You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
इसराइल ने कहा, 'प्लेन क्रैश होने से बचाने वाले हीरोज़ को सैल्यूट'
दुबई से इसराइल जा रहे एक विमान को 'क्रैश होने से बचाने के लिए' इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने फ़्लाईदुूबई के इस विमान के क्रू मेंबर्स और यात्रियों की तारीफ़ की.
ये विमान दो मिनट में 17,000 फ़ीट तक नीचे आ गया. इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू के मुताबिक़ एक पायलट ने दूसरे पायलट पर चाकू से हमला किया और विमान को क्रैश कराने की कोशिश की.
बिन्यामिन नेतन्याहू ने कहा कि उन्होंने दुबई से तेल अवीव जा रही फ़्लाईदुबई की इस फ़्लाइट में सवार एक इसराइली यात्री से बात की. यात्री ने उन्हें बताया कि विमान "अचानक तेज़ी से घूमने लगा और नीचे जाने लगा."
यात्री ने बताया कि "किसी तरह वह एक क्रू मेंबर के साथ कॉकपिट में पहुंच गया. दोनों ने मिलकर चाकू से हमला करने वाले पायलट को काबू में कर लिया. उस वक्त वह विमान के सिस्टम के साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश कर रहा था."
एयरलाइन ने क्या कहा?
नेतन्याहू के मुताबिक़, एक और क्रू मेंबर "कॉकपिट में पहुंचा और विमान को संभाल लिया." उन्होंने उन "हीरोज़" की तारीफ़ की, जिन्होंने "कई लोगों की जान बचाई और एक बड़े हादसे को टाल दिया."
फ़्लाईदुबई ने एक बयान में कहा कि फ़्लाइट में मौजूद ड्यूटी पर तैनात क्रू मेंबर्स ने विमान को "सुरक्षित कर लिया." इसके बाद उन्होंने विमान का रास्ता बदला और उसे सऊदी अरब के ताबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा.
एयरलाइन के मुताबिक़, हमले के पीछे की वजह अभी पता नहीं चली है. इसकी जांच की जा रही है.
नेतन्याहू के मुताबिक़, चाकू से हमला करने वाले पायलट को गिरफ़्तार कर लिया गया है और सऊदी अरब के अधिकारी उससे पूछताछ कर रहे हैं.
इस घटना को लेकर यात्रियों के कई चौंकाने वाले बयान सामने आए हैं. एक यात्री ने बताया कि उसने विमान में "बहुत भयानक चीखें" सुनीं. इसके बाद "तीन से पांच लोग कॉकपिट में घुसे" और हमलावर को काबू में कर लिया.
'बहादुर यात्रियों का शुक्रिया'
दक्षिणपंथी माने जाने वाले इसराइल के राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री इतामार बेन-ग्वीर ने इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है.
हालांकि, ऐसा प्रतीत हो रहा है कि ये उनका निजी बयान था और वो इसराइली सरकार की ओर से नहीं बोल रहे थे.
बेन-ग्वीर ने कहा कि एक "आतंकवादी ने विमान को क्रैश करने और उसमें सवार लोगों की हत्या करने की योजना बनाई थी."
उन्होंने "बहादुर यात्रियों" का शुक्रिया अदा किया. उन्होंने कहा कि इसराइल की "सुरक्षा नीति" को और मज़बूत करना होगा. उन्होंने यह भी कहा कि कई मोर्चों पर "पूरी जीत" हासिल होने तक देश को रुकना नहीं चाहिए.
इसराइली सरकार की ओर से अभी ज़्यादा कुछ नहीं कहा गया है. सरकार ने शुरुआत में सिर्फ़ इतना कहा था कि स्थिति काबू में है और यात्रियों को घर लाने की कोशिश की जा रही है.
इसराइल की वामपंथी डेमोक्रेट्स पार्टी के नेता याइर गोलान ने विमान में सवार "बहादुर" यात्रियों की तारीफ़ की.
साथ ही उन्होंने सरकार पर इस घटना का इस्तेमाल "सस्ती राजनीतिक प्रचार हासिल करने" के लिए करने का आरोप लगाया.
संयुक्त राष्ट्र में इसराइल के राजदूत ने कहा है कि तेल अवीव जा रही फ़्लाईदुबई की उस फ़्लाइट में मौजूद एक "बहादुर" पायलट ने यात्रियों की सुरक्षा के लिए "शेर की तरह लड़ाई लड़ी."
डैनी डैनोन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "आज दुबई से आ रही फ़्लाइट में सवार इसराइली यात्रियों ने गज़ब के हौसले और सूझबूझ का परिचय दिया. उन्होंने एक बड़े हादसे को टालने में मदद की."
उन्होंने आगे लिखा, "उस बहादुर अमीराती पायलट का शुक्रिया, जिसने शेर की तरह लड़ाई लड़ी और यात्रियों की जान बचाई."
उन्होंने कहा, "मैं उनके जल्द ठीक होने की कामना करता हूं और सभी यात्रियों के सुरक्षित घर लौटने की उम्मीद करता हूं."
क्या हुआ था?
दुबई से इसराइल जा रही एक फ्लाइट पायलटों के बीच कथित तौर पर झगड़ा होने के बाद सऊदी अरब में उतरी.
फ्लाई दुबई की यह फ्लाइट बुधवार सुबह रवाना हुई थी. फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटरडार24 के मुताबिक़, उड़ान भरने के करीब दो घंटे बाद विमान ने इमरजेंसी कोड जारी किया.
कुछ मिनट बाद विमान ने इसे बदलकर हाइजैकिंग का कोड कर दिया. हालांकि, बाद में इसे फिर सामान्य इमरजेंसी सिग्नल में बदल दिया गया.
फ्लाइट FZ1073 ने संयुक्त अरब अमीरात के दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी. इसमें क़रीब 150 से 180 लोग सवार थे, जिनमें ज़्यादातर इसराइली नागरिक थे.
फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटरडार24 के मुताबिक़, उड़ान भरने के करीब दो घंटे बाद विमान ने पहले स्क्वॉक कोड 7700 भेजा. यह सामान्य आपात स्थिति का संकेत होता है.
कुछ मिनट बाद विमान ने कोड 7500 भेजा, जो विमान के साथ अवैध हस्तक्षेप या हाइजैकिंग का संकेत देता है. बाद में विमान ने फिर से 7700 कोड भेजा.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.