बाद क्या लोगों ने सोना ख़रीदना बंद कर दिया, क्या कह रहे हैं एक्सपर्ट्स

  2. फ़िनलैंड की खाड़ी में रूसी मालवाहक जहाज़ पर ड्रोन हमला, बचाव अभियान जारी

    फ़िनलैंड के मुताबिक, रविवार को भी स्पार्टा-2 जहाज़ पर बचाव का काम जारी रहा
    इमेज कैप्शन, फ़िनलैंड के मुताबिक, रविवार को भी स्पार्टा-2 जहाज़ पर बचाव का काम जारी रहा

    कलिनिनग्राद जा रहे रूस के एक मालवाहक जहाज़ पर ड्रोन से हमला हुआ.

    अधिकारियों के मुताबिक, जहाज़ में लगी आग बुझाने और उसे डूबने से बचाने का काम किया जा रहा है.

    इस जहाज़ का नाम स्पार्टा-2 है. शनिवार सुबह जब यह रूस के बाल्टिक क्षेत्र कलिनिनग्राद जा रहा था, तभी इस पर ड्रोन हमला हुआ. हमले के बाद जहाज़ बहकर फ़िनलैंड के समुद्री क्षेत्र में पहुंच गया.

    फ़िनलैंड की रक्षा सेनाओं ने हमले के पीछे यूक्रेन का हाथ होने की आशंका जताई है. हालांकि, यूक्रेन ने अब तक इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.

    फ़िनलैंड के बॉर्डर गार्ड ने बताया कि जहाज़ को डूबने से बचाने की कोशिश की जा रही है. हालांकि, आसपास से गुजरने वाले दूसरे जहाज़ों के लिए कोई ख़तरा नहीं है.

    कलिनिनग्राद के गवर्नर अलेक्सी बेस्प्रोज़वानिख ने कहा कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हमले में दो ड्रोन का इस्तेमाल किया गया था. हालांकि, इससे क्षेत्र में ज़रूरी सामान की आपूर्ति पर कोई ख़तरा नहीं है.

    फ़िनलैंड के प्रधानमंत्री पेटेरी ओर्पो ने कहा, "युद्ध अब हमारे क़रीब तक पहुंच रहा है. यूक्रेन को जवाबी कार्रवाई करने का अधिकार है."

    कलिनिनग्राद रूस का एक अलग क्षेत्र है. यह पोलैंड और लिथुआनिया के बीच स्थित है.

  3. नेपाल के पीएम बालेन शाह से विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने की मुलाक़ात, कल पीएम मोदी से करेंगे बातचीत

    भारत दौरे पर हैं नेपाल के पीएम बालेन शाह (फ़ाइल तस्वीर)
    इमेज कैप्शन, भारत दौरे पर हैं नेपाल के पीएम बालेन शाह (फ़ाइल तस्वीर)

    नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह से भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने मुलाक़ात की.

    इसके बाद जयशंकर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट कर लिखा, "आज शाम भारत दौरे पर आए नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह से मुलाक़ात करना मेरे लिए सम्मान की बात है."

    उन्होंने लिखा, "भारत, नेपाल के साथ अपने ख़ास रिश्तों को बहुत अहमियत देता है. कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ होने वाली उनकी मुलाक़ात और बातचीत का इंतज़ार है."

    आपको बता दें कि नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह रविवार को दो दिवसीय भारत दौरे पर नई दिल्ली पहुंचे हैं.

    वह 22 और 23 नवंबर को भारत में रहेंगे.

    दिल्ली एयरपोर्ट पर केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने उनका स्वागत किया.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर भारत आए बालेन शाह का मार्च 2026 में पद संभालने के बाद यह पहला भारत दौरा है.

    भारतीय विदेश मंत्रालय ने इस दौरे को लेकर कहा था, "यह यात्रा दोनों देशों के बीच नियमित रूप से होने वाली उच्चस्तरीय यात्राओं की परंपरा को आगे बढ़ाती है. यह भारत की 'नेबरहुड फर्स्ट' नीति के तहत नेपाल के साथ रिश्तों को दिए जाने वाले महत्व को भी दिखाती है."

  4. करीब़ 39 लाख का बिका टाइटैनिक के 'हीरो' का लिखा पोस्टकार्ड, कैश मर्फ़ी, बीबीसी न्यूज़

    साउथैम्पटन बंदरगाह पर खड़ा टाइटैनिक जहाज़ (फ़ाइल फ़ोटो)
    इमेज कैप्शन, साउथैम्पटन बंदरगाह पर खड़ा टाइटैनिक जहाज़ (फ़ाइल फ़ोटो)

    टाइटैनिक जहाज़ के वरिष्ठ वायरलेस ऑपरेटर जैक फिलिप्स का लिखा एक पोस्टकार्ड नीलामी में 32,000 पाउंड (करीब़ 39 लाख) में बिका है.

    इसकी क़ीमत 20 हजार पाउंड तक रहने का अनुमान था. लेकिन इसे अनुमान से कहीं ज़्यादा क़ीमत मिली.

    25 साल के जैक फिलिप्स इंग्लैंड के सरे शहर के रहने वाले थे.

    उन्होंने यह पोस्टकार्ड अपनी बहन एल्सी को लिखा था. यह पोस्टकार्ड 6 अप्रैल 1912 को लिखा गया था. उस समय टाइटैनिक जहाज़ साउथैम्पटन में खड़ा था.

    जैक फिलिप्स को हीरो के तौर पर याद किया जाता है (फ़ाइल फ़ोटो)
    इमेज कैप्शन, जैक फिलिप्स को हीरो के तौर पर याद किया जाता है (फ़ाइल फ़ोटो)

    टाइटैनिक हादसे में क़रीब 1,500 अन्य लोगों के साथ फिलिप्स की भी मौत हो गई थी.

    जहाज़ के हिमखंड से टकराने के बाद भी वह अपनी ड्यूटी पर डटे रहे. उन्होंने वायरलेस के ज़रिए मदद के लिए संदेश भेजना जारी रखा.

    उनका यह पोस्टकार्ड शनिवार को विल्टशायर में हुई नीलामी में शामिल था. पोस्टकार्ड पर लिखा था, "आपके ख़त के लिए बहुत-बहुत शुक्रिया. यहां मौसम बहुत अच्छा है. जहाज़ के रवाना होने से पहले फिर लिखूंगा."

    टाइटैनिक हादसे के दौरान 705 लोगों को आरएमएस कार्पेथिया जहाज़ ने बचाया था.

    कार्पेथिया को फिलिप्स के भेजे गए संदेशों की वजह से मदद के लिए रवाना किया गया था.

  5. परीक्षा में हुई नकल तो दक्षिण कोरिया के शिक्षा मंत्री ने दिया इस्तीफ़ा, यारोस्लाव लुकिव, बीबीसी न्यूज़

    दक्षिण कोरिया में कॉलेज प्रवेश परीक्षा के दौरान स्टूडेंट्स
    इमेज कैप्शन, दक्षिण कोरिया में कॉलेज प्रवेश परीक्षा के दौरान स्टूडेंट्स

    दक्षिण कोरिया के शिक्षा मंत्री चोई क्यो-जिन ने परीक्षा में नकल के मामले को लेकर इस्तीफ़ा दे दिया है.

    शिक्षा मंत्री चोई क्यो-जिन ने कहा कि गुरुवार को हुई सालाना कॉलेज प्रवेश परीक्षा के दौरान पैदा हुई अव्यवस्था की पूरी ज़िम्मेदारी वह लेते हैं.

    इस परीक्षा को 'सुनेउंग' के नाम से जाना जाता है. परीक्षा में एआई की मदद से नकल रोकने के लिए आख़िरी समय में कई क़दम उठाए गए थे.

    एक हफ़्ते पहले राष्ट्रीय कर लेखा परीक्षा में टॉप करने वाले एक उम्मीदवार ने नकल करने की बात स्वीकार की थी. उसने इसके लिए एक छोटा कैमरा, मोबाइल फ़ोन और एआई टूल्स का इस्तेमाल किया था.

    इसके बाद अधिकारियों ने परीक्षा में छिपे हुए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का पता लगाने के लिए जल्दबाज़ी में क़दम उठाए. यहां तक कि देश के हर मोबाइल फ़ोन पर आपातकालीन अलर्ट भेजे गए.

    'सुनेउंग' परीक्षा पूरी करने में नौ घंटे तक का समय लगता है. दक्षिण कोरिया के लाखों लोगों के करियर के लिहाज़ से यह परीक्षा बेहद अहम मानी जाती है.

    दक्षिण कोरिया की समाचार एजेंसी योनहाप के मुताबिक, चोई ने रविवार को कहा, "मंत्री होने के नाते मैं इस आलोचना से बच नहीं सकता कि हम पहले से तैयारी करने में नाकाम रहे."

    उन्होंने आगे कहा, "अब जब परीक्षा ख़त्म हो गई है, तो मैं अपनी ज़िम्मेदारी को गहराई से महसूस कर रहा हूं और अपने पद से इस्तीफ़ा दे रहा हूं."

  6. पाकिस्तान-ए ने बनाए 313 रन, भारतीय गेंदबाज़ों ने झटके सभी 10 विकेट

    पाकिस्तान-ए के लिए सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज़ हसन नवाज़ (सांकेतिक तस्वीर)
    इमेज कैप्शन, पाकिस्तान-ए के लिए सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज़ हसन नवाज़ (सांकेतिक तस्वीर)

    एसीसी मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में पाकिस्तान-ए ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 10 विकेट के नुकसान पर 313 रन बनाए.

    भारत-ए को यह मुक़ाबला जीतने के लिए 50 ओवर में 314 रन बनाने होंगे.

    टूर्नामेंट का आठवां मुक़ाबला दोहा के वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारत-ए और पाकिस्तान-ए के बीच खेला जा रहा है.

    टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी पाकिस्तान-ए की शुरुआत अच्छी रही. सलामी बल्लेबाज़ शमील हुसैन ने 33 रन बनाए. वहीं, माज सदाकत ने 59 रनों की पारी खेली.

    हालांकि, बीच के ओवरों में भारतीय गेंदबाज़ों ने वापसी की और पाकिस्तान के विकेट लगातार गिराए.

    पाकिस्तान के लिए हसन नवाज़ ने सबसे ज़्यादा 79 रन बनाए. वहीं, आख़िर में बल्लेबाज़ी करने आए फरहान यूसुफ ने 48 गेंदों में 56 रन बनाए.

    भारत की ओर से प्रिंस यादव, हर्षित राणा, सूर्यांश शेडगे और विपराज निगम ने दो-दो विकेट लिए.

    टॉस के दौरान एक और बात देखने को मिली. पाकिस्तान-ए के कप्तान अब्दुल समद और भारत-ए के कप्तान तिलक वर्मा ने एक-दूसरे से हाथ नहीं मिलाया था.

  7. बहरीन पर ईरान के हमले में दो लोग घायल, सऊदी अरब, यूएई और क़तर ने की निंदा

    बहरीन
    इमेज कैप्शन, सांकेतिक फ़ोटो

    बहरीन के गृह मंत्रालय ने बताया है कि शनिवार को ईरान के हमलों में दो लोग घायल हुए हैं.

    मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि घायलों में एक बहरीन का नागरिक है, जबकि दूसरा पाकिस्तानी नागरिक है.

    बहरीन ने दावा किया है कि ईरान ने शनिवार को उसके एक औद्योगिक ठिकाने पर हमला किया.

    वहीं, ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने कहा है कि उसने बहरीन में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन से हमला किया.

    बहरीन में अमेरिकी नौसेना का पांचवां बेड़ा तैनात है.

    सऊदी अरब के विदेश मंत्रालय ने बहरीन पर ईरान के हमलों की निंदा की है.

    सऊदी विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जारी बयान में कहा, "सऊदी अरब, बहरीन की सुरक्षा और स्थिरता बनाए रखने के लिए उठाए गए सभी क़दमों में उसके साथ पूरी एकजुटता दिखाता है."

    संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के विदेश मंत्रालय ने भी कहा कि हालिया हमले बहरीन की संप्रभुता का उल्लंघन हैं.

    क़तर ने भी एक अलग बयान जारी कर बहरीन के एक औद्योगिक ठिकाने पर ईरान के हमले की निंदा की है.

  8. इंडोनेशिया में कैंडी फ़ैक्ट्री में आग: अब तक छह शव बरामद, 33 लोग लापता

    पीड़ितों की तलाश करते बचाव दल के कर्मी
    इमेज कैप्शन, पीड़ितों की तलाश करते बचाव दल के कर्मी

    इंडोनेशिया के बैंटन प्रांत के सेरांग ज़िले के सिकांडे में 21 नवंबर की शाम को कैंडी बनाने वाली फ़ैक्ट्री में आग लग गई.

    बासार्नास (राष्ट्रीय खोज और बचाव) एजेंसी के मुताबिक़, 22 नवंबर की दोपहर तक छह शवों को बाहर निकाला जा चुका था.

    वहीं, 33 लोग अब भी लापता थे और चार लोग घायल हुए थे.

    हालांकि, रविवार की सुबह तक आग पर काबू पा लिया गया था.

    हादसे के समय फ़ैक्ट्री के अंदर कई कर्मचारी मौजूद थे. आग बढ़ने लगी तो वे अपनी जान बचाने के लिए बाहर की ओर भागे.

    रविवार सुबह सिती जौहरी कई कर्मचारियों के परिवारों के साथ फैक्ट्री के गेट के बाहर मौजूद थीं.

    वह लगातार अपने छोटे भाई मुहम्मद मारुफिन का इंतज़ार कर रही थीं. आग लगने के बाद से ही उनसे कोई संपर्क नहीं हो पाया था.

    सिती ने इंडोनेशिया के एक ऑनलाइन समाचार पोर्टल Kompas.com से कहा, "फै़क्ट्री प्रबंधन की ओर से अब तक कोई जानकारी नहीं दी गई है. मुझे यह भी नहीं बताया गया है कि मेरे भाई के साथ क्या हुआ."

    "मेरा भाई स्कूल की पढ़ाई पूरी करने के बाद से ही इस फ़ैक्ट्री में काम कर रहा था."

    सिती को अब भी उम्मीद है कि उनका भाई सुरक्षित होगा और जल्द ही वापस लौट आएगा. उनके भाई का सात साल का एक बच्चा भी है.

  9. यूपी चुनाव 2027: सीट बंटवारे के लिए समाजवादी पार्टी ने बनाई चार सदस्यों की कमेटी

    सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव
    इमेज कैप्शन, सीट बंटवारे के लिए सपा ने बनाई एक कमेटी (सांकेतिक तस्वीर)

    समाजवादी पार्टी ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए सहयोगी दलों के साथ सीटों के बंटवारे के लिए चार सदस्यों की एक कमेटी बनाई है.

    यह कमेटी चुनाव से पहले इंडिया गठबंधन के साथ बातचीत करेगी.

    पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस कमेटी का गठन किया है. पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर इसकी जानकारी दी.

    कमेटी में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव राम गोपाल यादव, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल और लोकसभा सांसद राजीव राय और इकरा चौधरी शामिल हैं.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के अनुसार, "यह कमेटी अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए सहयोगी दलों के साथ सीटों के बंटवारे पर चर्चा और बातचीत करेगी."

  10. नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह पहुंचे भारत, केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने किया स्वागत

    प्रधानमंत्री बालेन शाह का स्वागत करते केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद
    इमेज कैप्शन, प्रधानमंत्री बालेन शाह का स्वागत करते केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद

    नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह रविवार को दो दिवसीय भारत दौरे पर नई दिल्ली पहुंचे.

    22 और 23 नवंबर को वो भारत में रहेंगे.

    दिल्ली एयरपोर्ट पर केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने उनका स्वागत किया. इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किए गए.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर भारत आए बालेन शाह का मार्च 2026 में पद संभालने के बाद यह पहला भारत दौरा है.

    प्रधानमंत्री बनने के बाद यह उनकी पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा भी है.

    इस दौरे के दौरान उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाक़ात होनी है.

    भारतीय विदेश मंत्रालय ने इस दौरे को लेकर कहा था, "यह यात्रा दोनों देशों के बीच नियमित रूप से होने वाली उच्चस्तरीय यात्राओं की परंपरा को आगे बढ़ाती है. यह भारत की 'नेबरहुड फर्स्ट' नीति के तहत नेपाल के साथ संबंधों को दिए जाने वाले महत्व को भी दिखाती है."

  11. मध्य प्रदेश: मेले में फास्टफूड खाने से 100 से अधिक बच्चे बीमार, 45 अस्पताल में भर्ती, विष्णुकांत तिवारी, बीबीसी संवाददाता

    बीमार बच्चों के साथ अस्पताल में बैठे परिजन
    इमेज कैप्शन, बीमार बच्चों के साथ अस्पताल में बैठे परिजन

    मध्य प्रदेश के बालाघाट ज़िले में एक गांव के मेले में मंचूरियन और चाउमीन जैसे फास्टफूड खाने के बाद 100 से अधिक बच्चों की तबीयत बिगड़ गई.

    बच्चों को पेट दर्द और उल्टी होने की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा.

    इनमें से 45 बच्चों को ज़िला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि बाकी बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई.

    यह घटना शनिवार, 21 नवंबर को बालाघाट ज़िले के किरनापुर क्षेत्र के हिर्री गांव में आयोजित मेले की है.

    बच्चों के अलावा 12 वयस्कों को भी ज़िला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

    बालाघाट के कलेक्टर आदित्य सिंह ने पत्रकारों को बताया, ''मेले में फ़ास्ट फूड खाने के बाद कई बच्चों और कुछ लोगों ने पेट में तेज दर्द की शिकायत की थी. पहले स्थानीय अस्पताल में जांच की गई. जिन बच्चों को लगा कि ऑब्जर्वेशन में रखना चाहिए ऐसे 45 बच्चों को ज़िला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. फ़िलहाल सभी की हालत स्थिर है.''

    बालाघाट के कलेक्टर आदित्य सिंह
    इमेज कैप्शन, बालाघाट के कलेक्टर आदित्य सिंह

    हिर्री गांव में आयोजित एक स्थानीय मेले में कई फ़ास्ट फूड स्टॉल लगाए गए थे.

    मेले में पहुंचे कई बच्चों ने इन स्टॉल से मंचूरियन और चाउमीन खाई थी. इसके कुछ समय बाद उन्हें पेट दर्द और उल्टी होने लगी.

    बड़ी संख्या में बच्चों की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किरनापुर ले जाया गया.

    वहां प्राथमिक उपचार के बाद 45 बच्चों को बालाघाट ज़िला अस्पताल रेफर किया गया.

    बीमार बच्चों में से एक बच्चे की मां सोमवती ने बताया कि, ''मेले में चाइनीज़ खाने के बाद बच्चों को उल्टियां और दस्त होने लगे. हम लोग पहले बच्चों को गांव के एक डॉक्टर के पास ले गए. वहां से फिर उन्हें किरनापुर ले जाया गया, जहां इलाज के बाद मेरे बच्चे और कई बच्चों को बालाघाट भेजा गया.''

    एक अन्य महिला उषा भी अपने बच्चों के साथ मेले में गई थीं.

    उन्होंने बताया कि मंचूरियन और चाउमीन वगैरह बच्चों ने खाया था जिसके बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी और वे लगातार उल्टियां करने लगे.

    इस घटना के बाद मेले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं. प्रशासन ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं.

    ज़िला कलेक्टर ने कहा कि, “हमने उन ठेलों और वहां बिक रहे खाद्य पदार्थों को जब्त किया गया. फूड सेफ्टी की टीम भी जांच कर रही है. व्यंजनों की जो स्थायी दुकानें हैं उनकी सैंपलिंग हम करवाते रहते हैं, अब मेलों में भी इस चीज़ का कठोरता से पालन किया जाएगा”.

  12. राइजिंग एशिया कप : पाकिस्तान-ए ने जीता टॉस, पहले गेंदबाज़ी कर रहा भारत-ए

    तिलक वर्मा
    इमेज कैप्शन, तिलक वर्मा

    एसीसी मेन्स एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के 8वें मैच में पाकिस्तान-ए ने भारत-ए के खिलाफ टॉस जीता.

    यह मुकाबला दोहा के वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है.

    पाकिस्तान-ए के कप्तान अब्दुल समद ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी का फ़ैसला किया. वहीं, भारत-ए की टीम पहले गेंदबाज़ी कर रही है.

    टॉस हारने के बाद तिलक वर्मा ने कहा कि वह भी पहले बल्लेबाज़ी करना चाहते थे. उन्होंने बताया, "टीम में कोई बदलाव नहीं किया गया है."

    भारत-ए ने अपने पिछले मैच में नेपाल को 306 रन से हराया था. उस मुकाबले में प्रिंस यादव ने सबसे ज़्यादा पांच विकेट लिए थे.

  13. क़तर और जर्मनी ने ईरान से की हूती विद्रोहियों का समर्थन बंद करने की मांग

    क़तर के अमीर शेख़ तमीम बिन हमद अल थानी से मिलते जर्मन चांसलर
    इमेज कैप्शन, क़तर के अमीर शेख़ तमीम बिन हमद अल थानी से मिलते जर्मन चांसलर

    क़तर और जर्मनी ने ईरान से परमाणु अप्रसार संधि का पालन करने की अपील की है.

    साथ ही, अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) के साथ हुए सुरक्षा समझौते को भी मानने की अपील की है.

    दोनों देशों ने ईरान से यह भी कहा है कि वह अपने परमाणु कार्यक्रम के शांतिपूर्ण उद्देश्यों को सुनिश्चित करने के लिए एजेंसी के साथ पूरा सहयोग फिर से शुरू करे.

    यह संयुक्त बयान क़तर के अमीर शेख़ तमीम बिन हमद अल थानी के 20 और 21 नवंबर को जर्मनी के आधिकारिक दौरे के दौरान जारी किया गया.

    दोनों देशों ने व्यापारिक जहाज़ों पर ईरान के हमलों और धमकियों की भी निंदा की.

    उन्होंने ऐसे किसी भी क़दम का विरोध किया, जिससे होर्मुज़ स्ट्रेट बंद हो या वहां जहाज़ों की आवाजाही में रुकावट आए.

    क़तर और जर्मनी ने ईरान से यमन में हूती विद्रोहियों को हथियार और दूसरी तरह की मदद देना बंद करने को कहा.

    यह बयान ऐसे समय में आया है, जब क़तर ईरान और अमेरिका के बीच युद्ध ख़त्म कराने की कोशिशों में अहम भूमिका निभा रहा है. वह दोनों देशों के बीच मध्यस्थता भी कर रहा है.

  14. बीजेपी सांसद रामराव वडकुते का निधन, राष्ट्रपति मुर्मू और पीएम मोदी ने जताया दुख

    रामराव सखाराम वडकुते
    इमेज कैप्शन, रामराव सखाराम वडकुते ने दिल्ली के एम्स अस्पताल में आख़िरी सांस ली (फ़ाइल फ़ोटो)

    महाराष्ट्र से बीजेपी के राज्यसभा सांसद रामराव सखाराम वडकुते का 72 साल की उम्र में निधन हो गया है. उन्होंने दिल्ली के एम्स अस्पताल में आख़िरी सांस ली.

    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उनके निधन पर दुख जताया है. उन्होंने एक्स पर कहा कि रामराव वडकुते जनकल्याण के लिए समर्पित थे. उन्होंने महाराष्ट्र और देश के विकास में अहम योगदान दिया. राष्ट्रपति ने उनके परिवार, प्रशंसकों और शुभचिंतकों के प्रति संवेदना जताई.

    वहीं पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, "राज्यसभा सांसद श्री रामराव वडकुते जी के निधन पर गहरा शोक प्रकट करता हूं. समाज सेवा में उनका योगदान और गरीब व वंचित वर्गों की सेवा पर उनका विशेष ज़ोर हमेशा याद रखा जाएगा.''

    बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने एक्स पर लिखा, ''महाराष्ट्र में बीजेपी संगठन को मज़बूत करने में उनकी (रामराव वडकुते) अहम भूमिका रही. समाज के ग़रीब और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए किए गए उनके काम हमेशा याद रखे जाएंगे.''

  15. अभी तक बीबीसी संवाददाता तेजस्वी सिंह आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता शुभम गर्ग रात दस बजे तक आपतक ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.

  16. बांग्लादेश में अवामी लीग नेताओं के घरों में आगज़नी का दावा, पुलिस ने क्या बताया?, राकिब हसनात, बीबीसी न्यूज़ बांग्ला

    बांग्लादेश
    इमेज कैप्शन, अवामी लीग के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आगजनी के आरोप लगाए हैं (वीडियो से ली गई तस्वीर)

    बांग्लादेश के नड़ाइल ज़िले के कालिया उपज़िले के कई गांवों में घरों में आग लगाए जाने के दावे के साथ कई वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किए जा रहे हैं.

    बीबीसी न्यूज़ बांग्ला के मुताबिक़, स्थानीय अवामी लीग के नेताओं और कार्यकर्ताओं का दावा है कि शुक्रवार शाम से उनके कई घरों में तोड़फोड़ और लूटपाट हुई. कई घरों में आग भी लगाई गई.

    हालांकि, पुलिस का कहना है कि कुछ घरों पर हमले हुए हैं. लेकिन सोशल मीडिया पर इन घटनाओं को बढ़ा-चढ़ाकर बताया जा रहा है.

    जिन लोगों के घरों पर हमले हुए हैं, उनमें कालिया उपज़िले के अवामी लीग के पूर्व सांसद और पूर्व चेयरमैन के घर भी शामिल हैं.

    दूसरी ओर, वहां के बीएनपी सांसद और ज़िला बीएनपी के अध्यक्ष विश्वास जहांगीर आलम ने ऐसी किसी घटना से इनकार किया है.

    उन्होंने बीबीसी न्यूज़ बांग्ला से कहा, "ऐसा कुछ नहीं हुआ है. वो क्या कहते हैं, एआई? फ़ेसबुक पर आप जो कुछ देख रहे हैं, वो सब एआई से बनाया गया है."

    हालांकि, कालिया थाने की पुलिस ने बताया कि बीएनपी के दो नेताओं की हत्या के बाद उनके परिजन और ग़ुस्साए लोगों ने चार-पांच घरों में आग लगा दी. वहीं, 15-16 घरों में तोड़फोड़ की गई.

    कालिया थाने के निरीक्षक प्रदीप मालाकार ने कहा, "इसके अलावा आप जो कुछ भी सुन रहे हैं, वह सब बढ़ा-चढ़ाकर बताया जा रहा है और ग़लत है."

    वहीं, पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि फ़ेसबुक पर बेंदारचर गांव में हिंदू समुदाय के घरों में तोड़फोड़, आगज़नी और लूटपाट की ख़बरें फैलाई जा रही हैं. पुलिस ने इन ख़बरों को पूरी तरह झूठा और मनगढ़ंत बताया है.

  17. गुजरात: सड़क हादसे में 7 लोगों की मौत, मृतक सैनिकों के परिवारों से थे

    कच्छ सड़क हादसा
    इमेज कैप्शन, परिवार कच्छ के रण घूमने के बाद भुज लौट रहे थे. पीएम मोदी ने हादसे पर दुख जताया है

    गुजरात के कच्छ ज़िले में एक तेज़ रफ़्तार ट्रक ने कार को टक्कर मार दी. इस हादसे में सेना के जवानों के परिवारों के सात सदस्यों की मौत हो गई. मरने वालों में तीन बच्चे भी शामिल हैं.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, कच्छ पश्चिम पुलिस कंट्रोल रूम के एक अधिकारी ने बताया कि शनिवार रात करीब 10 बजे यह हादसा हुआ. परिवार कच्छ के रण घूमने के बाद भुज लौट रहे थे.

    पीएम मोदी और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने इस हादसे पर दुख जताया है. प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर पीएम मोदी का बयान भी जारी किया है.

    पीएम मोदी ने हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो लाख रुपये और घायलों को 50 हज़ार रुपये देने की घोषणा की है.

    राजनाथ सिंह ने एक्स पर लिखा, "गुजरात के कच्छ में हुए दुर्भाग्यपूर्ण हादसे में कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है. इस कठिन घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं."

  18. यूपी में पुलिस ने ओवैसी को ग़लती से दिया गार्ड ऑफ़ ऑनर, जांच के आदेश

    असदुद्दीन ओवैसी
    इमेज कैप्शन, ओवैसी और चंद्रशेखर की प्रेस कॉन्फ़्रेंस भी होनी थी, लेकिन उसे अचानक कैंसिल कर दिया गया

    सहारनपुर में पुलिसवालों ने ग़लती से एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी को गार्ड ऑफ़ ऑनर दे दिया.

    शनिवार को ओवैसी जैसे ही सर्किट हाउस पहुंचे, पुलिसकर्मियों ने उन्हें सलामी दी. एआईएमआईएम चीफ़ ने खड़े होकर सलामी ली. इसके बाद वे वहां से निकल गए.

    दरअसल, बताया जा रहा है कि सर्किट हाउस में सुप्रीम कोर्ट के एक जज को पहुंचना था. उनके लिए गार्ड ऑफ़ ऑनर की तैयारी थी, लेकिन उनसे पहले ओवैसी वहां पहुंच गए. पुलिसकर्मियों ने ग़लती से उन्हें ही सलामी दे दी.

    यूपी से संवाददाता प्रेरणा ने इस बात की पुष्टि की है कि इस मामले में सहारनपुर के एसपी मयंक पाठक ने जांच के आदेश दिए हैं.

    शनिवार को सर्किट हाउस में आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) प्रमुख चंद्रशेखर 11 बजे पहुंच गए थे. वो अंदर कमरे में बैठे हुए थे. क़रीब 20 मिनट बाद एआईएमआईएम चीफ़ ओवैसी पहुंचे.

    उनके साथ सुरक्षाकर्मियों को देखकर पुलिस के जवान भी ग़लतफ़हमी में आ गए और उन्हें गार्ड ऑफ़ ऑनर दे दिया.

    इसी के बाद ओवैसी और चंद्रशेखर की प्रेस कॉन्फ़्रेंस होनी थी, लेकिन उसे अचानक कैंसिल कर दिया गया. ओवैसी और चंद्रशेखर डीएम से मिलने कलेक्ट्रेट चले गए.

    सीपीआई(एम) सांसद जॉन ब्रिटास ने बीजेपी पर तंज करते हुए एक्स पर लिखा, "उत्तर प्रदेश में ओवैसी को गार्ड ऑफ़ ऑनर? बीजेपी सरकार का यह मास्टरस्ट्रोक है."

    "सालों तक ओवैसी ने विपक्ष के वोट बांटकर बीजेपी की मदद की है. इसके बदले में बीजेपी उन्हें इतना तो दे ही सकती थी."

  19. भारत ने पहली पारी में बनाए 720 रन, न्यूज़ीलैंड के 119 रन पर दो विकेट गिरे

    न्यूज़ीलैंड
    इमेज कैप्शन, भारत ने पहली पारी में 720 रन बनाकर पारी घोषित कर दी

    भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच का चौथा दिन खत्म हो गया है. न्यूज़ीलैंड ने दो विकेट के नुक़सान पर 119 रन बना लिए हैं.

    उसकी ओर से डेवॉन कॉनवे 59 रन और रचिन रविंद्र 27 रन बनाकर क्रीज़ पर हैं. वहीं, कप्तान टॉम लैथम और हेनरी निकोल्स आउट हो चुके हैं.

    इससे पहले भारत ने पहली पारी में 720 रन बनाकर पारी घोषित कर दी. भारत की ओर से केएल राहुल और ऋषभ पंत ने शतकीय पारियां खेलीं.

    फ़िलहाल भारत को न्यूज़ीलैंड पर 233 रन की बढ़त हासिल है.

    न्यूज़ीलैंड ने पहली पारी में 368 रन बनाए थे. उसकी ओर से हेनरी निकोल्स ने सबसे ज़्यादा 175 रन बनाए, जबकि ग्लेन फ़िलिप्स ने 118 रन की पारी खेली.

  20. जीवाश्म ईंधन को लेकर जलवायु सम्मेलन में वार्ता अटकी, अब आगे क्या होगा, एस्मे स्टैलर्ड, सीनियर जलवायु और विज्ञान संवाददाता, अंताल्या, तुर्की

    सीओपी31
    इमेज कैप्शन, वार्ता में बड़ा मुद्दा जीवाश्म ईंधन और जलवायु परिवर्तन के असर से निपटने के लिए आर्थिक मदद का है

    तुर्की में संयुक्त राष्ट्र के सीओपी31 (कॉन्फ़्रेंस ऑफ़ द पार्टीज़) जलवायु सम्मेलन में नए वैश्विक जलवायु समझौते पर देशों के बीच सहमति नहीं बन पाई है.

    बीबीसी न्यूज़ के मुताबिक़, बातचीत तय समय से ज़्यादा चलती रही, लेकिन कोई समझौता नहीं हो सका. इसके बाद वार्ता को रातभर के लिए रोक दिया गया.

    यूरोपीय संघ (ईयू) और प्रशांत द्वीपों के कई देश समझौते के नए मसौदे से सहमत नहीं हैं. इस मसौदे में दुनिया की जीवाश्म ईंधन पर निर्भरता कम करने की बात शामिल नहीं है.

    वार्ता में एक और बड़ा मुद्दा जलवायु परिवर्तन के असर से निपटने के लिए आर्थिक मदद का है.

    अफ़्रीकी देशों का समूह चाहता है कि इस काम के लिए ज़्यादा आर्थिक मदद देने का वादा किया जाए. लेकिन यूरोपीय संघ पहले ही कह चुका है कि वह इस मांग का समर्थन नहीं करेगा.

    रविवार सुबह अपने देश लौटने वाले कई वार्ता दलों ने अब अपनी उड़ानें सोमवार के लिए टाल दी हैं. इससे पता चलता है कि समझौते पर सहमति बनने में अभी और समय लग सकता है.

    संयुक्त राष्ट्र की जलवायु वार्ता में किसी भी समझौते के लिए सभी देशों की सहमति ज़रूरी होती है. अगर देश सहमत नहीं हो पाए तो वार्ता रोकनी पड़ सकती है.