You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
'इनको हम पागल कर देंगे': राहुल गांधी का मोदी सरकार और आरएसएस पर तीखा हमला
कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को आरएसएस पर निशाना साधते हुए कहा कि पूंजीपतियों ने आरएसएस का इस्तेमाल किया है.
उन्होंने कहा कि आरएसएस के लोगों को भारत की कोई समझ नहीं है और उनके सामने डरने की कोई वजह नहीं है. कांग्रेस नेता गुरुवार को नई दिल्ली के मावलंकर हॉल में रचनात्मक कांग्रेस कन्वेंशन के दौरान बोल रहे थे.
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और आरएसएस के बारे में कई बयान दिए. राहुल गांधी ने 20 दिन तक केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संसद में न हाज़िर होने पर भी सवाल उठाए.
बीजेपी सांसद बांसुरी स्वराज ने राहुल गांधी के बयानों को 'गरिमाहीन, संस्कारहीन, अश्लील और अभद्र' बताया है.
दरअसल, गुरुवार को ही संसद के मानसून सत्र का आख़िरी दिन था. ससंद के इस सत्र में अधिकांश समय सदन का कामकाज नहीं चल पाया.
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आरएसएस और बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि भारत को आज की उसकी अभिव्यक्ति के ज़रिए समझना होगा.
उन्होंने कहा कि आरएसएस के लोगों को भारत की कोई समझ नहीं है और उनके सामने डरने की कोई वजह नहीं है.
राहुल गांधी ने कहा, "इनको हम पागल कर देंगे... मैं आपको बता रहा हूं कि नरेंद्र मोदी रात नहीं सोते हैं. उसके अलग-अलग कारण हैं. अमित शाह कहां गायब हो गए हैं. वे भाग गए हैं. बीस दिन वे संसद भवन में नहीं घुस पाए. क्यों? क्योंकि पहली बार उन्हें भारत की बात सुननी पड़ रही है."
राहुल गांधी का आरएसएस पर तीखा हमला
राहुल गांधी ने आरएसएस के बारे में दावा किया कि 'अब यह संगठन पहले जैसा नहीं रहा.
उन्होंने कहा, "आरएसएस का इस्तेमाल बड़े पूंजीपतियों ने अपने हितों के लिए किया है और उस पर कब्ज़ा कर लिया है. आरएसएस बहुत पहले ही अपने मूल रूप में ख़त्म हो चुका है. आरएसएस क्या था? वह छोटे भारतीय कारोबारी- सुनार, जौहरी और छोटे व्यापारियों की अभिव्यक्ति था. वही आरएसएस था."
"वह अब ख़त्म हो गया है. अब वह नहीं रहा. और वे लोग अपनी लाठियां लेकर खड़े रहते हैं और खुद को हास्यास्पद बना रहे हैं. एक मूल ताक़त के रूप में आरएसएस मर चुका है. अब आरएसएस बड़े पूंजीपतियों का हथियार भर बन कर रह गया है."
उन्होंने कहा, "वे मिस्टर अदानी के नौकर हैं. जैसे कि मिस्टर मोदी, मिस्टर अदानी के नौकर हैं.
राहुल गांधी ने कहा, "आरएसएस ने डिमोनिटाइजेशन किया. जीएसटी कर दी और अपने ही लोगों को धोखा दे दिया. ख़त्म कर दिया."
राहुल गांधी ने कहा कि अगर कोई ब्रिटिश साम्राज्य से लड़ रहा हो और उसे डर लगे तो यह समझ में आता है.
उन्होंने आगे कहा, "लेकिन आप मसखरों के समूह से लड़ रहे हैं. आपको डर कैसे लग सकता है? आप सचमुच मसखरों से लड़ रहे हैं. जिन्हें हमारे दर्शन और इतिहास के बारे में कोई जानकारी नहीं है."
आरएसएस के बारे में उन्होंने कहा, "मैं आरएसएस में अपने दोस्तों के बारे में यह कह सकता हूं. दरअसल, ज़्यादातर लोगों के लिए यह स्पष्ट है कि इन लोगों को भारत की कोई समझ नहीं है."
राहुल गांधी ने कहा कि भारत को समझने के लिए केवल उसके अतीत को समझना पर्याप्त नहीं है, "आपको भारत को आज, अभी समझना होगा, है न? और आज इसे समझने का एकमात्र तरीक़ा यह है कि आप उसकी अभिव्यक्ति को समझें."
थैंक्यू, टाटा, गुडबाय
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र और अमित शाह को लेकर कहा कि 'वे अब चैन से सो नहीं पाएंगे.'
राहुल गांधी ने कहा, "कांग्रेस पार्टी और पूरा विपक्ष अब खुलकर अपनी बात रख रहा है. अब इसे रोका नहीं जा सकता. यह 'थैंक यू, टाटा, गुडबाय' वाला मामला है."
उन्होंने कहा, "मेरी बात याद रखिए, जिस दिन तक नरेंद्र मोदी इस्तीफ़ा नहीं देते और अमित शाह पद नहीं छोड़ देते, तब तक वे दोनों चैन से नहीं सो पाएंगे. हम उन्हें सोने नहीं देंगे, पूरी रात जगाए रखेंगे, जब तक कि वे आख़िरकार टूटकर यह न कह दें कि 'यह हमारे बस की बात नहीं है, हमें माफ़ कर दीजिए, हमें जाने दीजिए."
उन्होंने आगे कहा, "और हम यह लड़ाई अपने देश की संस्कृति और मूल भावना के लिए लड़ रहे हैं. बिना नफ़रत के, बिना हिंसा के. हमारा देश नफ़रत का नहीं, बल्कि अपनापन, प्यार, भाईचारे और अहिंसा का देश है. हम यह बात सबको साबित करके दिखाएंगे."
कहा, "मैं आपको बता रहा हूं कि नरेंद्र मोदी रात में नहीं सोते हैं. उसके अलग-अलग कारण हैं. अमित शाह कहां ग़ायब हो गए हैं. वे भाग गए हैं. 20 दिन वे संसद भवन में नहीं घुस पाए. क्यों? क्योंकि पहली बार उन्हें भारत की बात सुननी पड़ रही है."
राहुल गांधी ने दावा किया कि उन्हें आजकल मोदी के दफ़्तर के अंदर से जानकारी मिलती है. उन्होंने कहा कि 'अंदर पूरा विद्रोह' चल रहा है.
विदेश नीति पर क्या बोले
मोदी सरकार की विदेश नीति पर बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा, "पता नहीं कहां से इनके दिमाग में घुस गया कि फ़ोरेन पॉलिसी ये होती है..."
इसके बाद राहुल गांधी कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित के पास गए और उन्हें गले लगा लिया.
फिर राहुल गांधी बोल, "पता नहीं किसने इनके दिमाग में डाला, कहाँ से घुसा..."
उन्होंने दावा किया कि 'चीन ने अरुणाचल में हमें पेट्रोलिंग करने से मना कर दिया. चीन ने कहा कि आपकी ज़मीन है मगर आप यहां पेट्रोलिंग नहीं कर सकते.'
उन्होंने आरोप लगाया, "सारे मीडिया के संपादकों को कॉल कर के कहा जा रहा है कि यह बात आप अपने अख़बारों में मत डालो. छुपाओ."
उन्होंने कहा, "मैंने अपनी आंखों से देखा कि गलवान के बाद प्रधानमंत्री आए. एक ज़ूम कॉल थी. प्रधानमंत्री कहते हैं कि हिंदुस्तान की जमीन का एक इंच चीन ने नहीं लिया. उसके बाद सेना कहती है कि हिंदुस्तान की ज़मीन तो ले गए. आप सोचिए चीन को संदेश दिया गया. चीन के वार्ताकारों ने हमारे वार्ताकारों से कहा कि आप क्या कह रहे हैं? आपके प्रधानमंत्री ने बोला कि हमारी आपकी ज़मीन नहीं गई."
राहुल गांधी ने आरोप लगाया, "इन्होंने अंदर से देश को ख़त्म कर दिया है. विदेश नीति उड़ा दी है. अपना जो राजनीतिक ढांचा है उसको फ़ाइनेंस करने के लिए, अदानी जी का पैसा लेने के लिए यह उन्होंने किया है."
राहुल गांधी ने कहा, "अगर अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध छिड़ गया है, तो ऐसे समय में अगर इंदिरा गांधी जी जैसा नेतृत्व होता, तो हमारे पास सबसे बड़ा अवसर होता. क्योंकि ईरान हमारा पुराना दोस्त है, अमेरिका और रूस भी हमारे दोस्त हैं, इसलिए हम उनके बीच दोस्ती कराने और मध्यस्थता करने की भूमिका निभा सकते थे. लेकिन पाकिस्तान आगे बढ़कर हमारी जगह ले गया और नरेंद्र मोदी बस खड़े होकर देखते रहे."
राहुल गांधी के भाषण के बाद कांग्रेस ने अपने एक्स हैंडल से एक बयान जारी कर अरुणाचल प्रदेश के ताकसिंग में कथित तौर पर पेट्रोलिंग करने से चीन द्वारा मना किए जाने पर चिंता ज़ाहिर की है.
वास्तविक नियंत्रण रेखा पर घुसपैठ के मुद्दे पर कांग्रेस के विदेश मामलों के विभाग के अध्यक्ष सलमान खुर्शीद ने बयान जारी किया.
इसमें कहा गया है, "वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) के पास अरुणाचल प्रदेश के ताकसिंग में ऐतिहासिक रूप से भारत के पेट्रोलिंग पॉइंट्स तक भारत की पहुंच चीन द्वारा रोके जाने की ख़बरों से हम बेहद चिंतित हैं. भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस मांग करती है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन चिंताजनक घटनाक्रमों पर तुरंत देश को संबोधित करें."
बीजेपी सांसद बांसुरी स्वराज ने क्या कहा
बीजेपी सांसद बांसुरी ने पीएम राहुल गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया दी.
उन्होंने कहा, "आज जिस प्रकार का गरिमाहीन संस्कारहीन अश्लील और अभद्र राहुल गांधी ने माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर दिए, उससे वो नेता प्रतिपक्ष नहीं एक कॉमेडियन लग रहे थे. इस देश को सकारात्मक विपक्ष की ज़रूरत है लोकतंत्र में नेता प्रतिपक्ष की एक अहम भूमिका होती है."
"रही बात सरकार कूटनीति कि तो नरेंद्र मोदी वो यशस्वी नेता हैं जिन्होंने एक नहीं बल्कि नौ एफ़टीए साइन करके भारत के आर्थिक भविष्य को सुरक्षित किया है."
"आज हर भारतीय को ये आश्वासन है कि यदि युद्ध हो रहा है तो मोदी सरकार ऑपरेशन राहत और ऑपरेशन संकट मोचन जैसे रेस्क्यू ऑपरेशन कर उन्हें सुरक्षित भारत लाएगी."
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.