पंजाब के पूर्व उप मुख्यमंत्री और अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल पर महाराष्ट्र में हमला

प्रकाशित
पढ़ने का समय: 5 मिनट

शिरोमणि अकाली दल (बादल) के अध्यक्ष और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर महाराष्ट्र के नांदेड़ में हमला हुआ है.

समाचार एजेंसी एएनआई ने नांदेड़ पुलिस के हवाले से बताया है कि हमला नांदेड़ के एक गुरुद्वारे में हुआ.

बीबीसी पंजाबी के अनुसार, पंजाब से नांदेड़ पहुंचने के बाद शिरोमणि अकाली दल के नेता सुखबीर सिंह बादल पर माता साहिब कौर गुरुद्वारा के पास हमला किया गया.

पीटीआई और एएनआई के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुखबीर सिंह बादल की पत्नी हरसिमरत कौर बादल से फोन पर बात की और उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली.

यह घटना सुबह करीब 11 बजे घटी, जिसके बाद सुखबीर बादल को अस्पताल में भर्ती कराया गया. उनकी सुरक्षा में तैनात इंस्पेक्टर संतोष केंद्रे भी हमले में घायल हो गए.

बीबीसी मराठी के मुताबिक महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नांदेड़ के पुलिस अधीक्षक से घटना के संबंध में जानकारी मांगी है. आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया है और मुख्यमंत्री ने हमले के पीछे के मकसद की जांच के आदेश दिए हैं.

नांदेड़ के ज़िला कलेक्टर डॉ. राहुल कार्डेले ने पत्रकारों को बताया, "उन्हें मामूली चोट आई है. स्पेशल प्रोटेक्शन यूनिट के एक पीएसआई को भी हल्की चोट लगी है. दोनों की हालत फ़िलहाल स्थिर है और वे ख़तरे से बाहर हैं... दोनों के हाथ पर चोट लगी है."

"मेरा मानना है कि बादल के दाहिने हाथ के अगले हिस्से पर करीब चार से पांच सेंटीमीटर का घाव है और डॉक्टर उनका इलाज कर रहे हैं. यह निजी दौरा था. कलेक्टर कार्यालय को इसकी कोई आधिकारिक सूचना नहीं दी गई थी, लेकिन उन्हें जेड प्लस सुरक्षा प्राप्त होने के कारण पूरी पुलिस सुरक्षा उपलब्ध थी."

पुलिस ने हमले के एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है और आगे की जांच जारी है.

बीबीसी संवाददाता सरबजीत सिंह धालीवाल के अनुसार, सुखबीर सिंह बादल को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है,

दरअसल, सुखबीर सिंह बादल अपने परिवार के साथ नांदेड़ स्थित तख्त श्री हज़ूर साहिब में मत्था टेकने गए थे.

नांदेड़ में सिख धर्म के पांच तख़्तों में से एक तख़्त स्थित है. यहीं पर 10वें गुरु गोविंद सिंह ने अपने जीवन के अंतिम दिन बिताए थे.

समाचार एजेंसी पीटीआई ने भी एक वीडियो जारी किया है जिसमें सुखबीर सिंह बादल को एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया जा रहा है.

इस वीडियो में सुखबीर सिंह बादल एंबुलेंस से उतरकर पैदल चलते हुए अस्पताल में दाख़िल होते हुए देखे जा सकते हैं.

उनके दाहिने हाथ पर लाल कपड़ा बंधा हुआ है.

अकाली दल ने हमले को 'नापाक साज़िश' बताया

शिरोमणि अकाली दल के प्रवक्ता अर्शदीप सिंह क्लेर ने घटना पर प्रतिक्रिया दी है.

उन्होंने कहा, "शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सरदार सुखबीर सिंह बादल साहब तख़्त श्री हजूर साहिब में मत्था टेकने पहुंचे थे. मत्था टेकने के बाद जब वे वहां से निकल रहे थे, तभी निहंगी वेश में एक व्यक्ति ने सरदार सुखबीर सिंह बादल साहब पर हमला करने की कोशिश की. उनकी सुरक्षा में तैनात कर्मियों ने उस व्यक्ति को रोक दिया."

"लेकिन इस हमले के दौरान उनके हाथ में मामूली चोट आई है. उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है. लेकिन मैं आपको बताना चाहता हूं कि वे पूरी तरह स्वस्थ हैं. इसलिए, इस हमले को लेकर फैलाई जा रही अफ़वाहों के बारे में मैं स्पष्ट रूप से कहना चाहता हूं कि वे पूरी तरह स्वस्थ हैं."

"चूंकि यह मामला पंजाब से बाहर का है, महाराष्ट्र का है इसलिए महाराष्ट्र पुलिस इस बात की जांच करेगी कि वह व्यक्ति कौन है, उसने किसके आदेश पर और किस साज़िश के तहत यह हमला किया."

"महाराष्ट्र पुलिस जब भी इस बारे में कोई जानकारी देगी, मैं निश्चित रूप से आप सभी के साथ साझा करूंगा."

उन्होंने कहा, "लेकिन पंथिक नेताओं को लगातार निशाना बनाया जा रहा है. ये नापाक साज़िशें कुछ पंथ-विरोधी ताक़तों द्वारा रची जा रही हैं. इससे पहले भी, जब सरदार सुखबीर सिंह बादल अकाल तख़्त साहिब के आदेश पर दरबार साहिब में सेवा कर रहे थे, तब भी उन पर हमला हुआ था."

शिरोमणि अकाली दल के नेता दलजीत सिंह चीमा ने कहा, "यह विशेष रूप से दुखद है कि इतने कम समय में उन पर यह दूसरा जानलेवा हमला हुआ है. यह ख़ुफ़िया तंत्र और सुरक्षा व्यवस्था की बहुत बड़ी विफलता है."

"अगर अमृतसर में हुए हमले की उस समय सही तरीक़े से जांच की गई होती, तो शायद यह दूसरा हमला नहीं होता. लेकिन पंजाब सरकार ने उस मामले का राजनीतिकरण किया. इसका परिणाम यह हुआ कि अब उन पर एक और बड़ा हमला हुआ है.. जब भी अकाली दल को गति मिलने लगती है, ऐसे जानलेवा हमले शुरू हो जाते हैं."

बीजेपी एमपी तरुण चुघ ने इस हमले की निंदा करते हुए कहा, "सुखबीर सिंह बादल पर हमला बेहद निंदनीय है. किसी धार्मिक स्थल के बाहर इस तरह की हिंसक घटना होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है."

पहले भी हुए हमले

सुखबीर बादल पर इससे पहले भी कई हमले हुए हैं.

दिसंबर 2024 में सुखबीर सिंह बादल पर स्वर्ण मंदिर के प्रवेश द्वार पर गोली चलाई गई. इस हमले में वो बाल बाल बच गए थे.

उस समय पंजाब के मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया था कि पुलिस ने हमले को नाकाम करते हुए हमलावर नारायण सिंह चौड़ा को गिरफ़्तार कर लिया. चौड़ा कुछ करते, उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया.

दरअसल ये हमला तब हुआ जब सुखबीर बादल पैर में चोट लगने के कारण व्हीलचेयर पर बैठकर दरबार साहिब के बाहर सेवा कर रहे थे.

पुलिस कमिश्नर ने बताया था कि नारायण सिंह चौड़ा खालिस्तान आंदोलन के दौरान सक्रिय थे.

इससे तीन साल पहले, दो फ़रवरी 2021 को अज्ञात लोगों ने जलालाबाद में सुखबीर बादल की गाड़ी पर पथराव और फ़ायरिंग की थी.

ज़ेड सिक्योरिटी वाली गाड़ी पर कई राउंड गोली भी चलाई गई. फ़ायरिंग में अकाली दल के दो कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गए थे.

नांदेड़ में होला मोहल्ला के दौरान हुआ था विवाद

नांदेड़ में 30 मार्च 2021 को सिख समुदाय और पुलिस के बीच झड़प हो गई थी.

सिख समुदाय के लोग 'होला मोहल्ला' कार्यक्रम के तहत 'हल्ला बोल' यात्रा निकाल रहे थे.

लेकिन उस साल प्रशासन ने कोरोना को देखते हुए इस यात्रा की मंज़ूरी नहीं दी.

ऐसे में गुरुद्वारा प्रशासन और स्थानीय प्रशासन ने गुरुद्वारा परिसर में ही यात्रा निकालने पर सहमति जताई.

लेकिन इस दौरान एक सिख समूह यात्रा को उसके पारंपरिक रूट से ही ले जाना चाहता था.

इस समूह के लोग जबरन गुरुद्वारा हज़ूर साहिब से बाहर आ गए.

इसके बाद इन लोगों की पुलिस के साथ झड़प हो गई. इसके बाद पुलिस ने 14 लोगों को हिरासत मेंलिया था.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.