अगर मैं नहीं बचा तो मेरे बच्चों को संदेश भेज देना...विदेशी मीडिया में स्मित मच्छर को लेकर कही जा रहीं कई बातें

स्मित मच्छर
इमेज कैप्शन, चार साल पहले फ्लाईदुबई से जुड़े स्मित मच्छर को सऊदी अरब के एक अस्पताल से यूएई शिफ़्ट किया गया है, उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है
प्रकाशित
पढ़ने का समय: 7 मिनट

इसराइल जा रहे फ्लाईदुबई के विमान को दुर्घटनाग्रस्त होने से बचाने के लिए भारतीय पायलट स्मित मच्छर की हीरो की तरह प्रशंसा हो रही है.

यूके की न्यूज़ एजेंसी रॉयटर्स ने अपनी रिपोर्ट में लिखा है कि एविएशन कभी स्मित के बचपन के सपनों का हिस्सा नहीं था.

रॉयटर्स ने लिखा है, ''मच्छर की नज़र परिवार के कपड़ा कारोबार को आगे बढ़ाने पर थी, लेकिन 19 साल की उम्र में एविएशन के प्रति उनका रुझान बढ़ गया, जिससे उनकी माँ डर गई थीं. अब हज़ारों घंटे उड़ान भरने के बाद भी एविएशन के प्रति मच्छर का प्यार कुछ ऐसा है, जिसे वह कॉकपिट तक ही सीमित रखते हैं और ज़मीन पर मौजूद लोगों से इसके बारे में बात करने से बचते हैं.''

बुधवार को उनके विमान का रुख़ तबुक की ओर मोड़ दिया गया था. इसराइली अधिकारियों के मुताबिक़, को-पायलट ने हवा में कथित तौर पर मच्छर पर हमला किया था और 174 लोगों को ले जा रहे विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने की कोशिश की थी.

रॉयटर्स ने लिखा है, ''इसराइली अधिकारियों के मुताबिक, मुंबई के रहने वाले मच्छर कॉकपिट के फर्श पर ख़ून से लथपथ थे, तभी उन्होंने कॉकपिट का दरवाज़ा खोलने के लिए रिलीज सिस्टम को सक्रिय करने में कामयाबी हासिल की. इसके बाद यात्रियों और क्रू ने को-पायलट को काबू में कर लिया, जबकि यात्री के तौर पर विमान में सफ़र कर रहे फ्लाईदुबई के दो पायलटों ने विमान को उतारने में मदद की.''

बोइंग 737 के अनुभवी कैप्टन मच्छर ने क़रीब 15 साल के करियर में लगभग 9,750 घंटे की उड़ान पूरी की है. हालांकि, एविएशन में उनका आना काफी देर से हुआ.

फ़्लाईदुबई
इमेज कैप्शन, फ़्लाईदुबई ने कहा है कि वह पूरे मामले की जांच कर रहा है

पायलट बनना बचपन का सपना नहीं

मच्छर ने 2025 में ज़लक मेहता के यूट्यूब चैनल पर दिए एक इंटरव्यू में कहा था, "इस समय के बहुत से दूसरे एविएटर्स के उलट, एविएशन मेरा बचपन का सपना नहीं था. यह मेरी ज़िंदगी में काफी बाद में आया."

स्कूल के बाद उन्होंने टेक्सटाइल इंजीनियरिंग के कोर्स में दाखिला लिया, क्योंकि उनका लक्ष्य परिवार के कारोबार को आगे बढ़ाना था. इसके बाद उन्होंने मुंबई के वेलिंगकर इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट से मैनेजमेंट की पढ़ाई की.

वहीं, करीब 19 साल की उम्र में एक एविएशन सेमिनार के दौरान उन्हें उड़ान की दुनिया के बारे में पता चला.

उन्होंने उस इंटरव्यू में कहा था, "यहीं पर एविएशन के प्रति मेरा जुनून वास्तव में पैदा हुआ. शुरुआत में मेरी माँ इस करियर को लेकर काफ़ी डरी हुई थीं.''

स्मित मच्छर न कहा था, "देरी मेरी समस्या नहीं है. जब तक आप विमान से सुरक्षित बाहर निकल रहे हैं, मेरे लिए यही मायने रखता है. जब मैं कॉकपिट या विमान से बाहर निकलता हूँ, तो मैं नहीं चाहता कि सामने वाले को पता चले कि मैं पायलट हूँ. मैं एविएशन के बारे में बात नहीं करना चाहता. जब मैं यूनिफॉर्म पहनता हूँ, तो फिर कोई बकवास नहीं, बस अपना काम करो और उसे पूरा करो. जब आप कॉकपिट से बाहर निकलते हैं, तो बात वहीं ख़त्म हो जाती है. उसके बारे में सोचना बंद कर दो. अब किसी और को आपकी ज़रूरत है. बच्चे वहाँ हैं. वे आपके साथ खेलना चाहते हैं."

सऊदी अरब
इमेज कैप्शन, 30 सितंबर 2026 को इसराइल के तेल अवीव में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाए जाने के बीच बेन गुरियन एयरपोर्ट पर यात्रियों का उनके परिजनों ने स्वागत किया. 174 यात्रियों को लेकर फ्लाईदुबई का एक विमान सऊदी अरब के तबुक स्थित प्रिंस सुल्तान बिन अब्दुलअज़ीज़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर आपातकालीन लैंडिंग करने के बाद एयरपोर्ट पहुंचा

स्मित मच्छर की न्यूज़ीलैंड में भी ख़ूब चर्चा

न्यूज़ीलैंड की न्यूज़ वेबसाइट आरएनज़ेड से मेनलैंड एयर के स्मित के पूर्व ट्रेनर फिलिप कीन ने कहा, ''मच्छर ने न्यूजीलैंड में 18 महीने तक ट्रेनिंग ली थी. मैं इस बात से ख़ुश हूँ कि मेरे पूर्व छात्र ने इस मुश्किल स्थिति को बेहतरीन तरीक़े से संभाला.

कीन ने आरएनज़ेड के कार्यक्रम 'चेकपॉइंट' से कहा, "मैं यह पढ़कर वास्तव में बहुत ख़ुश हुआ कि उसने इस स्थिति को जिस तरह संभाला, वह चाकू आपके शरीर में धंसा होने के बावजूद जितना बेहतर कर सकता था, उसने उतने अच्छे तरीक़े से इसे संभाला."

इससे पहले कीन ने 'न्यूजीलैंड हेरल्ड' से मच्छर को थोड़ा जोशीला और ऊर्जावान के साथ औसत से बेहतर पायलट बताया था. उन्होंने कहा, "यह बेहद भयावह है. सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि वह अब भी ज़िंदा है."

उन्होंने कहा, "वह काफी ऊंचाई से नीचे गिर रहा था. यह अच्छी बात है कि विमान बिखरा नहीं और उन पायलटों ने विमान को संभालने में शानदार काम किया."

स्मित मक्षर

कीन ने बताया कि वह स्मित से ईमेल के ज़रिए संपर्क में थे.

न्यूजीलैंड में इजराइल के राजदूत अलोन रोथ ने कहा कि यह किसी चमत्कार से कम नहीं है कि विमान सुरक्षित उतर पाया, खासकर यह देखते हुए कि विमान को कितना नुक़सान पहुँचा था.

रोथ ने कहा, "हमले करने वाले व्यक्ति को बाहर खींचने वाले इसराइली ने कॉकपिट के उपकरणों को संभाल लिया और विमान को क़रीब 20,000 फीट की ऊंचाई से एक मिनट में नीचे की ओर तेज़ी से गिरने से रोक दिया. इसलिए विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने में बस कुछ सेकंड का ही समय बचा था. मैं पायलट स्मित मच्छर के साहस की तारीफ़ करता हूँ, जिसने गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कॉकपिट का दरवाज़ा खोलने में कामयाबी हासिल की, ताकि विमान में मौजूद दूसरे लोग मदद कर सकें.''

इसराइल
इमेज कैप्शन, इसराइली यात्री असफ राजुआन, जो इससे पहले डायवर्ट की गई फ्लाईदुबई की एक उड़ान में सवार थे, 30 सितंबर 2026 को इसराइल के लोड स्थित बेन गुरियन एयरपोर्ट पर उतरने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए

स्मित से उड़ान के दौरान जब महिला ने कहा- कैप्टन लेबर पेन हो रहा है...

छोड़कर पॉडकास्ट आगे बढ़ें
दिनभर
Dinbhar: आवाज़ वही, अंदाज़ नया

देश - दुनिया की बड़ी ख़बरें जिन्होंने बटोरी सुर्खियां.

एपिसोड

समाप्त

फिलिप कीन ने अमेरिकी ब्रॉडकास्टर सीएनएन से कहा. "वह हमेशा एक ख़ुश मिज़ाज युवा व्यक्ति था और उसने काफ़ी मेहनत की.''

डनेडिन स्थित मेनलैंड एयर के सीईओ कीन ने कहा, "उसकी अपनी एक ख़ास मुस्कान थी. वह बहुत ख़ुश रहने वाला लड़का था."

बुधवार की घटना से पहले, 15 साल से ज़्यादा के अपने उड़ान करियर में उनके सामने आई सबसे असामान्य घटनाओं में से एक विमान में एक बच्चे का जन्म होना था.

मच्छर ने 'बोना-फाइड बैंटर' पॉडकास्ट में बताया था कि विमान में सवार एक महिला, जिसकी डिलीवरी की तारीख़ अभी नहीं आई थी, को लेबर पेन होने लगा.

उन्होंने कहा, "7-10 मिनट के भीतर वह कहने लगी, 'कैप्टन, अब बच्चे की डिलीवरी होने वाली है.'"

मच्छर ने बताया कि उन्होंने और फर्स्ट ऑफिसर ने सुरक्षित लैंडिंग के लिए सबसे नज़दीकी एयरफील्ड और वहां की परिस्थितियों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी. सभी एयरफील्ड के मौसम की स्थिति देखी और यह पता लगाया कि परिचालन के लिहाज से क्या संभव है. हमारे पास छह-सात मिनट थे. और अचानक अगले कुछ ही मिनटों में हमें कॉल आया, 'विमान में एक बच्चा है.'"

उन्होंने कहा कि "मां और बच्चा दोनों ठीक थे."

न्यूज़ीलैंड से फ्लाईदुबई की उड़ान में मच्छर की बहादुरी की ख़बर देखते हुए उनके पूर्व प्रशिक्षक कीन ने उस युवा व्यक्ति की जमकर तारीफ़ की, जिसे उन्होंने कभी ट्रेनिंग दी थी.

उन्होंने सीएनएन से कहा, "यह वाक़ई एक शानदार उपलब्धि थी. कुछ ही सेकंड में विमान में सवार सभी लोगों की जान जा सकती थी और क़िस्मत से वे दरवाज़ा खोलने में कामयाब रहे. क़िस्मत से वह ख़ुद को संभाले रख सके और सबकी जान बचा ली. अगर आधा मिनट और बीत जाता, तो सब कुछ ख़त्म हो चुका होता."

उन्होंने कहा, "मुझे उस पर बहुत गर्व है. मुझे बहुत गर्व है कि उसने उस स्थिति को संभाला. यह बहुत अच्छी बात है कि आख़िरकार सब कुछ ठीक रहा."

सीएनएन ने अपनी रिपोर्ट में लिखा है, '' 39 साल के स्मित मच्छर दो बच्चों के पिता हैं. इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. हमले के बाद विमान के अंदर का एक भयावह दृश्य सामने आया. कॉकपिट में चारों तरफ़ ख़ून बिखरा हुआ था और गंभीर रूप से घायल पायलट फर्श पर पड़े थे.''

इसराइल
इमेज कैप्शन, 30 सितंबर 2026 को इसराइल के तेल अवीव में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाए जाने के बीच बेन गुरियन एयरपोर्ट पर यात्रियों का उनके परिजनों ने स्वागत किया गया

उड़ान के दौरान जिस डॉक्टर ने स्मित का इलाज किया

उड़ान में यात्री के तौर पर सवार और मच्छर का इलाज करने में मदद करने वाले डेंटिस्ट शोता मुसाएव ने सीएनएन को बताया कि मच्छर के शरीर से बहुत ज़्यादा ख़ून निकल गया था और वह गंभीर रूप से घायल थे.

उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि अगर हमने कुछ और पल इंतज़ार किया होता, तो हम उन्हें खो देते. उनका ब्लड प्रेशर बहुत तेज़ी से गिर गया था, वह अचानक बेहोश हो गए और हर तरफ़ ख़ून था."

इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने सीएनएन से कहा कि उनकी बहादुरी ने "9/11 जैसी त्रासदी को रोकने में मदद की."

गुरुवार को इसराइली आर्मी रेडियो से बात करते हुए शोता मुसाएव ने कहा, "कॉकपिट पूरी तरह ख़ून से भर गया था. मच्छर की गर्दन और हाथों पर गंभीर चोटें आई थीं. चाकू से किए गए हमले के कारण कैप्टन का बायां हाथ लगभग आधा कट गया था. जब मच्छर की नब्ज़ कमज़ोर होने लगी और वह बेहोश होने लगे, हमने रिज़र्व पायलटों को जल्द से जल्द विमान उतारने के लिए कहा. तब तक इन पायलटों ने विमान का नियंत्रण संभाल लिया था. विमान उत्तर-पश्चिमी सऊदी अरब के शहर तबुक में उतरा.''

उन्होंने कहा, "मुझे नहीं लगता कि वह इसराइल तक का पूरा सफ़र कर पाते. वह जीना चाहते थे, वह मरना नहीं चाहते थे. कैप्टन ने मुझसे कहा कि अगर मैं नहीं बच पाया, तो मेरे बच्चों को एक संदेश भेज दें. मैंने उनसे कहा, 'भगवान आपके साथ हैं, प्रार्थना कीजिए. सब ठीक हो जाएगा. हम आपके साथ हैं.'"

ब्रिटिश अख़बार फ़ाइनैंशियल टाइम्स ने अपनी रिपोर्ट में लिखा है, ''एक इसराइली अधिकारी के मुताबिक, हमलावर को-पायलट ओमान का नागरिक है. नेतन्याहू ने कहा कि सऊदी अधिकारी उससे पूछताछ करेंगे.''

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ओवल ऑफिस में पत्रकारों से कहा, "ऐसा लगता है कि को-पायलट शायद आतंकवादी था या शायद कोई सनकी व्यक्ति था और उसने पायलट पर हमला किया."

ओमानी अधिकारियों ने इस घटना पर कोई टिप्पणी नहीं की है और को-पायलट के हमले के पीछे की वजह तत्काल स्पष्ट नहीं हो सकी है.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.